दयाशंकर शुक्ल सागर-
फ़िराक़ गोरखपुरी मेरे पसंदीदा शायरों में एक रहे हैं। उर्दू कविता और उर्दू भाषा पर लिखी उनकी किताबें अद्भुत हैं। उर्दू से मुहब्बत करना मुझे फ़िराक़ ने सिखाया। गोरखपुर के थे, इसलिए उनसे खास लगाव रहा। लेकिन उनके निजी जीवन में मैंने ज्यादा घुसने की कभी कोशिश नहीं की।
अभी हाल में अलका पाठक की किताब ‘Firaq Gorakhpuri : The Man Behind The Genius’ से गुजरने का मौका मिला। फिर हाल में अमिता शीरीं ने एक लेख में इस किताब के जरिए फ़िराक़ के उस आत्मकेंद्रित और कठोर चेहरे से पर्दा उठाने की कोशिश की है। ये फ़िराक़ की जीवनी है। जीवनी पढ़ने के बाद फ़िराक़ मुझे ज़हनी तौर पर एक बीमार आदमी लगे।
फ़िराक़ की शादी 1914 में अठारह साल की उम्र में हुई। शादी के लिए उनकी एकमात्र शर्त थी कि उनकी होने वाली पत्नी निहायत खूबसूरत और पढ़ी-लिखी होनी चाहिए। उनके पिता, गोरखपुर के नामी वकील और शायर इबरत गोरखपुरी ने उनकी शर्त मान ली। बुआ लड़की देखने गईं। लड़की बेहद खूबसूरत थी। पिता ने मुतमईन होकर शादी पक्की कर दी।
शादी में हवन के वक़्त घूंघट में ढंकी दुल्हन की उँगलियाँ बेहद लम्बी, सख्त और काली थीं। बस उसे देखकर ही फ़िराक़ का ‘दिल टूट’ गया। वह टूटा हुआ दिल फिर कभी नहीं जुड़ सका। वह अपने आपको बेहद हारा हुआ, विवश और धोखा खाया महसूस कर रहे थे। अपने सपनों के अंतरमहल के खंडहरों को लेकर फ़िराक़ ताउम्र अपनी पत्नी किशोरी देवी से घृणा करते रहे। उनका एक शेर है- इसी खंडहर में कहीं कुछ दिए हैं टूटे हुए/ इन्हीं से काम चलाओ बड़ी उदास है रात।
फ़िराक़ ने ताउम्र अपनी बीवी से नफरत तो की ही, उनसे जन्मे अपने चार बच्चों पर भी वह जुल्म करते रहे। फ़िराक़ अपनी ‘बदसूरत’, ‘अनपढ़’ पत्नी को इंसान का दर्ज़ा नहीं दे पाए। कोई इंसान इतना कमीना कैसे हो सकता है?
इस पर तुर्रा यह कि फ़िराक़ समलैंगिक थे। मुझे याद आता है कि मशहूर पत्रकार विनोद मेहता ने अपनी किताब ‘लखनऊ ब्वाय’ में उनके कई किस्से लिखे हैं, कि वे किस तरह खुलेआम पुरुषों और कमउम्र लड़कों के प्रति अपने आकर्षण का इज़हार करते फिरते थे। खुद फ़िराक़ गोरखपुरी ने वर्ष 1936 में उर्दू की प्रसिद्ध साहित्यिक पत्रिका ‘निगार’ के विशेषांक में ‘ग़ज़ल’ शीर्षक से समलैंगिकता पर एक बेहद चर्चित और विवादास्पद निबंध लिखा था। वह लेख द वायर पर था, पर अब नहीं दिख रहा।
तो भाई, जब आपको लड़कों में दिलचस्पी होगी तो हूर की परी भी आपको अनपढ़ और बदसूरत दिखेगी। ये समलैंगिकता का मनोविज्ञान है। समलैंगिक पुरुषों में महिलाओं के प्रति ‘रोमांटिक या शारीरिक आकर्षण’ नहीं होता। जैसे एक विषमलैंगिक पुरुष को दूसरे पुरुष की ओर शारीरिक आकर्षण महसूस नहीं होता, ठीक वैसे ही समलैंगिक पुरुष को स्त्री की ओर वैसा आकर्षण नहीं होता।
व्यक्तिगत स्तर पर समलैंगिकता के प्रति मन में कोई दुराव या नफ़रत भले न हो, लेकिन यह विषय मेरे सहज अनुभव और रुचि के दायरे से बाहर की चीज़ है। अंग्रेजी में कहें तो ये Not my cup of tea.
