नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्मकार विनोद कापड़ी की फिल्म ‘पायर’ (PYRE) ने सिनेमाघरों में दमदार वापसी की है. 5 नवंबर को बड़े बजट की फिल्म ‘रामायण’ की रिलीज के बाद जिस ‘पायर’ को गिनी-चुनी स्क्रीनों पर समेट दिया गया था, उसके अब शुक्रवार, 13 नवंबर से 200 से ज्यादा शो फिर से जोड़े जा रहे हैं.
इसी बीच कापड़ी ने ‘पायर’ को 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स के लिए भारत की आधिकारिक चयन प्रक्रिया से बाहर, स्वतंत्र एंट्री के रास्ते से भी भेज दिया है.
75% से ज्यादा शो हटे, हल्द्वानी में बचा था एक शो
‘पायर’ 30 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. धीमी शुरुआत के बाद दर्शकों की जुबानी तारीफ के दम पर इसके शो बढ़ने लगे थे. लेकिन ‘रामायण’ आने के बाद हालात बदल गए. विनोद कापड़ी ने आरोप लगाया था कि ‘पायर’ के 75 फीसदी से ज्यादा शो हटा दिए गए.
सबसे बड़ा झटका हल्द्वानी में लगा. कापड़ी के मुताबिक दिल्ली और देहरादून के बाद हल्द्वानी ‘पायर’ का तीसरा सबसे बड़ा सेंटर है, जहां पहले हफ्ते में फिल्म को रोज 12-13 शो के साथ जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला, लेकिन बाद में वहां सिर्फ एक शो बचा. कापड़ी ने X पर सवाल किया कि जब दर्शकों ने साफ तौर पर अपनी पसंद बता दी है, तो उन्हें फिल्म देखने के ज्यादा मौके क्यों नहीं दिए जा रहे. उन्होंने लिखा- हल्द्वानी ज्यादा शो का हकदार है.

दिलचस्प यह है कि शो घटने के बावजूद फिल्म के दर्शक कम नहीं हुए. बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक ‘पायर’ ने ‘तू है मेरी किरण’, ‘प्रेम कीतानु’ समेत अक्टूबर में रिलीज हुई कई फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर पीछे छोड़ दिया. पहली बार ऐसा हुआ कि किसी फिल्म के लिए हल्द्वानी ने मुंबई से ज्यादा टिकट बेचे.
13 नवंबर से 200 से ज्यादा शो, सिनेपोलिस और पीवीआर का साथ
अब दर्शकों के दबाव का असर दिख रहा है. विनोद कापड़ी ने X पर ऐलान किया कि ‘पायर’ को उसके शो वापस मिल रहे हैं और शुक्रवार, 13 नवंबर से फिल्म के 200 से ज्यादा शो जोड़े जा रहे हैं.
उन्होंने लिखा कि इस छोटी सी स्वतंत्र फिल्म के साथ खड़े रहने और इसे संभव बनाने के लिए वे दर्शकों का दिल से शुक्रिया अदा करते हैं. दर्शकों के प्यार, भरोसे और समर्थन ने फिल्म को फिर से ज्यादा पर्दों तक पहुंचाया है. कापड़ी ने सिनेपोलिस इंडिया और पीवीआर सिनेमाज का भी आभार जताया, जिन्होंने ‘पायर’ का साथ दिया और ज्यादा दर्शकों को आमा और बुबू की कहानी देखने का मौका दिया. उन्होंने लिखा- यह सफर आप सबका है. थैंक यू, इंडिया!

फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने भी लिखा कि ‘पायर’ की रफ्तार बढ़ रही है और देशभर में इसके शो बढ़ रहे हैं. उनके मुताबिक बिना किसी पेशेवर अभिनेता के बनी यह फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 2.5 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुकी है. सिनेपोलिस द्वारा वितरित ‘पायर’ 11 दिसंबर 2026 को अमेरिका और ब्रिटेन में भी रिलीज होगी.
53 दिन से प्रचार में जुटे आमा-बुबू
फिल्म के मुख्य कलाकार, उत्तराखंड के बुजुर्ग ग्रामीण पदम सिंह और हीरा देवी, यानी परदे के आमा-बुबू भी फिल्म के प्रचार में लगातार जुटे हैं. विनोद कापड़ी ने इनका एक वीडियो साझा करते हुए लिखा- 53 दिन और गिनती जारी! न थके हैं, न रिटायर हुए हैं और न हार मानने को तैयार हैं.
वरिष्ठ पत्रकार अजीत अंजुम ने इस पर लिखा कि करोड़ों दर्शकों का प्यार कापड़ी के हिस्से में बरस रहा है और आमा-बुबू के किरदार का जादू इस फिल्म को और ऊंचाई पर ले जाएगा. एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा-
जिओ विनोद कापड़ी. आपकी फिल्म कमाल कर रही है. दो बुजुर्ग नॉन एक्टर को केंद्र में रखकर बनी ये फिल्म #PYRE दर्शकों का जबरदस्त प्यार बटोर रही है. रामायण जैसी बड़े बजट की फिल्म के बीच पायर के दर्शक सिनेमा हॉल में लगातार जुट रहे हैं. थियेटर कम कर दिया गया, दूसरा सप्ताह आ गया लेकिन फिल्म को लेकर लोगों का उत्साह बरकरार है. तमाम बाधाओं को पार करके एक बार फिर सिनेमा हॉल में हाउसफुल दिखने लगी है.

ऑस्कर की दौड़ में स्वतंत्र एंट्री
सिनेमाघरों में वापसी के साथ ‘पायर’ ने ऑस्कर की ओर भी कदम बढ़ाया है. फिल्म को 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स की जनरल एंट्री कैटेगरी में विचार के लिए स्वतंत्र रूट से सबमिट किया गया है. इंडिया टुडे से बातचीत में विनोद कापड़ी ने कहा-
हमने ‘पायर’ को कहानी और इसे जीवंत करने वाले लोगों पर पूरे भरोसे के साथ स्वतंत्र रूप से बनाया. हमने कभी नहीं सोचा था कि हिमालय के एक छोटे से गांव के दो साधारण लोग दुनिया भर में इतने दिलों को छू लेंगे. फिल्म अंतरराष्ट्रीय फेस्टिवल्स में गई, पुरस्कार जीते और सबसे अहम, उसे अपने दर्शक मिले.
कापड़ी ने कहा कि स्वतंत्र सिनेमा को अपनी योग्यता के दम पर मुकाबला करने का अवसर मिलना चाहिए और ऑस्कर के लिए स्वतंत्र सबमिशन का रास्ता चुनना इसी विश्वास का विस्तार है. उनके मुताबिक यह सिर्फ उनकी फिल्म का सफर नहीं, बल्कि उन तमाम स्वतंत्र फिल्मकारों का सफर भी है जो तमाम मुश्किलों के बावजूद कहानियां कह रहे हैं. तरण आदर्श के मुताबिक फिल्म को बाफ्टा में भी विचार के लिए भेजने की तैयारी है.
गौरतलब है कि 99वें ऑस्कर में बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री संतोष दावखर की मराठी फिल्म ‘गोंधळ’ है. ‘पायर’ उससे अलग, स्वतंत्र रूट से दौड़ में शामिल हुई है.
आमा-बुबू की कहानी, 18 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार
‘पायर’ उत्तराखंड के कुमाऊं के एक पहाड़ी गांव में रहने वाले बुजुर्ग दंपती आमा और बुबू की कहानी है, जो दशकों से अपने इकलौते बेटे के लौटने का इंतजार कर रहे हैं. फिल्म बुढ़ापे, अकेलेपन, पलायन और साथ के सवालों को उठाती है. यह अब तक 18 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी है, जिनमें 15 बेस्ट फिल्म अवॉर्ड शामिल हैं. इसे टालिन ब्लैक नाइट्स, साओ पाउलो और कैम्ब्रिज जैसे फिल्म फेस्टिवल्स में दिखाया जा चुका है.
दर्शकों के प्यार पर विनोद कापड़ी ने लिखा कि भारत ने ‘पायर’ और आमा-बुबू पर जो प्यार बरसाया है, उसे बयां करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं. हर गले मिलना, हर मुस्कान और हर भावुक पल उन्हें गहरे तक छू गया और ये यादें लंबे समय तक उनके साथ रहेंगी.

