झारखंड में एक कांग्रेस विधायक पर लगे नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपों का मामला अब पत्रकारिता की आज़ादी के सवाल तक पहुंच गया है। इस मामले को सबसे पहले सामने लाने वाले ‘द भारतमित्र न्यूज़’ के पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ़ ही सिमडेगा पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज कर ली है। इसके बाद झारखंड के पत्रकारों और पत्रकार संगठनों में भारी नाराज़गी है।
क्या है पूरा मामला
सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर एक नाबालिग किशोरी ने दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। किशोरी का आरोप है कि उसे पढ़ाई कराने और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर लाया गया, लेकिन विधायक आवास पर उससे घरेलू काम कराया गया और उसके साथ दुर्व्यवहार हुआ। किशोरी के लिखित आवेदन पर रांची पुलिस ने विधायक के खिलाफ़ पॉक्सो एक्ट समेत कई धाराओं में एफ़आईआर दर्ज की है और जांच जारी है।
विधायक भूषण बाड़ा ने सभी आरोपों को बेबुनियाद और राजनीतिक साज़िश बताया है। उनका कहना है कि वे लड़की को पढ़ाने-लिखाने के मक़सद से रांची लाए थे, लेकिन वह धनरोपनी के समय अपने घर लौट गई थी और चार-पांच महीने बाद ऐसे आरोप लगना हैरान करने वाला है।
खुलासा करने वाले पर ही अपहरण का केस
विधायक पर एफ़आईआर दर्ज होने के बाद सिमडेगा के पाकरटांड़ थाने में एक दूसरा मामला दर्ज हुआ। इसमें पीड़िता के एक परिजन ने अभिषेक भारती और दिलीप तिर्की पर किशोरी को अगवा करने का आरोप लगाया है। शिकायत में दावा किया गया है कि किशोरी से दबाव में बयान दिलाया गया।
सोशल मीडिया पर पत्रकार यह सवाल भी उठा रहे हैं कि इस एफ़आईआर की सूचना सिमडेगा पुलिस के मीडिया सेल से जारी की गई। उनका कहना है कि आम तौर पर पुलिस हर एफ़आईआर की जानकारी इस तरह मीडिया सेल के ज़रिए पत्रकारों को नहीं देती।
अभिषेक भारती ने क्या कहा
अभिषेक भारती ने अपने ऊपर लगे आरोपों को फ़र्ज़ी बताया है। सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा—
“हम 2021 में सिमडेगा गए थे, फिर आज तक नहीं गए। विधायक जी के निर्देश पर मेरे खिलाफ़ FIR हुई है। सिमडेगा के पाकरटांड़ थाना में मेरे खिलाफ़ नाबालिग बच्ची के अपहरण का मामला दर्ज हुआ है। FIR क्या कोई भी किसी के खिलाफ़ दर्ज करवा सकता है?
मैं तो निजी तौर पर विधायक को भी नहीं जानता, पर इतना जानता हूं कि उनपर पहले भी ऐसे ही आरोप लग चुके हैं। विधायक जी को बताकर खबर करता तो क्या विधायक जी खबर करने देते?
नाबालिग की सुरक्षा मेरी प्राथमिकता थी, नाबालिग की आवाज़ उठाना मेरा कर्तव्य था। बाकी फ़र्ज़ी केस करवाकर आप अपनी फ़जीहत करवा रहे हैं और कुछ नहीं।”
— अभिषेक भारती, पत्रकार
पत्रकार संगठनों का विरोध
वर्किंग जर्नलिस्ट ऑफ़ इंडिया की झारखंड इकाई ने अभिषेक भारती के खिलाफ़ दर्ज एफ़आईआर की कड़ी निंदा की है। संगठन ने कहा कि अगर किसी पत्रकार ने नाबालिग के कथित यौन शोषण जैसे गंभीर मामले को सार्वजनिक किया है, तो मामले की निष्पक्ष जांच करने के बजाय उसे ही कानूनी कार्रवाई में उलझाना स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए गंभीर चिंता का विषय है। संगठन ने सवाल उठाया कि प्रभावशाली जनप्रतिनिधि का नाम आने के बावजूद पुलिस ने अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई, जबकि खुलासा करने वाले पत्रकार पर तुरंत केस दर्ज कर लिया गया।
संगठन ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि अभिषेक भारती के खिलाफ़ दर्ज एफ़आईआर की तत्काल निष्पक्ष समीक्षा हो, नाबालिग से जुड़े मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच हो, और अगर पत्रकार के खिलाफ़ केस दुर्भावना से दर्ज कराया गया है तो उस पर विधिसम्मत कार्रवाई हो। संगठन ने हज़ारीबाग में नगर निगम टेंडर की खबर छापने वाले पत्रकारों के साथ नगर आयुक्त के कथित धमकी भरे बर्ताव की भी उच्चस्तरीय जांच मांगी है।
सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में पत्रकार अभिषेक भारती के समर्थन में उतरे हैं। कई पत्रकारों ने लिखा कि आरोपी दोषी हो या निर्दोष, यह जांच से तय होगा, लेकिन मामले को सामने लाने वाले पत्रकार पर ही एफ़आईआर दर्ज करना शक्ति के दुरुपयोग जैसा है। कुछ ने झारखंड कांग्रेस से भी सवाल किया है कि वह आरोपी विधायक के पक्ष में खड़ी होगी या उन पर कार्रवाई करेगी।


