टेलीविजन पत्रकार विनीत मल्होत्रा ने NewsX को अलविदा कह दिया है। मीडिया इंडस्ट्री में दो दशक से ज्यादा का अनुभव रखने वाले विनीत ने सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने NewsX के साथ बिताए समय के लिए आभार जताते हुए अपने करियर के अगले पड़ाव की ओर बढ़ने का संकेत दिया है।
विनीत मल्होत्रा ने अपने संदेश में लिखा, “NewsX के साथ बिताए समय के लिए आभारी हूं। अब एक नए और रोमांचक अध्याय की ओर बढ़ रहा हूं।” हालांकि, उन्होंने अपनी अगली जिम्मेदारी या नई संस्था के नाम का खुलासा नहीं किया है।
विनीत मल्होत्रा को टेलीविजन पत्रकारिता का दो दशक से अधिक का अनुभव है। NewsX से उनकी विदाई को न्यूज टेलीविजन जगत में एक अहम करियर बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। उनकी आगे की पेशेवर योजना को लेकर फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
किरण डी. तारे ने ‘द फ्री प्रेस जर्नल’ में संभाली नई जिम्मेदारी
वरिष्ठ पत्रकार किरण डी. तारे ने अंग्रेजी अखबार ‘द फ्री प्रेस जर्नल’ में एग्जिक्यूटिव एडिटर के तौर पर नई पारी शुरू की है। इस भूमिका में वह अखबार के वीडियो एडिशन और पॉलिटिकल ब्यूरो की जिम्मेदारी संभालेंगे।
तारे इससे पहले मुंबई से प्रकाशित होने वाले दैनिक अखबार ‘द परफेक्ट वॉइस’ में एडिटर थे। उन्होंने अगस्त 2024 में यह जिम्मेदारी संभाली थी और सितंबर 2026 तक इस पद पर रहे।
इससे पहले, अक्टूबर 2022 से अगस्त 2024 तक वह टीवी9 के ओटीटी न्यूज वीडियो मैगजीन ‘न्यूज9 प्लस’ में सीनियर एडिटर के रूप में कार्यरत थे। यहां उन्होंने महाराष्ट्र, गुजरात और गोवा से जुड़ी राजनीति, अपराध, कारोबार और सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग की।
किरण डी. तारे अप्रैल 2016 में ‘इंडिया टुडे’ से जुड़े थे। यहां उन्होंने सीनियर एसोसिएट एडिटर और बाद में सीनियर एडिटर के तौर पर काम किया। अक्टूबर 2022 तक इंडिया टुडे के साथ रहे तारे ने इस संस्थान में छह साल से अधिक समय बिताया।
अब ‘द फ्री प्रेस जर्नल’ में एग्जिक्यूटिव एडिटर की नई जिम्मेदारी के साथ तारे अपने पत्रकारिता करियर के अगले पड़ाव पर पहुंच गए हैं।


