गाजीपुर। रंगकर्मी डॉ. शिवमूरत सिंह की द्वितीय पुण्यतिथि 14 नवंबर 2026 को कान्हा हवेली, महुआबाग में स्मृति दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर उन पर लिखी पुस्तक ‘रंगकर्मी डॉ. शिवमूरत सिंह की रंगयात्रा’ का लोकार्पण भी किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत डी.ए.वी. इंटर कॉलेज, गाजीपुर के प्राध्यापक और कार्यक्रम के संचालक डॉ. संतोष कुमार तिवारी द्वारा सरस्वती वंदना और दीप प्रज्ज्वलन मंत्र से हुई। अतिथियों ने माता सरस्वती और डॉ. शिवमूरत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया।

आधार वक्तव्य रखते हुए सुदृष्टि बाबा पीजी कॉलेज, बलिया के प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार सिंह ने कहा कि डॉ. शिवमूरत सिंह एक लेखक, अभिनेता, निर्देशक और समीक्षक थे। उन्होंने कई नाटकों का मंचन किया। ‘नईकी पीढ़ी’, ‘पूर्वार्ध’, ‘गांधारी’, ‘कश्मीर हमारा’ और ‘अंधेरी की रोशनी’ जैसे नाटकों का उन्होंने कुशल निर्देशन किया और बहुत से कलाकारों को प्रशिक्षण भी दिया।
संचालन करते हुए डॉ. संतोष कुमार तिवारी ने कहा कि कालिदास ने ‘मालविकाग्निमित्रम्’ में नाटक को ‘चाक्षुष यज्ञ’ कहा है। डॉ. शिवमूरत सिंह ने न केवल नाटकों का मंचन कराया, बल्कि दर्शकों में नाटक के प्रति रुचि जगाने और उन्हें शिक्षित करने का भी प्रयास किया।
विशिष्ट सारस्वत वक्ता माधव कृष्ण ने कहा कि डॉ. शिवमूरत सिंह नाटक की विधा के प्रति समर्पित रहे। उन्होंने ‘रंगप्रमा’ नाम की पत्रिका का संपादन किया और माध्यम नाट्य संस्थान की स्थापना कर अनेक नाटकों का मंचन कराया।
साहित्य चेतना समाज के संस्थापक/संयोजक अमरनाथ तिवारी और हिंदीश्री प्रकाशन के संस्थापक अमित आनंद ने डॉ. शिवमूरत सिंह के पुत्र कमलेश सिंह ‘लाला’ को डॉ. शिवमूरत सिंह का और लोकार्पित पुस्तक का स्मृति चित्र भेंट कर इस आयोजन के लिए सम्मानित किया। अमरनाथ तिवारी ने कहा कि डॉ. शिवमूरत सिंह नाटक के सिवा कुछ और सोचते ही नहीं थे, वे नाटक को ओढ़ते-बिछाते थे। उन्होंने बताया कि साहित्य चेतना समाज ने वर्ष 2014 में उन्हें ‘गाजीपुर गौरव’ से सम्मानित किया था, जिस पर संस्था स्वयं को गौरवान्वित महसूस करती है।
डॉ. शिवमूरत सिंह के शिष्य और उनके कई नाटकों में काम कर चुके आशुतोष कुमार सिंह ने उनसे जुड़े संस्मरण साझा किए।
सारस्वत वक्ता और पी.जी. कॉलेज के अर्थशास्त्र के प्रोफेसर डॉ. श्रीकांत पांडेय ने कहा कि डॉ. शिवमूरत सिंह ने राही मासूम रज़ा के ‘टोपी शुक्ला’, प्रेमचंद के ‘निर्मला’ और विवेकी राय के ‘पुरुष पुराण’ जैसी रचनाओं का नाट्य रूपांतरण कर उन्हें नए रूप में प्रस्तुत किया। वे महीनों मेहनत करके नाटकों का मंचन कराते थे। उन्होंने गाजीपुर, बलिया, वाराणसी और कोलकाता में नाटकों का मंचन कराया।

