मानहानि के मुकदमें में खोजी पत्रकार रवि नायर को एक साल की सजा बेहद असाधारण फैसला है।ये सजा गुजरात में मंसा के न्यायिक मजिस्ट्रेट ने अडानी द्वारा दायर एक केस में सुनाई है। ये संयोग है कि गुजरात की ही अदालत ने राहुल गांधी को भी इससे पहले मानहानि के मामले में सजा सुनाई थी। रवि नायर देश के जाने माने financial investigative पत्रकार हैं।उन्होने अडानी से लेकर अंबानी और कई बड़े उधोगपतियों के सरकार से सांठगांठ पर कई खुलासे किये हैं। उम्मीद है हाईकोर्ट या सुप्रीम कोर्ट में रवि नायर की कलम को इंसाफ मिलेगा। -दीपक शर्मा

पत्रकार रवि नायर के खिलाफ अदाणी समूह से जुड़े मानहानि मामले में कोर्ट के फैसले के बाद, अब मामला सिर्फ कानूनी नहीं रह गया है, बल्कि एक संगठित डिजिटल नैरेटिव वॉर का रूप ले चुका है। सोशल मीडिया पर अचानक एक ही तरह का वीडियो और एक जैसे कैप्शन के साथ कुछ चुनिंदा तथाकथित “इन्फ्लुएंसर” सक्रिय हो गए हैं, जिनका मकसद खबर देना नहीं, बल्कि पत्रकार का मज़ाक उड़ाना और डर का माहौल बनाना दिखाई देता है।
क्रांति कुमार, जैकी यादव, बाला, ऋषि बागड़ी जैसे अकाउंट्स द्वारा एक ही वीडियो को बार-बार शेयर किया जाना यह सवाल खड़ा करता है कि क्या यह महज़ संयोग है या फिर कॉरपोरेट पीआर मशीनरी का हिस्सा बनकर पत्रकारों को संदेश देने की कोशिश—कि सत्ता और पूंजी के खिलाफ लिखने की कीमत चुकानी पड़ेगी।
यह सिर्फ रवि नायर का मामला नहीं, बल्कि भारतीय पत्रकारिता की स्वतंत्रता पर डिजिटल दबाव की एक नई मिसाल बनता जा रहा है।
अडानी और पत्रकार रवि नायर का पूरा प्रकरण क्या है..यहां पढ़ें
मामला क्या है?
गुजरात के गांधीनगर जिले के मानसा के एक न्यायालय में पत्रकार रवि नायर को अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) की ओर से दायर आपराधिक मानहानि (criminal defamation) आरोपों में दोषी ठहराया गया है।
आरोप किस बात का था?
AEL ने कोर्ट में दावा किया कि रवि नायर ने एक्स (Twitter) और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर ट्वीट्स और लेख जारी किए जिनमें झूठे और मानहानिकारक बयान थे, जिनका उद्देश्य कंपनी और उसके समूह — अदाणी समूह — की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाना था। कंपनी का कहना था कि ये पोस्ट समान्य आलोचना नहीं, बल्कि बदनामी फैलाने वाले थे।
कोर्ट ने क्या कहा?
कोर्ट ने माना कि AEL ने अपने दावे को पर्याप्त रूप से साबित किया है और कि रवि नायर के ट्वीट्स “सिर्फ निष्पक्ष टिप्पणी या वैध आलोचना” नहीं थे, बल्कि मानहानि के योग्य बयान थे। अदालत ने यह भी कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता असीमित नहीं होती और किसी कंपनी की प्रतिष्ठा भी कानूनी सुरक्षा का हक रखती है।
सजा क्या दी गई?
- रवि नायर को एक वर्ष की साधारण कैद (simple imprisonment) की सजा सुनाई गई।
- इसके अलावा उन पर जुर्माना भी लगाया गया।
ये सजा IPC की धारा 500 के तहत दी गई मानहानि के अपराध के लिए है।
मामले की पृष्ठभूमि
यह केस सितंबर 2021 में AEL की ओर से दर्ज शिकायत से शुरू हुआ था। अदालत ने पाया कि रवि नायर के ट्वीट्स में गंभीर आरोपों को “तथ्य के रूप में” दिखाया गया, न कि केवल राय या संपादकीय टिप्पणी के रूप में।
कानूनी बहस का केंद्र
यह मामला अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता बनाम प्रतिष्ठा की सुरक्षा के बीच के कानूनी संतुलन पर केंद्रित रहा — अदालत ने माना कि प्रेस की आज़ादी होती है, लेकिन वह किसी के नाम या प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाती हुई नहीं हो सकती।


