-अनुज सिंह गौर-
बागपत। दिवाली पर अनाथ बच्चों के साथ खुशियां बांटने गईं डीएम की पत्नी के सामने एक बाल संरक्षण गृह की ऐसी सच्चाई खुली, जिसकी किसी को भनक तक नहीं थी। एक दृष्टिहीन बच्चे की आपबीती के बाद हुई जांच में बच्चों के साथ मारपीट और प्रताड़ना के आरोप सही पाए गए हैं और केयरटेकर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
बागपत के जिलाधिकारी दिव्यांशु पटेल की पत्नी स्वाति सहगल दिवाली के दिन अपनी बेटी और सास के साथ सरूरपुरकलां गांव स्थित घरौंदा बाल संरक्षण गृह पहुंची थीं। वे बच्चों के लिए मिठाई और उपहार लेकर गई थीं। वहां स्वाति ने एक दृष्टिहीन बच्चे को गोद में लेकर दुलारा तो बच्चे ने अपनी व्यथा सुना दी।
अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक़ बच्चे ने पहले कहा कि दीदी उन्हें मिठाई नहीं खाने देंगी, खुद खा लेंगी। यह सुनकर स्वाति चौंकीं और बच्चे को अलग ले जाकर बात की। तब बच्चे ने बताया कि वहां उनकी पिटाई होती है, कुछ मांगने पर धमकाया जाता है और प्रताड़ित किया जाता है। बच्चे ने यह भी बताया कि मेहमानों के जाते ही केयरटेकर उपहार और मिठाइयां छीनकर अपने घर ले जाती है।
स्वाति सहगल ने लौटकर पूरी बात डीएम को बताई। डीएम ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को जांच के लिए भेजा। जांच टीम ने बच्चों से अलग-अलग बात की तो मारपीट, धमकाने और ठीक से देखभाल न करने के आरोप सही पाए गए।
इसके बाद प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर वंदना गुप्ता ने जांच रिपोर्ट के साथ कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने अमरोहा निवासी केयरटेकर अंकिता के खिलाफ मारपीट के साथ किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 75 और 82 समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। डीएम ने संस्था को नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा है।
यह बाल गृह घरौंदा वेलफेयर संस्था पिछले दो साल से गांव की एक धर्मशाला के भवन में चला रही है। यहां पांच अनाथ बच्चे रहते हैं, जिनमें सबसे छोटा ढाई साल का दृष्टिहीन बच्चा है। बाकी बच्चों में एक सात साल का है और तीन करीब साढ़े तीन साल के हैं। इस गृह को सरकारी बजट नहीं मिलता, लेकिन इसकी निगरानी की जिम्मेदारी प्रशासन की है।
सवाल यह है कि अगर डीएम की पत्नी उस दिन वहां न जातीं, तो इन मासूमों की पीड़ा कब तक दबी रहती? और दो साल से चल रहे इस गृह की निगरानी करने वाले अफसर अब तक क्या देख रहे थे?
