सैम पित्रोदा कुछ भी कह दें उसका फायदा उठाने की कोशिश होती रही है। यह पहले पन्ने की खबर है या ज्ञान?
संजय कुमार सिंह
आज की खबरों में सैम पित्रोदा का बयान और उसे मिली प्रमुखता दिलचस्प है। इसलिए सबसे पहले फोन टैपिंग का आरोप और सरकारी बचाव की फूहड़ कोशिश। भाजपा की राजनीति में सैम पित्रोदा को घसीटने की कोशिश के बारे में मैंने 13 अगस्त को, विदेशी पत्रकार का वीजा रद्द करने की खबर नहीं, दीपावली मिलन में PM से सवाल भी नहीं, में लिखा था। इससे पहले 2019 के चुनाव के समय भी भाजपा ने 1984 के दंगे का फायदा उठाने की कोशिश की तो सैम पित्रोदा ने कहा था …. हुआ तो हुआ! इसका लाभ उठाने की भाजपाई कोशिशें भी दिलचस्प थीं। 2024 चुनाव से पहले भी ऐसा ही हुआ। इस बार उन्होंने कहा था, पूर्वी भारत के लोग चीन के लोगों जैसे…दक्षिण भारतीय अफ्रीकी जैसे…लेकिन सभी भाई-बहन, सबका सम्मान।
दि एशियन एज में नया मामला लोकसभा चुनाव के मौके पर नहीं, ऐसे समय में है जब नरेन्द्र मोदी की भाजपा सरकार भारी मुश्किल में है। राहुल गांधी को विदेशी मदद से संबंधित प्रधानमंत्री के आरोपों पर राहुल गांधी ने आमने-सामने बैठकर बातचीत करने की चुनौती दी है और कई बार दोहरा चुके हैं। भाजपा को बचाव का कोई रास्ता नहीं दिख रहा है और जो भी बहाने बनाए हैं उनमें फंसती गई है। इसी क्रम में फोन टैप करने का आरोप लगाया है और यह भी चौथी बार है। भाजपा की ओर से न कोई कार्रवाई हुई है और न ही कोई आश्वासन है। ऐसे में सैम पित्रोदा के बयान से जो भी राहत मिले, प्रचारक चूक नहीं रहे हैं। हमेशा चुनावी मोड में रहने वाले प्रधानमंत्री आज झारंखड में हैं और दि एशियन एज में यह खबर सेकेंड लीड है।
उत्तर प्रदेश में भाजपा कार्यकर्ता घर बैठ गए हैं और अमित शाह ने कदम रखा है के साथ झारखंड में प्रधानमंत्री की चुनावी कोशिशों की खबर का शीर्षक है, “प्रधानमंत्री फोन टैप नहीं करते हैं : राहुल के आरोप पर पित्रोदा”। इस सूचना में कुछ नया नहीं है। नया यह है कि सैम पित्रोदा को ऐसा कहना पड़ा और दि एशियन एज ने पहले पन्ने पर छापा है। मेरे दूसरे अखबारों में यह पहले पन्ने पर नहीं है। जहां तक फोन टैप करने के राहुल गांधी के आरोप का सवाल है, यूं ही नहीं है। सरकार की चुप्पी भी बहुत कुछ कहती है। सरकार के पास फोन टैपिंग करने वाले सॉफ्टवेयर और इसके परिस्थितिजन्य साक्ष्य होने की खबरें हैं। आई फोन पर दबाव डालने के आरोप हैं और चुप्पी संदिग्ध है। सरकार की तरफ से अधिकृत तो कुछ नहीं है बाकी सब किसी लायक नहीं है।
मोदी शासन में फोन टैप किए जाने की शिकायत नई नहीं है। ध्रुव राठी ने भी कहा है कि दिल्ली में प्रदर्शन करने से रोकने के लिए उनका अपहरण कर लिया गया था और फोन भी ले लिया गया था। वापस मिलने के बाद जांच से पता चला कि उनके फोन की ‘क्लोनिंग’ करने की कोशिश की गई। इसमें इजराइली फॉरेंसिक सॉफ्टवेयर ‘सेलेब्राइट’ (Cellebrite) का उपयोग किए जाने की चर्चा है। जाहिर है, यह सब प्रधानमंत्री की सहमति के बिना नहीं चल रहा होगा और यह सहमति जब तक है तभी तक यह सब चलेगा या चल सकता है। वरना, फोन टैप के आरोप पर चंद्रशेखर की सरकार गिर गई थी।
हैदराबाद में तेलंगाना सरकार द्वारा आयोजित भारत समिट हेली लिंग का वीजा अंतिम समय में खारिज किए जाने के बाद कुछ ज्यादा ही चर्चा में है। दिल्ली के अखबारों में पहले पन्ने पर छपने लायक खबर हो गई है। इसीलिए देशबन्धु और कोलकाता के द टेलीग्राफ में लीड है तो द हिन्दू में सेकेंड लीड है। राहुल गांधी ने कल वहां जो भाषण दिया वह अपने आप में तो महत्वपूर्ण है ही, भारत सरकार द्वारा मेहमानों और आमंत्रितों को भाग लेने से रोक दिए जाने के लिए उन्होंने अफसोस भी जताया है। जाहिर है, भारत सरकार ने (बिना सोचे-समझे) मनमानी काररवाई नहीं की होती तो कार्यक्रम को महत्व नहीं मिलता। इसके बावजूद दिल्ली में इसे पहले पन्ने पर नहीं रखना अखबारों का पक्षपात बताता है। दुर्भाग्य से यह वैसा ही है जैसा भाजपाई प्रचारक करते हैं।
आप जानते हैं कि राहुल गांधी ने सरकार पर अपना फोन टैप करवाने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री के खिलाफ सबूत उनके फोन में है और चूंकि प्रधानमंत्री फोन टैप करवा रहे हैं इसलिए उन्हें पता है (होना चाहिए) कि राहुल गांधी के पास उनके खिलाफ क्या सबूत है। राहुल गांधी ने यह आरोप पहली बार नहीं लगाया है और न अकेला आरोप है। इसलिए इसे यूं ही नहीं उड़ाया जा सकता है। सरकार और भारतीय जनता पार्टी के समर्थक और प्रचारक चाहे जो करें, अखबारों को स्वतंत्र और निष्पक्ष दिखना चाहिए। वैसे ही जैसे चुनाव आयोग को दिखना चाहिए। चुनाव आयोग ने जो किया, भुगत रहा है और रोज यू टर्न ले रहा है। इससे यह तो साबित हो ही रहा है कि पहले गलत किया था।
दि इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार बहुत सारे निर्णय दो अन्य चुनाव आयुक्तों की सहमति के बिना या असहमति के बावजूद लिए गए थे। अब यू टर्न कैसे हो रहा है – पता नहीं लेकिन जो भी होगा आयोग को फंसाने के ही काम आएगा। यही स्थिति हैदराबाद के भारत समिट में होती दिख रही है। भाजपा ने इसे देश के खिलाफ कहा है लेकिन खबर तो खबर है और द टेलीग्राफ ने मूल खबर के साथ इसे भी छाप दिया है। खबर लीड बन पाई तो इसीलिए कि तथ्य ऐसे हैं। इस खबर का फ्लैग शीर्षक है, राहुल गांधी ने डेलीगेट्स से माफी मांगी (और कहा) ‘आने नहीं दिया गया’। मुख्य शीर्षक है, समिट में वोट चोरी की गूंज। इसके साथ सिंगल कॉलम की खबर का शीर्षक है, भाजपा को निमंत्रण में ‘एजेंडा’ दिख रहा है। द हिन्दू में सेकेंड लीड तीन कॉलम में है और शीर्षक है – राहुल गांधी ने कहा, 2014 में लोकतांत्रिक व्यवस्था नष्ट कर दी गई थी; विपक्षी दलों को हाशिए पर धकिया दिया गया था।
देशबन्धु ने पांच कॉलम की लीड का शीर्षक लगाया है, सत्य व अहिंसा से पीएम मोदी को सत्ता से हटाएंगे : राहुल। उपशीर्षक है, दुनिया के लिए भारत का लोकतंत्र बने रहना जरूरी। खबर के अनुसार, राहुल गांधी ने कहा कि देश में भाजपा के शासन में राजनीति व कारोबार का अंतर खत्म हो गया है। तमाम लोगों को रोक दिए जाने के बावजूद इसमें कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए। राहुल गांधी ने अपने भाषण से भाजपा का सच बताया और कहा कि दुनिया भर में फासिस्ट ऐसे ही हैं। दुनिया की भलाई के लिए उन्हें सत्ता से हटाया जाना चाहिए और भारत में राहुल गांधी बिना नफरत, डर व गुस्से के सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलते हुए प्रधानमंत्री मोदी व भाजपा को हराएंगे। हिन्दुस्तान टाइम्स में आज पहले और उससे पहले के अधपन्ने पर उसके अपने डीलरशिप समिट की खबरें भरी हुई हैं।
हिन्दी के बाकी तीनों अखबारों की लीड सरकारी खबरें हैं। अमर उजाला में लीड का शीर्षक है – केंद्र सख्त, वायु प्रदूषण कम नहीं हुआ तो अफसरों पर दर्ज होगा केस। सरकार ने कहा है – सिर्फ योजनाओं से काम नहीं चलेगा, उसे जमीन पर भी उतारें। दैनिक भास्कर की लीड दिल्ली की खराब हवा और एक्यूआई है। खबर के अनुसार, बहादुरगढ़ देश के सबसे प्रदूषित शहरों में है और दिल्ली दूसरे नंबर पर है। नवोदय टाइम्स की लीड छह राज्यों में 33 जगह सीबीआई छापे की खबर है। यह छापा महादेव सट्टेबाजी ऐप्प के सिलसिले में मारी गई है। मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को हाल में ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। उससे हुई पूछताछ और उसके खुलासों के बाद यह कार्रवाई की गई है।

मैं रोज चार हिन्दी और छह अंग्रेजी, कुल दस, कई बार इससे भी ज्यादा अख़बार देखकर उसकी खास बातें लिखता हूँ। अंग्रेजी की खबरों के खास अंशों का अनुवाद करता हूं। वह भी लिखता हूं जो अखबार नहीं लिखते या नहीं लिख सकते हैं। जो लिखता हूं उसमें बहुत कुछ याद से लिखा होता है। एआई का सहयोग होता है। कुछ अंग्रेजी अखबारों की खबरों का अनुवाद होता है। इसलिये भूल-चूक की आशंका है। कृपया कहीं उल्लेख करने या हवाला देने से पहले अपने स्तर पर पुष्टि कर लें।
