नई दिल्ली। राज्यसभा में समाजवादी पार्टी के सांसद प्रो. रामगोपाल यादव ने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत योजना को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सदन में फिरोजाबाद के पूर्व डीजीसी (जिला सरकारी अधिवक्ता) सुरेंद्र सिंह यादव के हार्ट अटैक से हुई मौत का मामला उठाते हुए कहा कि आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद उन्हें समय पर इलाज नहीं मिला, जिससे उनकी जान चली गई।
रामगोपाल यादव ने बताया कि करीब 70 वर्षीय सुरेंद्र सिंह यादव को हार्ट अटैक आने के बाद आगरा के एक अस्पताल में ले जाया गया था, जहां अस्पताल प्रबंधन ने यह कहकर इलाज से इनकार कर दिया कि आयुष्मान योजना के तहत उनका इलाज संभव नहीं है। परिजनों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अस्पताल से निकाल दिया गया। बाद में दिल्ली ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
सपा सांसद ने कहा कि अगर आयुष्मान भारत जैसी योजना वास्तव में गरीब और वरिष्ठ नागरिकों के लिए है, तो फिर ऐसे मामलों में इलाज से इनकार कैसे किया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई निजी अस्पताल आयुष्मान कार्ड को मानने से इनकार कर रहे हैं और गरीब मरीजों को बाहर कर दिया जाता है।
रामगोपाल यादव ने यह भी कहा कि उन्होंने इस पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस कमिश्नर तक दी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस का कहना है कि पहले सीएमओ से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा, उसके बाद ही एफआईआर दर्ज हो सकेगी।
सदन में इस मुद्दे को उठाते हुए रामगोपाल यादव ने केंद्र सरकार से सवाल किया कि जब योजना अच्छी है तो उसे जमीन पर ठीक से लागू क्यों नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत के नाम पर लोगों के अरबों रुपये खर्च हो रहे हैं, लेकिन ज़रूरतमंद मरीजों को वक्त पर इलाज नहीं मिल पा रहा है।
देखें वीडियो और सदन में बातचीत के कुछ अंश…
फुल वीडियो यहां देखें.. https://www.facebook.com/share/v/17j4ajcSbx/?mibextid=wwXIfr





