Connect with us

Hi, what are you looking for?

छत्तीसगढ़

टंडन फाइल्स: खुद न्यूज़ पोर्टल चलाने वाले होटल कारोबारी दीपक टंडन पर हफ्ते भर में FIR की झड़ी!

न्यूज़ पोर्टल चलाने वाले रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन पर चार जिलों में आठ FIR। कुणाल शुक्ला ने पुलिस की देरी, ‘टंडन फाइल्स’ की गोपनीयता और पत्रकारों को कटघरे में खड़ा करने पर सवाल उठाए।

पुलिस हिरासत में दीपक टंडन, मीडिया रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट

रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन के खिलाफ बीते कुछ दिनों में एक के बाद एक मुकदमे दर्ज हुए हैं। दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और कोरबा, चार जिलों में कुल आठ प्राथमिकियां दर्ज हैं और पुलिस 11 अन्य शिकायतों की भी जांच कर रही है। ज्यादातर आरोप जमीन, गाड़ी बेचने और सरकारी ठेके या टेंडर दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी से जुड़े हैं।

इस पूरे प्रकरण का एक सिरा मीडिया से भी जुड़ता है। दीपक टंडन खुद ‘द हनी बैजर न्यूज़’ नाम का न्यूज़ पोर्टल चलाता था। बिलासपुर की सिरगिट्टी पुलिस ने इसी पोर्टल के संचालक के तौर पर उसे रायपुर से गिरफ्तार किया था। आरोप है कि AI तकनीक से तस्वीरें बदलकर आपत्तिजनक और भ्रामक खबरें प्रकाशित की गईं और उनके जरिए लोगों व संस्थाओं की छवि खराब कर ब्लैकमेल किया गया। इस गिरफ्तारी के बाद ही बाकी जिलों में शिकायतों और एफआईआर का सिलसिला तेज हुआ।

मामला तूल पकड़ने के बाद टंडन से कुछ पत्रकारों की नजदीकियों को लेकर भी स्थानीय मीडिया जगत में चर्चा शुरू हो गई है, और कुछ पत्रकारों ने ही एक पत्रकार को कटघरे में खड़ा किया है। रायपुर के कुणाल शुक्ला ने सोशल मीडिया पर सिलसिलेवार पोस्ट लिखकर इस रवैये के साथ-साथ पुलिस की देर से हुई कार्रवाई और टंडन दंपती से जुड़ी डिजिटल सामग्री पर बरती जा रही गोपनीयता पर सवाल उठाए हैं। उनकी पोस्ट्स, उन्हीं के शब्दों में:

एक हफ़्ते में अचानक ऐसा क्या हुआ कि प्रदेश के तीन जिलों की पुलिस को दीपक टंडन के कथित अपराध नज़र आने लगे और धड़ाधड़ एफआईआर दर्ज होने लगीं? सवाल यह है कि दीपक टंडन को इतना लंबा वक्त और इतनी छूट आखिर क्यों दी गई? किसी एक मामले में भी समय रहते कार्रवाई हो गई होती, तो शायद चार लोग ठगी का शिकार होने से बच जाते। पूरे घटनाक्रम को देखें तो यह मामला सिर्फ ठगी का नहीं, बल्कि पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। समय रहते कार्रवाई न होना ही इस पूरे प्रकरण में सिस्टम और पुलिस प्रशासन की विफलता को उजागर करता है।

टंडन फाइल्स में आखिर किस-किस का चेहरा छिपाया जा रहा है? दीपक टंडन और बरखा टंडन के मोबाइल फोन एवं डीवीडी से बरामद चैट, वीडियो और तस्वीरें सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही हैं? मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इन उपकरणों से कई रसूखदार लोगों के आपत्तिजनक चैट, वीडियो और तस्वीरें बरामद हुई हैं। अगर ऐसा है तो फिर इन रसूखदारों के नाम और उनसे जुड़ी जानकारी जनता के सामने आने में इतनी गोपनीयता क्यों बरती जा रही है? आखिर कानून की गोपनीयता सिर्फ रसूखदारों की प्रतिष्ठा बचाने के लिए है या आम जनता को भी सच्चाई जानने का अधिकार है?

