Connect with us

Hi, what are you looking for?

टीवी

वायु प्रदूषण के फायदे गिनिए, मोहन भागवत और रुबिका लियाकत को सुनिए!

जहरीली हवा के बीच टीवी एंकर रुबिका लियाकत के प्रदूषण के ‘फायदे’ वाले वीडियो पर अशोक झा और विश्वदीपक की व्यंग्यात्मक टिप्पणियां।

टीवी एंकर रुबिका लियाकत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सेल्फी लेती हुईं

अशोक झा

जब दिल्ली से लेकर पूरे उत्तर भारत के लोग अपने फेफड़ों में जमे काले धुएं को खांस-खांसकर बाहर निकालने की नाकाम कोशिश कर रहे थे, ठीक उसी ऐतिहासिक घड़ी में हमारे न्यूज़ स्टूडियो के वातानुकूलित माहौल से मोहतरमा रुबिका लियाकत ने वफादारी का ऐसा वैज्ञानिक चमत्कार कर दिखाया है कि आयुर्वेद के ऋषि चरक से लेकर आधुनिक मेडिकल साइंस के डॉक्टरों तक की आत्माएं स्वर्ग में बैठकर अपना माथा पीट रही हैं!

प्रधानमंत्री जी के साथ मिली महज एक अदद सेल्फी की चमक ने मोहतरमा के ज्ञानचक्षु ऐसे खोले कि उन्होंने कैमरे पर बैठकर अपनी घुटती हुई जनता को वायु प्रदूषण के फायदे गिना डाले और पत्रकारिता के इतिहास में भारत का नाम स्वर्णिम अक्षरों में सदा के लिए अंकित कर दिया!

सच पूछिए तो 500 पार के जहरीले AQI में भी अमृत ढूंढ निकालने के इस असाधारण और अलौकिक कारनामे के सामने सिर्फ एक सेल्फी का इनाम तो उनके इस महान त्याग को बहुत छोटा साबित कर रहा है; इसलिए भारत सरकार से करबद्ध निवेदन है कि इस ऐतिहासिक पत्रकारिता के सम्मान में रुबिका जी को कर्तव्य पथ पर बुलाकर कम से कम 21 तोपों की सलामी से नवाजा जाए—और हो सके तो उन तोपों में बारूद थोड़ा ज्यादा भरा जाए ताकि उससे निकलने वाले धुएं से देश को प्रदूषण के दो-चार फायदे और मिल सकें!

इतना ही नहीं, पत्रकारिता को इस अद्भुत मकाम और रसातल के एवरेस्ट तक पहुंचाने के लिए देश की कृतज्ञ जनता का भी यह परम कर्तव्य बनता है कि वे एक दिन के लिए अपने-अपने घरों में सभी सदस्यों के साथ रुबिका सम्मान समारोह आयोजित करें, मुंह पर N-95 मास्क और नाक में इनहेलर लगाकर मोहतरमा की तस्वीर की आरती उतारें और खांसते हुए ही सही, उनके नाम के जयकारे लगाएं!

वैसे देखा जाए तो रुबिका जी इस महायज्ञ की अकेली पुरोहित नहीं हैं, बल्कि उन्होंने तो ‘बकलोली वाली पत्रकारिता’ के उस गौरवशाली घराने की परंपरा को ही शिखर पर पहुंचाया है, जिसके क्रांतिकारी पूर्वजों ने कभी नोटबंदी की रात दो हजार के गुलाबी नोट में जमीन के 120 मीटर नीचे से सीधे सैटेलाइट को सिग्नल भेजने वाली नैनो जीपीएस चिप खोजकर नासा के वैज्ञानिकों को भी कोमा में भेज दिया था!

यह वही दिव्य दरबारी स्कूल है जहां कभी कोई वरिष्ठ ब्रो आका की कुर्सी पर आंच आते देख करोड़ों साल पुरानी अरावली की पहाड़ियों को ही दिल्ली का दम घोंटने का मुजरिम घोषित कर देता है, तो कोई महोदया बाथटब में लोटपोट होकर मौत का रहस्य सुलझाती हैं।

कोई हरा पर्दा लगाकर आसमान में राफेल उड़ाने लगता है, कोई पेट्रोल के शतक मारने और कमरतोड़ महंगाई को ‘मोटापा घटाने की सरकारी डाइटिंग स्कीम’ बताता है, और कोई अपनी रीढ़ की हड्डी स्टूडियो के बाहर खूंटी पर टांगकर बड़े अदब से यह राष्ट्रीय सवाल पूछता है कि हुजूर, आप आम काटकर खाते हैं या चूसकर और आप कभी थकते क्यों नहीं हैं? गुलाबी नोट की काल्पनिक चिप से शुरू हुआ चाटुकारिता का यह सफर आज एक सेल्फी का कर्ज उतारने के लिए जहरीली हवा के फायदे गिनाने तक आ पहुंचा है।

