राकेश कायस्थ-
शुक्रवार शाम साढ़े चार बजे का वक्त किसी भी मल्टीप्लेक्स के लिहाज से एक डल टाइम है। इसके बावजूद अंधेरी के फन रिपब्लिक का सिनेप्लेक्स थिएटर दो-तिहाई भरा हुआ था। विनोद कापड़ी की फिल्म ‘पायर’ (चिता) का आखिरी दृश्य खत्म हुआ और मैं अपनी सीट से उठा। बाहर जाने के लिए नहीं, बल्कि स्टैंडिंग ओवेशन वाले अंदाज़ में।
ताली मुझसे पहले किसी और ने बजाई, फिर मैंने, फिर कुछ और लोगों ने, लेकिन तालियाँ उस तरह नहीं बजीं जिसकी उम्मीद मुझे थी। जेहन में ख्याल आया, आखिर ऐसा क्यों? मुड़कर देखा तो साथ वाली सीट पर बैठी एक उम्रदराज महिला हथेलियों से चेहरा ढँके सिसक रही थीं।
कई और दर्शकों का भी यही हाल था। वो एकदम चुपचाप खड़े थे, लगभग संज्ञाशून्य!
पायर अंदर से मुझे भी खाली कर गया। दो दिन बीत चुके हैं, लेकिन वो खालीपन पहाड़ के सन्नाटे की तरह सांय-सांय बज रहा है। तमाम होती उम्र, अकेलापन, एक अनोखा प्रेम, विस्थापन, दरवाजे पर खड़ी मौत से बार-बार मुठभेड़ और इन सबके बीच जीने की उत्कट इच्छा। इन सबको मिलाकर अत्यंत मनोरम लेकिन असाधारण रूप से दुर्गम पहाड़ी जीवन में जो कहानी गूंथी गई है, उसके नतीजे में पायर जैसी फिल्म निकलकर सामने आई है।
अब किस से कहें हाल-ए-दिल-ए-ज़ार हमारा,
ख़ुद ही हमें करना है कफ़न-दफ़न हमारा
बेशक अहमद फराज़ का ये शेर पायर के अफसाने को बयान करने के लिए एकदम सटीक हो, लेकिन कहानी की सघनता के आगे थोड़ा हल्का ही लगता है। आमा और बुबू (दादा-दादी) कुमाऊँ के एक ऐसे मनोरम लेकिन दुर्गम गाँव में रहते हैं, जिसका सबसे बड़ा सच लगातार कठिन हो रहा जीवन और अपरिहार्य विस्थापन है।
75 साल की आमा बार-बार बीमार होती हैं और उनके 80 साल के बुबू बड़ी मुश्किल से उन्हें दो नौजवानों की मदद से पहाड़ी घर से नीचे उतारते हैं। लंबी पैदल यात्रा के बाद सड़क दिखाई देती है। वहाँ कोई गाड़ी मिलती है, जिसमें लदकर वो मीलों दूर सरकारी अस्पताल पहुँचते हैं।
इस अस्पताल यात्रा में आमा और बुबू के साथ एक बकरी भी होती है। शुरू में समझ में नहीं आता क्यों? ये बकरी डॉक्टर साहब की फीस है। बुबू सोचते हैं, “अभी कुछ बकरियाँ बाकी हैं, यानी बुढ़िया कुछ और दिन जिंदा रह सकती है।”
बुढ़िया शायद जिंदा रह भी जाएगी, लेकिन अगर मर गई तो जलाएगा कौन? चार कंधे अब गाँव में नहीं बचे और अस्पताल पहुँचाने वाले दोनों नौजवान भी जल्द नौकरी के लिए शहर का रुख करने वाले हैं। आमा और बुबू के लिए अब मरना जिंदगी का सबसे जरूरी काम बन गया है। वो मौत का इंतज़ार उस तरह कर रहे हैं, जैसे पहाड़ी बुजुर्ग मनी ऑर्डर का करते हैं। दोनों नौजवान भी कहने लगे, “बुबू, दो महीना बहुत होता है।”
गाँव खाली हो चुका है। बुबू अब खुद लकड़ियाँ काटकर घर के बाहर दो चिताएँ बनाते हैं। एक आमा के लिए और दूसरी अपने लिए। आमा चिंतित होकर पूछती हैं, “मैं अगर पहले चली गई तो तुम्हारी चिता को आग कौन लगाएगा?” बुबू आश्वस्त करते हैं कि तेरा भूत लगाएगा।
पहले किसकी चिता जली और जो बच गया उसका क्या हुआ, ये बातें आप सिनेमा हॉल में जाकर ही पता करें तो बेहतर है। फैंटेसी जैसी लगने वाली ये कहानी उत्तराखंड के पहाड़ी गाँवों की सच्चाई है, जहाँ वाकई अब चार कंधे ढूँढना बहुत मुश्किल है।