लेकिन दुनिया भर के जीनियस लोग इसी तरह की खुराफातों में फंसे रहते हैं। गांधी पर तो मैंने पूरी किताब ही लिख डाली है। नई खबर यह है कि वाणी प्रकाशन से मेरी किताब ‘महात्मा गांधी ब्रह्मचर्य के प्रयोग’ का तीसरा संस्करण ऑनलाइन उपलब्ध है। हिंद युग्म से छपी दूसरी किताब ‘अधनंगा फकीर’ का पहला संस्करण साल भर पहले खत्म हो गया। अब दूसरा संस्करण आने वाला है, बहुत जल्द।
इन्सान भी क्या शै है! शायर हो, कलाकार हो तो शख़्सियत में और भी बेइन्तहाई परतें जुड़ जाती हैं. आधुनिक उर्दू के बड़े शायर फ़िराक़ की निजी ज़िन्दगी लगभग दरिंदगी की हद तक जाती है. इसी वर्ष प्रकाशित फ़िराक़ गोरखपुरी की जीवनी ‘Firaq Gorakhpuri : THE MAN BEHIND THE GENIUS’ पढ़ते हुए दिल बैठ जाता है. एक व्यक्ति कितना आत्मकेंद्रित हो सकता है!
अमिता शीरीं ने उनकी इस सामाजिक त्रासदी को समझने का प्रयास किया है.
-अरुण देव
हां, हमने फ़िराक़ को देखा। वह भी नए कटरे वाली हउली के पास। यह देसी दारू का ठेका था। बाहर सकौड़े की ठेलिया थी। एक पर्सनल रिक्शेवाला भी था। वही लेकर आता और कभी कभी फ़िराक़ साहब उस बज़्मे-तरब में अनजान , बेशऊर दारूबाजों को घूरते हुए कहना चाहते थे, अबे देख ल्यो फ़िराक़ को, फिर नै मिलबै…। यह सन सतत्तर के आसपास की बात है। जब वे बैंक रोड में थे, एक दो बार हम कुछ साथी उनसे मिले भी। गजब का गरियाव हुआ। पंत जैसे कवियों से बहुत नाराज़ थे। तुलसी के जबरदस्त मुरीद। एक बार बैंक रोड वाला घर खाली करने का सरकारी हुक्म आ गया। फ़िराक़ साहब ने वीसी और हाकिमों की महतारी बहिनी करते हुए नेहरू जी को फोन मिलाया। साधिकार कहा, कस भइया नेहरू बुढ़ापे में ठिकाना छीन रहे हो। नेहरू जी ने बात सुनी। इलाहाबाद के डीएम की खाट खड़ी की। दूसरे दिन वीसी, डीएम उनके घर पहुंच गए। कहा, इत्ती छोटी सी बात हमें ही बता देते। फ़िराक़ बोले, अमां कउनो सुनता है। हमरे तो एक नेहरू हैं। उन्हीं से फरियाद किए। इसके बाद फ़िराक़ साहब बैंक रोड में आजीवन रहे।
-प्रमोद द्विवेदी
कभी कभी लगता है कि बहुत जीनियस लोगों को मानसिक डिसऑर्डर और व्यक्तित्व विखण्डन की दिक्कतें हो जातीं हैं! अल्बर्ट आइंस्टीन भी अपनी पत्नी को लेकर अच्छा व्यवहार नहीं रखते थे जबकि उनकी पत्नी भी बहुत अच्छी स्कालर थीं लेकिन आइंस्टीन के लिए अपना कैरियर छोड़ दिया, भुवनेश्वर भी शायद इसी तरह से मानसिक परेशानी से ग्रसित थे, स्वदेश दीपक भी बाद में बाइपोलर डिसऑर्डर के शिकार हो गए थे!
-हिमांशु श्रीवास्तव
मैंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के ताराचंद छात्रावास के एक कार्यक्रम में फ़िराक़ को सुना था । कार्यक्रम का संचालन देवी प्रसाद त्रिपाठी ने किया था । फ़िराक़ का सिगरेट पीते हुए शेर कहना आज भी याद है । फ़िराक़ की निजी ज़िंदगी की विडंबनाओं और उनके सनकी व्यवहार के बारे में इलाहाबाद में उनको जानने वाले बखूबी जानते थे । यह शक्ति संतुलन में कमज़ोर को प्रताड़ित करने वाला था । साहित्यकारों की एक बड़ी संख्या देश और विदेश में मिल जाएगी जिनकी रचनात्मक बारीकियों से उनके निजी और सामाजिक जीवन का रिश्ता परस्पर विरोधाभास से भरा पड़ा है । फ़िराक़ के साथ ज़िंदगी ने भी धोखा किया । किताब पढ़नी चाहिए ।
-राकेश मिश्रा
कलाकार के निजी जीवन पर प्रश्न उठाने की परंपरा बहुत पुरानी है॰ पिकासो आदि पर तो फिल्में भी बनी हैं . हिंदी साहित्य में तो यह परखना इस क़दर हावी है कि उसके लिए मनुष्य को बुरा मनुष्य होने की भी ज़रूरत नहीं. यदि वह सिर्फ़ “फूल-पत्तियों” पर साहित्य रचे तो यह भी उसका अपराध घोषित कर दिया जाता है.हमारे यहाँ “दीवार में खिड़की रहती है” जैसे महान उपन्यास को भी इसी आधार पर ख़ारिज किया गया है. सवाल यह है कि एक बुरे मनुष्य रहे अच्छे लेखक को महज़ बुरा मनुष्य साबित कर हम संतुष्ट नहीं हो पाते. हम उससे आगे जाकर उसकी रचनाओं पर पढ़ने वाले के निर्णय को cloud करना चाहते है. जबकि होता यह है कि बुरे-हिंसक मनुष्य रहे लेखकों के बारे में उनके हिंसक या क्रूर आदि होने की जानकारी सर्वविदित रहती है और फिर उस जानकारी की रौशनी में जिसे लेखक को जैसे पढ़ना होता है वह वैसे पढ़ता है. जैसे आज लोग जब दुनिया के सर्वश्रेष्ठ आर्ट गैलरीज़ में पिकासो को देखने जाते हैं तो इस जानकारी के साथ जाते हैं कि वह एक बुरा इंसान था- एक womaniser. यह जानकारियां उनकी विकिपीडिया एंट्री का हिस्सा होती हैं. लेकिन यदि आप चाहें की इस वजह से दुनिया कि सभी गैलरीज़ पिकासो के काम को हटा दे, तो यह संभव नहीं. साहित्य कोई चर्च या मंदिर नहीं है कहाँ हम सुधरने के लिए जाते हैं. यह आप पर है यदि आपको रचनाकार के काम से कुछ इनलाइटमेंट महसूस होता है या नहीं. जो होता है , वह आपका हासिल. सारी दुनिया की फ़ेमिनेसिट्सों ने टेड huges को कोस कोस कर इतनी किताबें लिख दी कि उन किताबों से एक छोटी इस अलग लाइब्रेरी बन जाए . लेकिन टेड huges आज भी दुनिया भर में अंग्रेज़ी के पाठ्यक्रमों में पढ़ाये जाते हैं. हम जब भी उनको पढ़ते हैं तो इस रौशनी में पढ़ते हैं कि वे एक बुरे मनुष्य थे. साहित्य को activism में आप बदल ही नहीं सकते, आप कितनी भी कोशिश करें. अच्छी किताबें ज़िंदा रहती हैं- उनको लिखने वाले बुरे मनुष्य ज़रूर कोसे जाते हैं , अपमानित किए जाते हैं- बार बार , उचित ही , बुरे कहे जाते हैं.
-प्रियंका दुबे
उनकी बुआ को तो लड़की बहुत खूबसूरत लगी थी। फ़िराक यह कहना भूल गए होंगे कि लड़की गोरी होनी चाहिए। लगा होगा कि सुंदर तो गोरी ही होगी। यह उनके रंगभेद का सबूत है। अपने देश में यह बहुत है।
मुझे हैरानी यह है कि किशोरी यह सब झेलती रही जब बेटा अस्पताल में मौत से जूझ रहा था तब भी! क्या परिवार में किसीको साहस न था ऐसे शख्स की गिरेबां पकड़ने का?
