सैयद मोहम्मद इरफ़ान-
‘अँधेरे में’ मुक्तिबोध की लंबी, जटिल, पहली नज़र में मुक्त-छंद कविता है। इसमें स्वप्न-फैंटेसी, आंतरिक द्वंद्व (मैं बनाम वह… आदर्श-क्रांतिकारी चेतना), मध्यवर्गीय अपराध-बोध, सामाजिक-राजनीतिक अंधकार और अभिव्यक्ति की खोज गहरे प्रतीकों के साथ बुनी गई है। अँधेरा बाहरी व्यवस्था और अवचेतन, दोनों का है।
जितेंद्र रामप्रकाश द्वारा आमंत्रित श्रोताओं के बीच मुक्तिबोध की ‘अँधेरे में’ का वाचन सुनने का अवसर मिला। गहन अध्ययन और इन्टरनलाइज़ेशन से ही पूरी कविता को सम्प्रेषित करना संभव है। अलग-अलग खंडों के मूड-शिफ्ट, प्रतीक (रक्तालोक स्नात पुरुष, साँकल, मशाल, खोह, आशंका के द्वीप आदि शब्द स्पष्ट आर्टिकुलेशन और भाव-संवहन की माँग करते हैं) और “मैं-वह” के द्वंद्व वाचक के सामने नाज़ुक फ़ैसले रखते हैं। वे केवल शब्द नहीं, बल्कि अनुभव की तीव्रता प्रस्तावित करते हैं। पढ़ते समय यह भाव-संतुलन एक तनी रस्सी-सा हो जाता है।
गति, विराम और लय के हिंडोले में श्रोता अपना सर्वस्व लुटाता हुआ जब-जब कविता में प्रवेश करने की कोशिश करता, तनावपूर्ण गति, संघर्ष और तीव्र दृश्यों की रेलमपेल महत्वपूर्ण पंक्तियों या मोड़ों पर सार्थक विराम न होने से श्रोता को भटकाकर एक नयी नाटकीय निर्मिति में ले जाती रही।
यहाँ यह स्पष्ट कर दूँ कि जितेंद्र ने वाचन से पहले खुद कहा कि गलतियाँ होंगी और उनके लिए उन्हें माफ़ कर दिया जाए। उस विनम्र निवेदन का पूरा सम्मान करते हुए स्वीकार करना होगा कि वाचन में उनका परिश्रम साफ़ दिख रहा था।
रहस्यमय आरंभ में धीमी और नीम अँधेरी मंचसज्जा से यह आश्वासन ज़रूर मिला था कि हम कविता के अपने पाठ से आगे किसी अनचीन्ही यात्रा पर चल निकलेंगे, लेकिन वाचन समाप्त हुए लगभग पाँच घंटे बीत चुके हैं और एक श्रोता के रूप में मेरे भीतर जो चीज़ बची है, वह कविता का गहरा आंतरिक संगीत नहीं, बल्कि कुछ ध्वनियाँ, कुछ नाटकीय उतार-चढ़ाव और वे पोस्टर जैसे परिचित अंश हैं जो सोशल मीडिया से लेकर आंदोलनों की ज़मीन पर पहले से मज़बूती के साथ मौजूद हैं।
मुक्तिबोध की तीव्रता आंतरिक और बौद्धिक है, इसलिए सत्यता उसकी पहली शर्त है और भावनाओं की नाटकीय ओवरएक्टिंग उसकी शत्रु।
‘अँधेरे में’ कविता बिम्बों, संकेतों और गठन में बेहद जटिल है। वह आंतरिक और बाह्य अँधेरों का एक समय-सापेक्ष महाख्यान है। उसके भीतर एक विशिष्ट संगीत है जो वाचन में केवल तभी रचा जा सकता है जब वाचक का अहं विलीन हो और वह स्वयं वल्नरेबल हो जाए। उस संगीत तक पहुँचने के लिए कविता के आंतरिक संसार में उतरना पड़ता है। इसकी प्रामाणिकता इस पर भी टिकी है कि वाचक यह आभास दिलाए कि वह खुद कविता के अँधेरे और संघर्ष से गुज़रकर पाठ के लिए उतरा है।
इस कसौटी पर मुझे वाचन में वैसी गहराई कम ही सुनाई दी। बल्कि एक समय के बाद शब्द ही शब्द सुनाई देने लगे और वे भी शुद्ध, स्पष्ट हिंदी उच्चारण की अपेक्षाओं पर रोल होते हुए, और इसलिए अश्रव्य भी। प्रतीकात्मक और भाव-गहन शब्दों के साथ रियलाइज़ेशन के वे दुर्लभ पल, जब श्रोता सचमुच चकित हो उठे, बहुत थोड़े थे।
मेरी समझ में मुक्तिबोध दोषारोपण या चुनौती देने के प्राथमिक अभियान पर नहीं निकले हैं। वे एक लंबी अन्वेषी यात्रा पर हैं जो स्वप्न, यथार्थ, कल्पना और आशा के अँधेरों में उलझी हुई है। उनकी कविता में वाचक को व्याख्याकार और सह-रचनाकार बनना पड़ता है। उसे श्रोता को कविता के संसार में प्रवेश का अवसर देना होता है और फिर उँगली थामे उसे उतरने, डूबने और उबरने का मौका देना होता है।
इस वाचन में वह ग्राफ़ लगातार अनुपस्थित रहा। इस कविता के परफ़ॉर्मेंस में परफ़ॉर्मर लगातार अगली कतार में दिखता है और निरंतर हम यही पाते हैं कि कविता के मूल मंतव्य पर परफ़ॉर्मर अपना जलवा क़ायम करना चाहता है।
मेरे लिए यह वाचन ‘वाचन-कौशल के प्रबंधन’ और प्रदर्शन की ओर अधिक झुका हुआ था, बजाय कविता की भाषिक, काव्यात्मक और सामाजिक-राजनीतिक आंतरिक पड़ताल के। मुक्तिबोध की यह कविता आज और अधिक प्रासंगिक हो चुकी है। दर्शक या श्रोता को ऐसे अवसरों से सिर्फ़ हतप्रभ या चमत्कृत होकर नहीं लौटना चाहिए, बल्कि उसे अपनी पढ़ी हुई कविता को किसी से सुनने के बाद हुए नए काव्य-अनुभव को टटोलना भी चाहिए।
यह टिप्पणी जितेंद्र के परिश्रम को सराहने के साथ इसलिए भी दर्ज कर रहा हूँ कि अगली वाचिक प्रस्तुतियों में वे इन बातों पर और सावधानी बरतें। मुक्तिबोध जैसे कवि का वाचन जब सच्ची आंतरिक गहराई के साथ होता है, तब वाचन के सुर भी सच्चे और अनुकूल लगते हैं। और तब वह महज़ एक महफ़िल नहीं रह जाता, वह श्रोता के भीतर ऐसा कुछ स्थायी रस छोड़ जाता है, जो टेक्स्ट की तरफ़ एक बार फिर लौटने को मजबूर करता है।