तो हे मेरे देश के मासूम नागरिकों, अब डॉक्टर की पर्चियों और एयर प्यूरीफायर को तुरंत कचरे के डिब्बे में फेंकिए, बस टीवी खोलकर इन ‘सेल्फी-जीवी’ कलमकारों के अमृतवचन सुनिए और गर्व से जहरीली हवा की लंबी-लंबी सांसें खींचिए, क्योंकि जब लोकतंत्र का चौथा स्तंभ ही सत्ता का चारण बनकर नाचने लगे, तो धुएं के गुबार को भी अमृतकाल की सुगंध मानकर झूम उठना ही आज के दौर की सबसे बड़ी देशभक्ति है! 嵐


विश्वदीपक

मुन्नालाल ने कहा कि कलेजा मेरा (जो कि स्टील का हो चुका है), पैसा मेरे बाप का। मैं चाहे जितने पटाखे फोड़ूं, तुम्हें क्यों दर्द हो रहा है? बकरीद पर तो नहीं बोलते जब बकरे काटे जाते हैं।

मैंने कहा- मुन्नालाल, सांस की जगह खून नहीं खींच सकते, इसलिए तुलना मत करो। दिवाली बीत गई। अब तो पटाखे फोड़ना बंद कर दो। शांत हो जाओ। उसने कहा- तुम चुप रहो वर्ना तुम्हें शांत कर दूंगा।

मैं चुप हो गया। फिर अखबार खोला तो देखा मोहन भागवत का बौद्धिक पहले पन्ने पर छपा है। संघ प्रमुख का कहना है कि पटाखे फोड़ने से पर्यावरण साफ होता है। कीट-पतंगे मर जाते हैं। वायरस भी नष्ट हो जाते हैं। मुझे मुन्नालाल की याद आई।

नागपुर में आरएसएस के विजयादशमी उत्सव 2026 में संबोधित करते संघ प्रमुख मोहन भागवत
संघ प्रमुख मोहन भागवत फाइल फोटो

शाम को समाचार पढ़ने के लिए लैपटॉप ऑन किया तो रुबिका लियाकत का वीडियो सामने आ गया, जिसमें वो प्रदूषण के फायदे गिनवा रही है। उसका कहना है कि जब बारूदी धुएं की चादर धरती को चारों ओर से घेर लेती है तो सूरज की किरणें धरती तक नहीं पहुंच पातीं। फलतः गर्मी कम लगती है।

इस बार मुन्नालाल और मोहन भागवत के साथ मुझे रुबिका लियाकत के गुरु सुधीर चौधरी की भी याद आ गई। नोटबंदी के फायदे गिनवाते हुए उसने कहा था कि 2000 के नोट में चिप लगी है जो सैटेलाइट से सीधे कनेक्ट होगी। अगर कोई आदमी काला धन छिपाएगा तो सैटेलाइट से सीधे उसकी लोकेशन पीएमओ को पता चल जाएगी। प्रदूषण के फायदे गिनवाने में शायद वो अपनी शिष्या से पीछे हो गया।

यहां पुराने पेरियारवादी दिलीप मंडल के विचारों को भी जानना ज़रूरी है। दिलीप मंडल अब कमंडलवादी हैं।

एक्स पर वो पटाखे की इकॉनमी समझा रहे थे। उनका कहना है कि पटाखे की ज्यादातर फैक्ट्रियां पेरियार के राज्य तमिलनाडु में हैं। पटाखा वहीं से आता है। संभवतः फैक्ट्री मालिक ओबीसी हैं, इसलिए प्रदूषण का मुद्दा उठाने वाले गरीब विरोधी और दूसरे शब्दों में ओबीसी विरोधी हैं।

इधर बीच बहुत सारे बीजेपी नेताओं ने भी पटाखे और प्रदूषण के फायदे गिनवाए हैं। उनका अलग से जिक्र करने का कोई अर्थ नहीं, इसलिए नाम नहीं लिख रहा हूं।

बारूदी पटाखों से होने वाले प्रदूषण के मुद्दे पर मुन्नालाल, मोहन भागवत, रुबिका लियाकत, दिलीप मंडल और बीजेपी नेताओं के बौद्धिक को एक जगह रखकर देखिए।

पता चल जाएगा कि बीमारी कहीं एक जगह नहीं लगी है। तीसरी दुनिया के चौथे दर्जे के देश भारत का समाज ऊपर से लेकर नीचे तक डिजनरेट हो चुका है। सड़ चुका है। यह प्रक्रिया हर दिन तेज़ हो रही है।

अगर यह सरकार और ऐसे बौद्धिक एक-दो टर्म और सत्ता में रह गए तो हिंदुओं की ऐसी नालायक पीढ़ियां तैयार होंगी जैसी कभी इतिहास में नहीं हुई होंगी।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास