गोंडा: यूपी के जनपद गोंडा में शुक्रवार दोपहर दीवानी कचहरी के पास इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार सत्यम मिश्र पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। हमले में घायल पत्रकार को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मामले में उनके बड़े भाई और अधिवक्ता शिवेंद्र कुमार मिश्र की तहरीर पर नगर कोतवाली में तीन सगे भाइयों समेत नौ लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
तिवारी पुरवा बहराइच रोड निवासी अधिवक्ता शिवेंद्र कुमार मिश्र के मुताबिक, माधवपुर गजाधरपुरवा निवासी अमन ओझा, देवेंद्र ओझा और सुरेंद्र ओझा ने 28 अप्रैल को उनके साथ मारपीट की थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपियों पर 30 हजार रुपये मांगने और समझौते के लिए दबाव बनाने का आरोप है। शिवेंद्र का कहना है कि पुलिस से शिकायत करने पर आरोपियों ने उनके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
शिवेंद्र के अनुसार, 17 सितंबर को अंबेडकर चौराहे पर अधिवक्ताओं के जुलूस के दौरान भी अमन ओझा ने उनसे रुपये मांगे और रुपये नहीं देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
शुक्रवार को सत्यम मिश्र किसी काम से दीवानी कचहरी के गेट नंबर दो के पास स्थित नंदू के होटल गए थे। आरोप है कि इसी दौरान अनिल ओझा अपने भाइयों सुरेंद्र, देवेंद्र और अमन ओझा समेत पांच अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा और सत्यम पर लाठी-डंडों, भाले, हंसिया और चाकू से हमला कर दिया। हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर सीओ सिटी योगेंद्र सिंह नगर कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घायल पत्रकार के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Internet ki Awaaz के पत्रकार Satyam Mishra पर गोंडा कचहरी के पास जानलेवा हमला, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में एडमिट, उनके अधिवक्ता भाई के पुराने विवाद को लेकर हमला
-गोंडा पब्लिक पोस्ट