उनको जीनियस क्यों कहा जा रहा है समझ में नहीं आया। यह कोई हल्का शब्द नहीं है। दोस्तोयेविस्की, बायरन की तरह वे उच्च कोटि के लेखक रहे, शायर रहे। पर जीनियस? किस लिहाज़ से उन्हें जीनियस कहा जा रहा है पता नहीं। महान, उम्दा, बेहतरीन कितने ही विशेषण हैं। वही काफी होते।
अमीरा शीरीं ने बहुत संवेदनशीलता से लिखा है। उनको बधाई।
-अंजलि देशपांडे
मैं जब प्रयाग में रहता था तो तमाम विश्वविद्यालय के मित्रों से भी वार्तालाप होता था फ़िराक़ साहब के बारे में क्योंकि ग़ज़ल और शायरी में रुचि पहले से थी। कई लोग फ़िराक़ साहब की तस्वीर भी लगा रखते थे जिसमें उनकी नज़्म लिखी होती थी ‘ हम थे हम हैं हम ज़िन्दा रहेंगे….’ शायद यही शब्द हैं। फ़िराक़ साहब उन लोगों में से थे जिनके कारण इलाहाबाद विश्वविद्यालय का लोग आज तक नाम लेते हैं, हालांकि इलाहाबाद विश्वविद्यालय उस समय महान विभूतियों का केंद्र था। एक से एक बड़ी हस्ती साहित्य दर्शन और विज्ञान से पूरे देश विदेश में वहां से जानी जाती थी। फ़िराक़ साहब को शायद बहुत कम लोगों ने सिगरेट के बिना देखा होगा, उनकी तस्वीरें भी। ये भी अचरज ही है कि ‘ बहुत पहले से उन क़दमों की आहट जान लेते हैं। तुझे ऐ ज़िंदगी हम दूर से पहचान लेते हैं…. जैसी ग़ज़ल लिखने वाला व्यक्ति ऐसा भी हो सकता है। पर अपने जीवन साथी के लिए उन्होंने जो तस्वीर जेहन में बना रखी थी उसके टूटने से वो किंचित विक्षिप्त हो गए। तब के समय में अक्सर ऐसी घटनाएं होती थीं क्योंकि सीधे वर अपनी होने वाली वधू से बहुत कम ही विवाह के पहले देख पाता था। उसका जिम्मेवार वो अवश्य अपने माता पिता को मानते रहे होंगे। ऐसी निष्ठुरता और व्यवहार की उम्मीद फिर भी इतने महान व्यक्तित्व से नहीं की जा सकती।
फिर भी उनके असाधारण व्यक्तित्व को भुलाया नहीं जा सकता।
आने वाली नस्लें तुम पर रश्क करेंगी हम-अस्रो
जब ये सोचेंगी उन ने ‘फ़िराक़’ को देखा था
फ़िराक़ गोरखपुरी
-कौशलेंद्र सिंह
बहुत सारे अन्य कलाकारों, साहित्यकारों की भांति फ़िराक भी दंभी और बददिमाग रहे होंगे लेकिन एक महत्वपूर्ण पक्ष भी यहां रेखांकित किया जाना जरूरी है कि वह एक सुंदर और पढ़ी लिखी लड़की से विवाह करना चाहते थे, उनके परिवार को इस इच्छा का मान करते हुए लड़का लड़की को देखने मिलने का समय देना चाहिए था। ( जोकि आगे प्रचलन में आया भी, ऐसे ही अनेक बेमेल रिश्तों की कड़वाहट के कारण) यह भी सच है कि बहुत सारे उदाहरण ऐसे भी हैं जहां अपनी पसंद की लड़की से विवाह करके भी पुरुष उसके प्रति ऐसा ही हिंसक बन गया। दूसरी बात परिवार की भूमिका की भी आती है जो किसी स्त्री को निरंतर अपमानित होते देखता रहता है लेकिन उसके साथ खड़ा नहीं होता। शुक्र है कि समय बदल रहा है धीमे सही लेकिन बदल रहा है। फिराक के लिखे को खारिज करना संभव नहीं होगा लेकिन न सिर्फ फिराक बल्कि उस पूरे समय की मानसिक सामाजिक बुनावट को समझने के लिए ऐसी किताबें और आलेख अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। साधुवाद।
-निधि अग्रवाल