विशिष्ट वक्ता और के.एन.आई. सुल्तानपुर के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राधेश्याम सिंह ने कहा कि साहित्यिक खेमेबाजी के चलते डॉ. शिवमूरत सिंह को जीते जी वह ख्याति नहीं मिल पाई, जिसके वे हकदार थे। नाटक जैसी कठिन विधा को वे न केवल लिखते थे, बल्कि उसका मंचन भी कराते थे। उन्होंने बताया कि डॉ. शिवमूरत सिंह के नाटक ‘स्कंदगुप्त’ में उन्होंने भी अभिनय किया था। 53 दिनों तक उस नाटक का प्रशिक्षण चला और कलाकारों ने चावल-नमक खाकर कठिन परिस्थितियों में उसका मंचन किया। उन्होंने अपने गुरु को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य वक्तव्य देते हुए काशी हिंदू विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के सेवानिवृत्त प्रोफेसर (डॉ.) अवधेश प्रधान ने कहा कि डॉ. शिवमूरत सिंह ने नाटकों के मंचन के साथ एक अलग दृष्टि से नाट्य लेखन भी किया। ‘गांधारी’ नाटक में उन्होंने गांधारी के चरित्र को पूरी तरह बदल दिया। उनकी गांधारी न्यायप्रियता की प्रतिमूर्ति है, जो बार-बार धृतराष्ट्र को सावधान करती है कि वे पुत्रमोह में पांडवों के साथ गलत कर रहे हैं। अपने सौ पुत्रों की मृत्यु के बाद भी वह कहती है कि उसके पांच पुत्र अभी जीवित हैं, जिन्होंने कभी उसके साथ पराई मां जैसा व्यवहार नहीं किया।
प्रो. प्रधान ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भी महाभारत में गांधारी के पात्र को सबसे अलग और अनूठा बताया है। डॉ. शिवमूरत सिंह संस्कृत और हिंदी की नाट्य परंपरा के साथ-साथ उस समय पाश्चात्य जगत में नाटक पर लिखी जा रही समीक्षाओं और सिद्धांतों से भी परिचित थे।
अध्यक्षीय उद्बोधन में पी.जी. कॉलेज के दो पूर्व प्राचार्यों, प्रो. (डॉ.) रमाशंकर लाल और प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार सिंह ने स्मृति दिवस के शानदार आयोजन के लिए कमलेश सिंह ‘लाला’ को बधाई दी। मंचासीन अतिथियों का शॉल और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ कवि कामेश्वर द्विवेदी और दिनेश चंद्र शर्मा, प्रो. राकेश कुमार पांडेय, प्रो. निरंजन यादव, प्रो. बालेश्वर सिंह, प्रो. अंबिका पांडेय, पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, नरेंद्र मामा, राम बहादुर सिंह, संजीव कुमार सिंह ‘बंटी’, प्रो. युधिष्ठिर तिवारी, पी.एन. सिंह, डॉ. समीर, गिरधर सिन्हा, अरविंद राय, अविनाश प्रधान, स्वयंप्रकाश राय, लालमोहन राय, अरुण कुमार सिंह, अंजू सिंह, तेज बहादुर सिंह, अरविंद श्रीवास्तव, अजय अग्रवाल ‘पप्पू’, रिंकू अग्रवाल, राजेंद्र भारती, प्रिंस अग्रवाल, गुड्डू केशरी, इरफान अली, बच्चा तिवारी, सुरेश पांडेय, अचलेंद्र पप्पू, मोहित श्रीवास्तव, अंजू सर्राफ, शैलेंद्र सिंह, जुबेर अहमद, आसिफ खां, अजय पाठक, जयसूर्य भट्ट, अरविंद कुमार सिंह, प्रमोद सिंह, सुबाष राम, टुन्ना राय, गोपाल राय, प्रेमचंद राय, नीरज कुमार मानू, अनिल उपाध्याय, रामशब्द सिंह, गिरिजा शंकर पांडेय, बलराम चौधरी, लोहा सिंह, राजेश सिंह पप्पू, सोमेश राय, कमलेश श्रीवास्तव ‘बड़े’, अजय श्रीवास्तव ‘नेता’, श्याम चौधरी, यशवंत राय, तौकीर खान, शन्नी चौरसिया, विनय कुमार सिंह ‘बीनू’, ऐनुल हक, असगर अली, दानिश भाई, प्रमोद सिन्हा, मन्नू तिवारी, संजीव कुमार गुप्ता, हीराराम गुप्त, दिनेश्वर दयाल, हर्षजीत, किशन, शिवम, साकेत ‘सोनू’, अमन ‘गोलू’, अवनीश कुमार, पूजा, प्रज्ञा, सुप्रभा, अदिति, शशिबाला, शारदा देवी, बिंदु सिंह, अर्चना भट्ट, यामिनी पांडेय, शकुंतला पाठक, यश, चंद्र, शिया, वानी और माध्यम नाट्य संस्थान परिवार के अलावा सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे।
डॉ. संतोष कुमार तिवारी
प्राध्यापक, डी.ए.वी. इंटर कॉलेज, गाजीपुर



