Connect with us

Hi, what are you looking for?

सियासत

अमेरिका में 48 घंटे में तीन बड़े झटके: माइक्रोसॉफ्ट ठप, पूरे देश में उड़ानें रुकीं, न्यू ऑरलियन्स में क्रूज़ से टकराया टैंकर

गुरुवार को माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं 74 देशों में ठप रहीं, शुक्रवार को पुराने संचार सिस्टम की गड़बड़ी से पूरे अमेरिका में चार घंटे से ज़्यादा उड़ानें रुकीं और न्यू ऑरलियन्स में टैंकर ने 129 यात्रियों वाले क्रूज़ को टक्कर मार दी।

अमेरिका में 48 घंटे में तीन बड़े झटके: माइक्रोसॉफ्ट आउटेज, देशभर में उड़ानों पर रोक और न्यू ऑरलियन्स में जहाज़ हादसा

अगर विकसित अमेरिका में रातोंरात हवाई यातायात ठप हो सकता है तो ये किसी भी देश के साथ हो सकता है। AI का खेल खतरनाक होता जा रहा है। साइबर हमला उसी का पार्ट है अब। अमेरिकी सरकार जांच कर रही है लेकिन गरीब देशों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।

-डॉ नदीम अख़्तर

अमेरिका में 48 घंटे के भीतर एक के बाद एक तीन बड़ी घटनाओं ने दुनिया का ध्यान खींचा है। गुरुवार को माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं दुनिया भर में ठप रहीं, शुक्रवार को पूरे अमेरिका में घंटों तक विमानों की उड़ान रोकनी पड़ी और उसी दिन न्यू ऑरलियन्स में मिसिसिपी नदी पर एक टैंकर ने यात्रियों से भरे रिवर क्रूज़ को टक्कर मार दी।

पूरे अमेरिका में थमी उड़ानें

अमेरिका के संघीय विमानन प्रशासन (FAA) ने शुक्रवार दोपहर स्थानीय समय 3:54 बजे देश के सभी हवाई अड्डों से उड़ानों पर ‘नेशनवाइड ग्राउंड स्टॉप’ लगा दिया। FAA ने इसके पीछे “असाधारण परिस्थितियों” और सुरक्षा का हवाला दिया। यह रोक रात 8:15 बजे हटाई गई, यानी चार घंटे से ज़्यादा समय तक देश में कोई उड़ान रवाना नहीं हुई। भारतीय समय के हिसाब से यह शनिवार तड़के करीब 2:24 बजे से सुबह 6:45 बजे तक का वक्त था।

अमेरिकी परिवहन मंत्री शॉन डफी ने बताया कि दोपहर करीब 3:30 बजे से एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल केंद्रों के रडार और संचार सिस्टम में रुक-रुक कर गड़बड़ी शुरू हुई। उन्होंने इसके लिए दशकों पुराने एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल सिस्टम को ज़िम्मेदार ठहराया, जिसके उपकरण डेटा के बोझ से ओवरलोड होकर बैठ गए। रोक के वक्त करीब 3,500 विमान हवा में थे।

9/11 के बाद यह सिर्फ़ दूसरा मौका है, जब पूरे अमेरिका में उड़ानें रोकनी पड़ीं। फ़्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ़्लाइटअवेयर के मुताबिक शुक्रवार को 6,000 से ज़्यादा उड़ानें रद्द हुईं और हज़ारों देर से चलीं। रोक हटने के बाद भी हालात सामान्य नहीं हुए हैं। एयरलाइंस ने चेताया है कि विमानों और क्रू को दोबारा सही जगह पहुंचाने में वक्त लगेगा और देरी व रद्दीकरण का सिलसिला शनिवार तक जारी रह सकता है। व्हाइट हाउस ने कहा है कि इसके पीछे किसी साइबर हमले या साज़िश का कोई संकेत नहीं है और इसका माइक्रोसॉफ्ट आउटेज से कोई संबंध नहीं है।

एक दिन पहले माइक्रोसॉफ्ट ठप

इससे एक दिन पहले, गुरुवार 12 नवंबर को माइक्रोसॉफ्ट की आउटलुक ईमेल, टीम्स और कोपायलट जैसी सेवाएं दुनिया भर में ठप हो गईं। आउटेज ट्रैकर डाउनडिटेक्टर के मुताबिक एक घंटे के भीतर इसका असर 74 देशों तक फैल गया और अकेले आउटलुक के लिए करीब 1.3 लाख शिकायतें दर्ज हुईं। माइक्रोसॉफ्ट ने माना कि सुधार के लिए किया गया बदलाव उम्मीद के मुताबिक काम नहीं कर रहा था और कई जगह शुक्रवार तक दिक़्क़तें बनी रहीं। भारत समेत कई देशों में दफ़्तरों का ईमेल कामकाज प्रभावित हुआ।

