Connect with us

Hi, what are you looking for?

सुख-दुख

नर्मदा किनारे खेलते बच्चों को मिला लाखों साल पुराने विशाल हाथी का जबड़ा, ग्रामीण करने लगे पूजा!

रायसेन जिले में नर्मदा के पतई घाट पर खेलते बच्चों को एक विशाल जबड़े जैसा जीवाश्म मिला, जिसे विशेषज्ञ प्रागैतिहासिक हाथी स्टेगोडोन का जबड़ा मान रहे हैं. ग्रामीण इसकी पूजा करने लगे. सुशोभित की टिप्पणी.

नर्मदा नदी के पतई घाट पर मिला प्रागैतिहासिक हाथी के जबड़े जैसा जीवाश्म, जिस पर ग्रामीणों ने फूल और नारियल चढ़ाकर पूजा की

-सुशोभित-

भारत की सबसे प्राचीन नदी नर्मदा (अनुमानित आयु 16 करोड़ वर्ष!) के पतई घाट से कोई 65 लाख वर्ष पुराना एक जीवाश्म प्राप्त हुआ है, जो विस्मय का केंद्र बना हुआ है। विशेषज्ञों का मत है कि यह किसी दैत्याकार प्रागैतिहासिक हाथी (स्टेगोडोन नैमेडिकस) का निचला जबड़ा है। इसमें मोलर (दाढ़) और प्री-मोलर दाँत लाखों वर्षों के बाद भी यथावत पाए गए हैं। प्राप्त हुआ सेक्शन 1 फ़ीट ऊँचा और डेढ़ फ़ीट चौड़ा है और अपसाइड-डाउन (औंधे मुँह) अवस्था में माना जा रहा है।

10 नवम्बर को पतई घाट पर खेल रहे बच्चों ने खेल-खेल में ही इसे खोज निकाला। इसकी आकृति से वे सशंकित हुए तो आसपास के ग्रामीणों को बुला भेजा। ग्रामीण इसे देखकर भयभीत हो गए और इसे किसी प्राचीन दैत्य का जबड़ा समझकर इसकी पूजा-अर्चना शुरू कर दी। ख़बर फैली तो बरेली (जिला रायसेन) के एसडीएम इसका निरीक्षण करने आए और इस क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया। जीवाश्म-वैज्ञानिकों ने चित्र देखकर इसे किसी विशालकाय हाथी का जबड़ा होना पाया है। इसका बड़ा हिस्सा अभी भी नदी में दबा-छुपा है। आगे होने वाले अनुसंधान और रहस्य उगलेंगे।

नर्मदा-घाटी से इससे पहले भी प्रागैतिहासिक जीवाश्म मिले हैं। मनावर क्षेत्र से डायनासौर के अंडों के जीवाश्म मिले थे। वास्तव में, नर्मदा-बेसिन भारत का पहला ‘यूनेस्को ग्लोबल जियोपार्क’ भी बनने का दावेदार है। भारत का पहला डायनासौर जीवाश्म 1828 में विलियम स्लीमन ने जबलपुर के निकट खोजा था। हथनोरा के निकट प्राचीन मानव-पूर्वज (होमिनिन) के जीवाश्म मिले हैं।

बाग क्षेत्र में तो ‘मरीन सेडिमेंट’ (समुद्री तलछट) सीक्वेंस भी मिले हैं, जो करोड़ों वर्ष पूर्व के इतिहास की ओर संकेत करते हैं, जब भारत गोंडवाना लैंडमास का हिस्सा हुआ करता था। मनावर क्षेत्र से मिले ‘हैमियास्टर’ पत्थरों को वहाँ के बच्चे सीता माता के पाँचे समझकर उनसे खेलते रहे हैं। सीतापुरी क्षेत्र में उनका पूजन भी किया जाता है, किन्तु उनका बड़ा प्रागैतिहासिक महत्त्व है। इस बारे में एक बहुत अच्छी डॉक्यूमेंट्री जियो-ओडिसी ने बनाई है।

नर्मदा तब से बह रही है, जब हिमालय पर्वत का अस्तित्व नहीं था। वास्तव में वह हिमालय और उससे निकलने वाली नदियों से 10 करोड़ वर्ष ज्येष्ठ है! उसका धार्मिक-सांस्कृतिक के साथ ही ऐतिहासिक-वैज्ञानिक महत्त्व भी कम नहीं। बाँधों ने नर्मदा-तट के गाँवों, स्थानीय संस्कृतियों के साथ ही उसके प्रागैतिहासिक महत्त्व के स्थलों को भी क्षति पहुँचाई है, किन्तु अब भी बहुत कुछ खोजा जाना शेष है।

कौन जाने, कालान्तर में जब भारत का इतिहास फिर से लिखा जाए तो उसकी शुरुआत नर्मदा नदी की कहानी से हो!

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास