
हैदराबाद – बीते शनिवार, 28 जून को दोपहर करीब 1:30 बजे एक बड़ी और चिंताजनक घटना सामने आई जब एक क्षेत्रीय राजनीतिक दल से जुड़े माने जा रहे करीब 40 लोगों की भीड़ ने लोकप्रिय न्यूज चैनल ‘महा न्यूज’ (Mahaa News) के कार्यालय पर हमला कर दिया। इस हमले में चैनल के कैमरापर्सन सहित कई कर्मचारियों को डराने-धमकाने की कोशिश की गई, और दो कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हमलावरों ने न सिर्फ कर्मचारियों पर हमला किया बल्कि कार्यालय परिसर में जमकर तोड़फोड़ भी की। पत्थरबाजी कर शीशे तोड़े गए, महंगे प्रसारण उपकरणों और ऑफिस फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया गया। साथ ही, न्यूज कवरेज में इस्तेमाल होने वाले वाहनों को भी निशाना बनाया गया। इस घटना ने न केवल मीडिया जगत को हिलाकर रख दिया, बल्कि लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना की व्यापक निंदा करते हुए न्यूज ब्रॉडकास्टर्स फेडरेशन (NBF) ने इस हमले को पत्रकारिता की स्वतंत्रता और उसकी गरिमा पर सीधा हमला बताया है। NBF ने कहा, “पत्रकार और समाचार संस्थाओं को बिना डर और दबाव के काम करने की आज़ादी होनी चाहिए, खासकर तब जब वे जनता के हित में सत्य और जवाबदेही के साथ कार्य कर रहे हों।”
फेडरेशन ने महा न्यूज को ‘सिद्धांतों पर आधारित पत्रकारिता की मजबूत आवाज़’ बताते हुए कहा कि किसी भी स्वतंत्र संपादकीय निर्णय को बलपूर्वक दबाने की कोशिश लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है। NBF ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दोषियों की तत्काल पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और मीडिया संस्थानों को समुचित सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
फेडरेशन ने महा न्यूज के साथ पूरी एकजुटता जताते हुए दोहराया कि वह प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, क्योंकि स्वतंत्र मीडिया किसी भी लोकतांत्रिक समाज की आधारशिला होता है।

हमले के वीडियो देखें…