न्यू ऑरलियन्स में टैंकर-क्रूज़ टक्कर

शुक्रवार को ही न्यू ऑरलियन्स में मिसिसिपी नदी पर ‘अटलांटिक एस्फ़ाल्ट’ नाम के डामर टैंकर ने अमेरिकन क्रूज़ लाइंस के रिवरबोट ‘अमेरिकन हेरिटेज’ को टक्कर मार दी। हादसा स्थानीय समय दोपहर करीब 12:30 बजे पोर्ट ऑफ़ न्यू ऑरलियन्स पर हुआ। क्रूज़ पर 129 यात्री सवार थे।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में लोग पानी में तैरते और जान बचाने की कोशिश करते दिख रहे हैं। हादसे के वक्त क्रूज़ नदी में चल नहीं रहा था, बल्कि बंदरगाह पर खड़ा था और यात्री उतरने की तैयारी कर रहे थे। टक्कर के बाद जहाज़ में पानी भरने लगा और वह एक तरफ़ पलट गया। कुछ यात्री रेलिंग पकड़े रहे, जबकि कुछ नदी में गिर गए। दमकलकर्मियों ने सीढ़ियों के सहारे लोगों को बाहर निकाला।

राहत की बात यह है कि सभी यात्रियों का पता चल गया है। न्यू ऑरलियन्स की मेयर हेलेना मोरेनो के मुताबिक 32 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है, लेकिन किसी की हालत गंभीर नहीं है। मेयर ने कहा कि टैंकर “नियंत्रण खो बैठा” था। लुइज़ियाना के गवर्नर जेफ़ लैंड्री ने इसे “मिसिसिपी पर चमत्कार” बताया है। टक्कर की असली वजह की जांच चल रही है।


इन घटनाओं पर दो टिप्पणियां

रणजीत यादव-

क्या यह किसी बड़े वैश्विक संकट की आहट है?

कल सुबह जब हम ऑफिस पहुंचे तो पता चला कि माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक काम नहीं कर रहा है। शुरुआत में लगा कि शायद स्थानीय स्तर पर या हमारे सर्वर में कोई तकनीकी समस्या होगी। लेकिन धीरे-धीरे पता चला कि यह समस्या वैश्विक स्तर पर है और दुनिया के अनेक देशों में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

आज के दौर में ईमेल केवल संदेश भेजने का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि पूरी आधिकारिक और संस्थागत व्यवस्था की रीढ़ बन चुका है। बैंकिंग हो, प्रशासन हो या कॉरपोरेट जगत… कम्युनिकेशन का एक बड़ा हिस्सा ईमेल पर निर्भर है। ऐसे में कुछ घंटों के लिए भी यह व्यवस्था ठप हो जाए तो कामकाज किस तरह प्रभावित होता है, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है।

खैर, धीरे-धीरे सेवाएं बहाल होने लगीं। लेकिन आज सुबह एक और खबर सामने आई कि अमेरिका में तकनीकी और संचार संबंधी समस्या के कारण विमानों की उड़ानों पर अस्थायी रोक लगानी पड़ी।

गौर करने वाली बात यह है कि महज दो दिनों के भीतर दो बड़ी घटनाएं, दोनों का संबंध अमेरिका से और दोनों का संबंध आधुनिक तकनीकी व्यवस्था की विफलता से!

यहां सवाल सिर्फ माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर डाउन होने या विमानों के ग्राउंड होने का नहीं है। सवाल इससे कहीं बड़ा है। क्या हमारी आधुनिक दुनिया कुछ गिने-चुने डिजिटल सिस्टम और तकनीकी नेटवर्क पर जरूरत से ज्यादा निर्भर हो चुकी है? क्या हमारी तमाम तकनीकी उपलब्धियों के बावजूद हमारी व्यवस्था भीतर से इतनी कमजोर है कि एक तकनीकी गड़बड़ी पूरी दुनिया की गतिविधियों को प्रभावित कर सकती है?

अभी इन दोनों घटनाओं के बीच किसी साझा कारण या साजिश का कोई प्रमाण नहीं है। लेकिन ये घटनाएं हमें एक गंभीर चेतावनी जरूर देती हैं। तकनीक ने दुनिया को जितना शक्तिशाली बनाया है, कहीं उसी तकनीक पर हमारी अत्यधिक निर्भरता हमें उतना ही असुरक्षित तो नहीं बना रही?

पता नहीं, यह महज दो अलग-अलग तकनीकी दुर्घटनाएं हैं या आने वाले समय की किसी बड़ी चुनौती की आहट!

प्रकाश के रे-

अमेरिका में घंटों तक पूरे देश भर में जहाज़ों के उड़ने-उतरने पर रोक के पीछे दशकों पुराने संचार तंत्र का गड़बड़ होना बताया जा रहा है।

यह सही हो सकता है, पर हाल में अमेरिका और कई देशों में जो निर्देश जारी हुए हैं, जो अभ्यास चल रहे हैं और जो तैयारी हो रही है, उसे देखते हुए अमेरिका जैसे देश में उड़ान में देशभर में रोक भी एक अभ्यास लग रहा है।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास