नई दिल्ली: दैनिक भास्कर समूह की डिजिटल इकाई DB Digital ने अब अपने प्लेटफॉर्म को विज्ञापन के लिए खोल दिया है और इस दिशा में बड़ी पहल करते हुए पीयूष ठाकुर को चीफ रेवेन्यू ऑफिसर (CRO) नियुक्त किया है। वह वेब और ऐप दोनों प्लेटफॉर्म्स पर रेवेन्यू और मोनेटाइजेशन रणनीति का नेतृत्व करेंगे।
पियूष ठाकुर सीधे DB Digital के CEO पाथिक शाह को रिपोर्ट करेंगे। कंपनी का यह कदम डिजिटल बिजनेस को मजबूत करने और विज्ञापन से आय बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
करीब 20 वर्षों के अनुभव वाले पियूष ठाकुर डिजिटल सेल्स और मोनेटाइजेशन के क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखते हैं। वह Inshorts से DB Digital में शामिल हुए हैं, जहां उन्होंने लगभग एक दशक तक काम किया और हाल ही में CRO के पद पर थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने Airtel, Maruti Suzuki, Coca-Cola, Amazon Prime, Samsung और Apple जैसे बड़े ब्रांड्स के साथ मजबूत विज्ञापन नेटवर्क तैयार किया।
इससे पहले पियूष ठाकुर ESPN, Times Internet और Info Edge जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी नेतृत्व की भूमिका निभा चुके हैं।
DB Digital के CEO पाथिक शाह ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में कंपनी ने एक मजबूत और भरोसेमंद डिजिटल न्यूज प्रोडक्ट तैयार किया है। अब प्लेटफॉर्म के स्थिर होने के बाद कंपनी विज्ञापन कारोबार को विस्तार देने के लिए तैयार है और पियूष का अनुभव इस अगले चरण में अहम भूमिका निभाएगा।
वहीं, पियूष ठाकुर ने कहा कि DB Digital के पास बड़ा और सक्रिय यूजर बेस है, जो इसे विज्ञापन के लिहाज से एक मजबूत अवसर बनाता है। उन्होंने कहा कि वह इस प्लेटफॉर्म को एक मजबूत रेवेन्यू इंजन में बदलने के लिए काम करेंगे।
दैनिक भास्कर समूह के प्रमोटर डायरेक्टर गिरीश अग्रवाल ने भी इस नियुक्ति को अहम बताते हुए कहा कि DB Digital ने क्वालिटी कंटेंट और यूजर एक्सपीरियंस के दम पर डिजिटल स्पेस में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। पियूष के जुड़ने से कंपनी अपने विज्ञापन कारोबार को और मजबूत करते हुए एक टिकाऊ डिजिटल बिजनेस मॉडल की ओर बढ़ेगी।