पायर की मार्केटिंग अपनी चिता बनाने वाले बूढ़े दंपती की कहानी के तौर पर हुई है। इससे ये भ्रम हो सकता है कि फिल्म में सब कुछ बहुत प्रेडिक्टेबल होगा, लेकिन ऐसा नहीं है। मृत्यु की तैयारी और वास्तविक मृत्यु के बीच का जो वक्त है, वहाँ धड़कते हुए दो दिल हैं, दोनों के बीच अगाध प्रेम है और जी भरकर झगड़े भी हैं। भयावह मौसम हैं और मौत से हर पल लड़ता पहाड़ी जीवन है। स्क्रीनप्ले यकीनन शानदार है और सुनने में साधारण लगने वाले असाधारण किस्म के संवाद इस फिल्म की एक बड़ी ताकत हैं।
विनोद कापड़ी पत्रकारिता में मेरे सीनियर रहे हैं। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के अपने शुरुआती करियर में मैंने उनके साथ तीन साल तक काम किया है। ज़ी न्यूज़ से मैं आज तक पहुँचा और उसके बाद इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ‘कापड़ी युग’ शुरू हुआ। बहुत से लोग उन्हें सनसनीखेज पत्रकारिता का सुपर हीरो मानते हैं, लेकिन एडिट के ज़रिये कहानी कहने की अभिनव शैली मेरे हिसाब से विनोद कापड़ी की सबसे बड़ी देन है।

कम फुटेज या बिना फुटेज के बड़े चैप्टर प्लेट और ग्राफिक्स के ज़रिये कहानी कहने की उनकी शैली की नकल पूरी टेलीविजन न्यूज़ इंडस्ट्री ने की। इसका असर बंबईया विज्ञापनों तक भी पहुँचा। ज़ी न्यूज़ से निकलने के बाद मेरा विनोद कापड़ी से कोई संपर्क नहीं रहा।
कई साल बाद पता चला कि ‘मिस टनकपुर हाज़िर हो’ नाम से उन्होंने एक फिल्म बनाई है। मैं बहुत उत्साह से वो फिल्म देखने गया, लेकिन ओम पुरी और अन्नू कपूर जैसे बड़े अभिनेताओं की मौजूदगी के बावजूद बहुत निराश होकर वापस लौटा। मुझे ऐसा महसूस हुआ कि न्यूज़ टेलीविजन छोड़ने के बाद अनलर्निंग का जो प्रोसेस है, कापड़ी जी उसे अभी पूरा नहीं कर पाए हैं। इस फिल्म के बाद उन्होंने कई और बड़े काम किए, जिनकी भरपूर प्रशंसा हुई, लेकिन मैंने उनमें से कुछ भी नहीं देखा।
पायर देखकर मैं चकित और पूरी तरह निशब्द हूँ। मेरे हिसाब से ये विनोद कापड़ी के करियर का फीनिक्स मोमेंट है। मैं वर्ल्ड सिनेमा का विशेषज्ञ नहीं, लेकिन एक छात्र जरूर हूँ। बड़े इंटरनेशनल फिल्म मेकर्स के साथ सत्तर के भारतीय पैरलल सिनेमा युग से लेकर अब तक सेल्फ-फंडेड या नॉन-मेनस्ट्रीम तक जो कुछ भी मुझे मिलता है, मैं देख डालता हूँ।
पायर के बारे में लगातार यह सुन रहा हूँ कि ये फिल्म इंटरनेशनल फेस्टिवल सर्किट में धूम मचा रही है। आगे क्या होगा, ये पता नहीं, लेकिन मेरी नज़र में ये ऑस्कर-विनिंग मूवी है। मराठी फिल्म ‘कोर्ट’ नॉन-एक्टर्स से बेहतर काम लेने के कारण सुर्खियों में आई थी। मेरे हिसाब से पायर इस मामले में उससे कहीं बेहतर फिल्म है।
कहने को बहुत कुछ है, लेकिन बात पहले ही काफी लंबी हो चुकी है। आखिर में सिर्फ इतना कहूँगा कि सिनेमाई कौशल से इस तरह की फिल्म नहीं बन सकती। इसके लिए दिल भी चाहिए। विनोद कापड़ी ने इसमें अपना दिल उँडेला है, इसलिए कहानी हर दिल को छू रही है।
सिनेमैटोग्राफी से लेकर साउंड डिज़ाइन और एडिट तक सब कुछ बेजोड़ है। पायर की पूरी टीम को मेरा सलाम पहुँचे। बड़ी रचनाएँ अक्सर रचनाकार से अलग होकर सार्वजनिक संपत्ति बन जाती हैं। पायर उन सिनेमा प्रेमियों की संपत्ति है, जो इसका ठिकाना ढूँढकर थिएटरों तक पहुँच रहे हैं। आप इस तरह की फिल्में देखते रहिए और उन्हें प्रमोट करते रहिए ताकि विनोद कापड़ी जैसे फिल्म मेकर इसी तरह फिल्में बनाते रहें।
फ़िल्म के पात्रों और डायरेक्टर विनोद कापड़ी से वरिष्ठ पत्रकार अजीत अंजुम की बातचीत देखें-
