खुशदीप सहगल-
इंडिया टुडे न्यूज़ चैनल से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई ने एक्स पर शाजिया का एक वीडियो शनिवार 27 जुलाई सुबह 8 बजकर 31 मिनट पर शेयर किया इसमें शाज़िया वीडियो जर्नलिस्ट के साथ बदसलूकी करते नज़र आ रही हैं. ये वीडियो 26 जुलाई को शाज़िया के घर का है जहां से वो राजदीप के लाइव डिबेट शो में हिस्सा ले रही थीं. शाज़िया इस बात से ख़फ़ा थीं कि शो में उनकी आवाज़ का फेडर कथित तौर पर डाउन कर दिया गया जिससे उनकी आवाज़ लाइव डिबेट में सुनाई नहीं दे रही थी. ये डिबेट अग्निवीर योजना पर थी.
शाज़िया इल्मी ने 26 जुलाई की रात 10 बजकर 21 मिनट पर एक्स पर एक पोस्ट में राजदीप, इंडिया टुडे और आजतक को टैग करते लिखा- फिर कभी मेरे फेडर को नीचे मत गिराना. याद रखें कि मैं दोनों पक्षों में रही हूं और जानती हूं कि आप जैसे बुलीज़ को कैसे संभालना है। हालांकि, राजनीतिक प्रचारकों को पत्रकारों का मुखौटा लगा उपदेश देना शोभा नहीं देता। और केवल शरारत पैदा करने के लिए एक पूर्व सेना प्रमुख को अन्य सभी रक्षा प्रमुखों के खिलाफ खड़ा करने से पहले अपने तथ्य जान लें। आर्मी चीफ का कहना है कि अग्निपथ स्कीम समुचित सलाह मशविरे के बाद लाई गई थी.
शाजिया ने अपनी बात के पक्ष में एक आर्टिकल का लिंक भी दिया था. इस स्टोरी का वीडियो वर्जन यहां देखें… राजदीप vs शाजिया
इसी के जवाब में राजदीप ने 27 जुलाई सुबह शाज़िया की पोस्ट को कोट करने के साथ कथित बदसलूकी वाला वीडियो पोस्ट किया. साथ ही लिखा- “मैडम, शाजिया इल्मी मैं हमेशा अपने सभी मेहमानों का सम्मान करता हूं। यदि कुछ भी हो, तो मैं बहुत अधिक नम्र रहता हूं.: शो में क्रॉस टॉक और शोर से बचने के लिए ही साउंड फ़ेडर को नीचे किया गया। यदि शो में आपकी मुझसे या इसमें हिस्सा लेने वाले सेना के किसी जनरल से शिकायत है, तो निःसंदेह यह आपका विशेषाधिकार है। और मैं उसका भी सम्मान करता हूं. लेकिन आपके लिए माइक झटकना, हमारे वीडियो पत्रकार को गाली देना और उसे अपने घर से बाहर धकेलना ये आपको शोभा नहीं देता, वो सिर्फ़ अपना काम कर रहा था. बुरे बर्ताव के लिए कोई बहाना नहीं. बाकी मैं आप पर छोड़ता हूं. आपका सप्ताहांत अच्छा बीते.”
शाज़िया इल्मी ने 27 जुलाई को दोपहर 12 बजकर 59 मिनट पर एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए अपने पैर में फ्रैक्चर का हवाला दिया…शाज़िया ने कहा कि आप खुद ही देखिए कि मैं ऐसी हालत में ऐसा कुछ कर सकती थी क्या…तकरार क्यों हुई?
लाइव डिबेट शो में हुआ क्या था?
राजदीप सरदेसाई ने 26 जुलाई को ‘कारगिल दिवस पर राजनीति’ के नाम से लाइव डिबेट शो किया था. इसमें शाज़िया इल्मी भी अपने घर से ही हिस्सा ले रही थीं. इसी शो में रिटायर्ड मेजर जनरल यश मोर ने इंगित किया कि कोविड के बाद एक लाख अस्सी हजार जवान भर्ती नहीं किए गए. उन्होंने ये भी कहा कि पूर्व में ग्रामीण युवाओं के लिए सेना, नौसेना और वायुसेना की वर्दी हमेशा गर्व का विषय होता था. आज दुर्भाग्य से ये नंबर 1 पसंद नहीं है. युवा हताश हैं.
जब मेजर जनरल यश मोर बोल रहे थे तो शाज़िया इल्मी ने उन्हें टोकना चाहा. इस पर राजदीप ने शाज़िया से कहा कि वो धैर्य रखें और मेजर जनरल की बातों को ध्यान से सुनें क्योंकि वो तथ्य रख रहे हैं. तब शाज़िया ने कहा, उपदेश मत दो. इसके बाद राजदीप और शाज़िया में तीखी तकरार हुई और शाज़िया ने अपना माइक झटक दिया और डिबेट में आगे हिस्सा नहीं लिया.
कौन हैं शाज़िया इल्मी?
54 साल की शाजिया का जन्म कानपुर में मुस्लिम परिवार में हुआ, उनकी शादी इंवेस्टमेंट बैंकर साजिद मलिक से हुई जिनके पिता गुजराती मुस्लिम और मां तमिल अय्यर थीं. शाज़िया का इंडिया अगेंस्ट करप्शन मूवमेंट में अन्ना हज़ारे और अरविंद केजरीवाल से जुड़ने से पहले 15 साल का पत्रकारिता का करियर रहा. उन्होंने स्टार न्यूज़ में एंकर के तौर पर काम किया. शाज़िया ने ज़ी न्यूज़ और टाइम्स ऑफ इंडिया में भी काम किया. शाज़िया ने एक फिल्म पी ओ बॉक्स नंबर 418 सियासत, कानपुर का निर्देशन भी किया. ये फिल्म उर्दू के एक अखबार की वज़ूद की लड़ाई पर आधारित थी. शाज़िया ने कई डॉक्यूमेंट्रीज का भी निर्माण किया.
इंडिया अगेंस्ट करप्शन ग्रुप में शाज़िया कोर कमेटी मेंबर थीं. शाज़िया 2013 में आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में भी शामिल रहीं. उन्होंने तब दिल्ली की आरके पुरम सीट से चुनाव भी लड़ा लेकिन जीत नहीं पाईं. 2014 में आम आदमी पार्टी शाज़िया को रायबरेली लोकसभा सीट से सोनिया गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ाना चाहती थीं लेकिन शाज़िया ने मना कर दिया. शाज़िया 2014 में गाज़ियाबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ीं लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा.
2015 में शाज़िया इल्मी ने आम आदमी पार्टी में लोकतंत्र न होने का आरोप लगाते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया और बाद में बीजेपी का दामन थाम लिया. शाज़िया अब बीजेपी प्रवक्ता के तौर पर टीवी डिबेट्स में हिस्सा लेती हैं.
Related News…
राजदीप सरदेसाई के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ेंगी शाजिया इल्मी, देखें वीडियो


