टाइम्स ऑफ इंडिया की फोटो और साथ की खबरें
संजय कुमार सिंह
दीवाली की छुट्टी के बाद दिल्ली के अखबार आज आए हैं। कल मैंने अपने अखबारों के मुंबई संस्करण का हाल लिखा था और उसमें दिमागी नक्सल छाया था। दिल्ली में आज भी प्रदूषण की खबर ज्यादा है, ‘दिमागी नक्सल’ सिर्फ दि एशियन एज में लीड है। द हिन्दू की लीड शेख हसीना के नए पासपोर्ट और बांग्लादेश प्रत्यर्पण पर ढाका की दृढ़ता से जुड़ी खबर है। एक दिन बाद भी प्रदूषण की खबर को इतना महत्व मिलने से यह समझना मुश्किल है कि हेडलाइन मैनेजमेंट का क्या हाल है। सामान्य तौर पर दिमागी नक्सल वाली ‘खबर’ हेडलाइन मैनेजमेंट के लिए ही होनी चाहिए। हालांकि, दीवाली के दिन राजनीति की खबर सोशल मीडिया में ही इतनी वायरल हुई कि कल के अखबारों में प्रतिक्रिया के साथ छपी थी। आज लीड नहीं बनने का कारण ‘दिमागी नक्सल’ पर प्रतिकूल प्रतिक्रिया के बाद खबर को दबा देने का निर्णय भी हो सकता है। जो भी हो, दीवाली पर दिल्ली में प्रदूषण का मामला अगले दिन अखबार नहीं छपने पर भी नहीं दबा। दिल्ली में प्रदूषण की एक से एक तस्वीरें आज छपी हैं।
द हिन्दू में आज गोकुल डेयरी बोर्ड में सरकारी नामांकन के विरोध और आज अध्यक्ष चुनाव की खबर है जो दूसरे अखबारों में पहले पन्ने पर नहीं है। खबरों की हालत यह है कि प्रदूषण मापने के यंत्र तीन अंकों वाले हैं और एक्यूआई 999 के बाद प्रदूषण जितना हो, मशीन गलत आंकड़ा देगी। दीवाली के दिन एक्यूआई 2000 से पार चले जाने की खबर है। दूसरी ओर मोनटरिंग स्टेशन के पास पानी का छिड़काव ज्यादा करके पठन कम रखने की कोशिश की भी खबरें रही हैं। ऐसे में टाइम्स ऑफ इंडिया ने आज बताया है कि कई निगरानी केंद्रों से एक्यूआई डेटा कई घंटे नहीं मिला। आठ नवंबर यानी दीवाली के दिन शाम 4 बजे यह 376 था 2021 के बाद सबसे खराब। अखबार ने लिखा है कि कई निगरानी स्टेशन महत्वपूर्ण एक्यूआई डेटा देने में नाकाम रहे। शुरू में 35 एयर क्वालिटी मोनिटरिंग स्टेशन से हर घंटे आने वाले डेटा नहीं मिले। हालांकि, बाद में इसे कुछ केंद्रों के लिए अद्यतन किया गया।
द हिन्दू आज खबर के लिहाज से अपवाद है लेकिन हिन्दुस्तान टाइम्स में कनाट प्लेस की इतवार की फोटो है जबकि द हिन्दू में सोमवार सुबह की राष्ट्रपति भवन के पास की फोटो है। टाइम्स ऑफ इंडिया की लीड तो प्रदूषण पर है ही, फोटो भी रिंग रोड की है, सोमवार की। यही नहीं, फोटो के साथ खबर है – स्मॉग वाली फोटो पोस्ट करने पर एक्स ने टाइम्स ऑफ इंडिया के फोटो पत्रकार का अकाउंट बद किया। मेरा सवाल है कि अमेरिकी कंपनी की इस कार्रवाई का फायदा किसे है? जाहिर है, सरकार को और सरकार दावा करती है कि विपक्ष को विदेशी सहायता मिल रही है और राहुल गांधी ने आरोप लगाया है कि नरेन्द्र मोदी को विदेशी सहायता मिलती है। उन्होंने बात करने की चुनौती के साथ इस आरोप के लिए अवमानना का मामला दायर करने की भी चुनौती दी है। सरकार की ओर से अभी तक किसी अधिकृत कार्रवाई की कोई खबर नहीं है। आज दि इंडियन एक्सप्रेस में भी सुबह की धुंध और धुंए की फोटो है।
दिल्ली का दीवाली पर गैस चैम्बर बन जाना प्रदूषण और जलवायु से जुड़ा मामला है। पुराना है और प्रदूषण से निपटने के लिए सरकार कारों पर नियंत्रण बढ़ा रही है। इससे संबंधित और लागू किए गए नियमों से दिल्ली में कार पर चलना महंगा और मुश्किल हो गया है। एनसीआर में पंजीकृत तमाम गाड़ियां जो अभी 10 या 15 साल की पंजीयन अवधि में हैं, दिल्ली में नहीं चलाई जा सकती हैं जबकि बहुत सारे लोगों ने ये गाड़ियां इसी काम के लिए खरीदी थीं। ऐसे में सरकार की पर्यावरण की चिन्ता आपको दिखती होगी लेकिन देशबन्धु की एक खबर के अनुसार, जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने आरोप लगाया है कि लद्दाख पुलिस स्टेट बन रहा है। देशबन्धु की आज की लीड का फ्लैग शीर्षक है – राहुल गांधी ने फिर दी पीएम मोदी को बहस की चुनौती। मुख्य शीर्षक है, पीएम ने हमें नक्सली कहा, बहस करें। अखबार ने इसके साथ बताया है कि पीएम मोदी ने कहा था, दिमागी नक्सलियों से लड़ना है।
द टेलीग्राफ में भी दिल्ली का प्रदूषण पहले पन्ने पर है और दो तस्वीरों से इसे अच्छी तरह स्पष्ट किया गया है। दि एशियन एज में प्रदूषण की खबर का शीर्षक है, दीवाली के प्रतिबंध धुआँ होने से दिल्ली वाले सांस के लिए हांफते रहे। अमर उजाला की लीड दिल्ली में दीवाली पर प्रदूषण पांच साल में सबसे ज्यादा, पंजाब-हरियाणा भी बेहाल। खबर के साथ पानी का छिड़काव करते वाहन की फोटो सिर्फ अमर उजाला में है। दैनिक भास्कर की लीड का शीर्षक है, पटाखों से प्रदूषण; टॉप-11 शहरों में सात हरियाणा के, दिल्ली 12वें नंबर पर। देशबन्धु में उत्तर प्रदेश के एसआईआर पर एक खबर है। इसके अनुसार, योगी के बयान को विपक्ष ने लपका। मुख्य शीर्षक है – केजरीवाल बोले : महाराज मैंने तो पहले ही आपको चेतावनी दी थी। नवोदय टाइम्स की लीड प्रदूषण पर अकु श्रीवास्तव की विशेष टिप्पणी है। सेकेंड लीड दिल्ली सरकार की खबर है, सरकारी सेवाओं में देरी पर लगेगा अर्थ दंड। इसके ऊपर, लीड के बराबर में चार कॉलम की फोटो का कैप्शन है, बस्तर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने करनपुर में सीआरपीएफ के शिविर में सुरक्षाकर्मियों के साथ दीवाली मनाई। इस फोटो में कोई दीया-बत्ती नहीं है, सफेद दाढ़ी में प्रधानमंत्री फौजी के आधे कपड़ों में हैं।

मैं रोज चार हिन्दी और छह अंग्रेजी, कुल दस, कई बार इससे भी ज्यादा अख़बार देखकर उसकी खास बातें लिखता हूँ। अंग्रेजी की खबरों के खास अंशों का अनुवाद करता हूं। वह भी लिखता हूं जो अखबार नहीं लिखते या नहीं लिख सकते हैं। जो लिखता हूं उसमें बहुत कुछ याद से लिखा होता है। एआई का सहयोग होता है। कुछ अंग्रेजी अखबारों की खबरों का अनुवाद होता है। इसलिये भूल-चूक की आशंका है। कृपया कहीं उल्लेख करने या हवाला देने से पहले अपने स्तर पर पुष्टि कर लें।