यहां अमिता शीरीन और उनकी भतीजी अलका सहाय पाठक का उन पर लिखा विवरण सामने आया है कि वे किशोरी अपनी पत्नी और अपने चारों बच्चों के प्रति बहुत क्रूर थे, सामन्ती परिवार में जन्मेफ़िराक़ शायर थे जैसे जान कीट्स बहुत प्यारे कवि थे, सारे कवि और शायर सौन्दर्य के उपासक होते हैं, वे अपने आसपास बदसूरती नहीं पसन्द करते थे, शराब उन्हें उत्तेजित कर देती थी उसी रौ में वे क्रूर हो जाते रहे हों, पर उनका प्रेम उनके प्रति शराब उतरने के बाद बदल भी जाता था, चार चार बच्चे उनकी घृणा नहीं प्यार की पैदाइश थे, यहां दो स्त्रियों के तजुर्बे सामने हैं, वे उनके प्रति नरम नहीं हो सकतीं थीं, उनके सचिव रमेश चन्द्र द्विवेदी ने अपना सारा लेखन फ़िराक़ पर ही किया है, उनके करीबी की तरह उन्होंने फ़िराक़ जैसे बड़े शायर के स्वभाव को अपना लिखा बड़प्पन दिया है, निराला के प्रति उनका गहरा प्रेम, नेहरु के प्रति उनका सम्मान , इन्दिरा के प्रति उनका लगाव सब पर उनकी कलम चलीं हैं ,रहा सवाल आत्ममुग्धता का तो वे कहते थे अंग्रेजी अमर नाथ झा और मुझे आती है और कुछ कुछ जवाहर लाल को आती है,वे इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हेड आफ अंग्रेजी विभाग थे ,आला दर्जे के शायर थे, गुलेनगमा को ज्ञान पीठ सम्मान मिला ,जवाहर लाल उन्हें दिल्ली बुला सांसद बनाना चाहते थे पर इलाहाबाद और गंगा के प्रेम में उन्होंने नहीं कर दिया, उनके भांजे विश्वरंजन ने सच अभी जिन्दा है किताब जारी की थी, उन्हें अंग्रेज सरकार ने नैनी जेल में भी रखा था, पर वे उनके विचारों से नहीं डिगा सके,,, अगर बदल न दिया आदमी ने दुनिया को,तो जान लो कि यहां आदमी की खैर नहीं,,,,, फ़िराक़ की तल्खी में हैं ये हाल जैसे जलते हैं च़राग गांव में, ऐसे में आती है बिछड़े दोस्तों की याद,जैसे कांटे चुभे हों मुसाफिर के पांव में,,,,, सादर स्मरण,,,,
-माताचरण मिश्रा
कुछ न कुछ नार्सिसिस्ट तो लगभग सभी लेखक होते हैं ( अगर वह सचमुच रचनात्मक है)। अपने ख़यालात को इतनी अहमियत देना कि ज़माना पढ़े, यह एक तरह का नर्सिसिज्म ही है। यह अलग बात कि लोग पढ़कर वाह-वाह करते हैं या आह भरते हैं, और उस शोर में रचनाकार की अंदरूनी टिमटिमाहट दब जाती है।
मगर यह दास्तान ! उफ्फ़! यह फ़िराक़ को न सिर्फ़ नार्सिसिस्टिक बल्कि साइकोपैथिक पर्सनालिटी डिसऑर्डर से भी ग्रस्त बता रही। महबूब शायर की हक़ीक़त की पड़ताल के लिए यह बायोग्राफी अब पढ़नी होगी। Amita Sheereen बेहतरीन!
-विनय कुमार
फ़िराक़ के जीवन के कई पहलुओं पर संकेत किये हैं। एक नॉर्सिसिस्ट व्यक्ति के पास मुखौटा होता है। दुनिया के सामने वह अच्छाइयों का मुखौटा पहने रहता है। लेकिन हर दिन साथ रहने वाले उसका राक्षसी चेहरा देखते हैं। वो खुद को बहुत महान और दुनिया से ऊपर समझता है। उसके अंदर एक entitlement होता है। उसे लगता है कि ये उसका वाजिब हक है कि लोग उससे नीचे रहे और उसकी सेवा करें। इस किताब से परिचय कराने के लिए बहुत आभार। सचमुच लिखने वालों के बारे में भी लिखे जाने की बहुत ज़रूरत है।
-कबीर संजय
मैं बहुत साल पहले हंस या वागर्थ में पढ़ी थी।उसके पहले तो मैं इतना आदर करती थी उनकी , क्यों कि लिखे को तब सच मानती थी। पर जब पढ़ी कि वो अपनी पत्नी को अपने गले में बँधी मल की पोटली कहते थे और ज़ुल्म ढाते थे तो सच में रोई थी मैं। लगता था उनकी पत्नी कैसा महसूस करती होंगी। ये भी पढ़ी थी कि अक्सर शराब के नशे में धुत्त नंगे पड़े रहते थे टब में। सच कहती हूं घृणा हुई थी और मैं फिराक को अलविदा कर दी। वो चार बच्चे निश्चय ही बलात्कार की उपज होंगे, प्रेम के तो कतई नहीं। काश उनकी बेटी अपने अनुभव पर किताब लिखती तो निश्चय ही अलका जी से अलग होता। अमिता जी का लिखा हमेशा अनमोल और पठनीय होता है।
-माला सिंह