दीपक टंडन प्रकरण में कुछ पत्रकारों द्वारा ही किसी पत्रकार को कटघरे में खड़ा करना समझ से परे है। पड़ताल करना ही पत्रकारिता का काम है। खबरों की तलाश में पत्रकार को राजा से लेकर रंक तक और संत से लेकर ठग तक, हर किसी से मिलना पड़ता है, ताकि सच को सामने लाकर जनता तक पहुँचाया जा सके। मैं अपने पत्रकार साथियों के साथ हर हाल में खड़ा हूँ। पत्रकार का काम खबर की पड़ताल करना है, न कि हर उस व्यक्ति के चरित्र का प्रमाणपत्र देना जिससे वह खबर के सिलसिले में मिलता अथवा उठता बैठता है।

कुणाल शुक्ला, सोशल मीडिया पोस्ट्स में

पुलिस में दर्ज शिकायतों और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक दर्ज आठ एफआईआर में दीपक टंडन पर, और कुछ मामलों में उनकी पत्नी बरखा टंडन पर भी, ये आरोप हैं:

बिलासपुर, AI से तस्वीरें बदलकर ब्लैकमेलिंग: तिफरा निवासी मणिशंकर पांडेय ने 29 अक्टूबर को सिरगिट्टी थाने में शिकायत दी कि उनकी तस्वीर AI तकनीक से बदलकर न्यूज़ पोर्टल और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भ्रामक और अपमानजनक शीर्षकों के साथ खबरें चलाई गईं। आरोप है कि ऐसा उनकी प्रतिष्ठा खराब करने और उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए किया गया। इसी मामले में दीपक टंडन की गिरफ्तारी हुई। पुलिस के मुताबिक इस केस में उसका साला और कुछ सहयोगी फरार हैं।

रायपुर, होटल की सील तोड़कर कब्जा: वीआईपी रोड स्थित साधना मंडप (होटल वेलकम श्री) को लेकर आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दी। आरोप है कि लीज खत्म होने के बाद भी टंडन दंपती ने कब्जा नहीं छोड़ा, नगर निगम की लगाई सील तोड़कर जबरन प्रवेश किया, ताला तोड़ा, अश्लील हरकत की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की आठ धाराओं में केस दर्ज किया है। इस मामले में बरखा टंडन सह-आरोपी हैं और पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ कर चुकी है।

रायपुर, जमीन और रेस्टोरेंट बेचने के नाम पर 36 लाख: शंकर नगर के बीयर कारोबारी आशीष जायसवाल का आरोप है कि दीपक और बरखा टंडन ने उन्हें 16,500 वर्गफुट जमीन और उस पर चल रहा एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट 1 करोड़ 16 लाख रुपये में बेचने का सौदा किया। उन्होंने 36 लाख 16 हजार रुपये दे दिए, लेकिन बाद में पता चला कि जमीन टंडन के नाम पर है ही नहीं। रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज, जान से मारने और एससी-एसटी एक्ट के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है।

रायपुर, फॉर्च्यूनर बेचने के नाम पर 20 लाख: आशीष जायसवाल की दूसरी शिकायत के मुताबिक अगस्त 2025 में दीपक टंडन ने 2023 मॉडल की फॉर्च्यूनर लीजेंडर 20 लाख रुपये में बेचने का प्रस्ताव दिया और डीलर की डिलीवरी रसीद दिखाकर नकद रकम ले ली। न गाड़ी मिली, न पैसे लौटे, और बाद में पता चला कि गाड़ी भी टंडन के नाम पर नहीं थी।

रायपुर, SECL में ठेका दिलाने के नाम पर 56 लाख: तेलीबांधा थाने में दर्ज दो और मामलों में आरोप है कि टंडन ने SECL कोरबा में सुरक्षा गार्डों की तैनाती और कोयला परिवहन का ठेका दिलाने का झांसा देकर 2022 में रूद्रा सिक्योरिटी ग्रुप के प्रबंधक विकास कुमार नागले से 25 लाख रुपये और सुरक्षा एजेंसी संचालक श्याम सिंह ठाकुर से 31 लाख रुपये लिए। गारंटी के तौर पर दिए गए चेक बाउंस हो गए। पीड़ितों का आरोप है कि रकम मांगने पर उन्हें होटल में बंधक बनाने और परिजनों को जान से मारने की धमकी दी गई, और टंडन कभी खुद को SECL का वरिष्ठ अधिकारी तो कभी मुख्य प्रबंध निदेशक बताता था।

सक्ती, कोयला टेंडर के नाम पर 15 लाख: सिटी कोतवाली थाने में किशन शर्मा ने शिकायत दी कि मार्च 2022 में दीपक टंडन ने बड़े अधिकारियों से पहचान का दावा कर सरकारी कोयला टेंडर दिलाने के नाम पर उनसे चेक के जरिए 15 लाख रुपये लिए और गारंटी में बंद बैंक खाते का चेक दे दिया।

कोरबा, 27.90 लाख की ठगी और धमकी: दीपका थाने में कोयला व्यापारी अंकित सिंह ने आरोप लगाया है कि टंडन ने उनके पिता महेंद्र सिंह से 27 लाख 90 हजार रुपये की धोखाधड़ी की। इस पर 2020 में भी दीपका थाने में केस दर्ज हुआ था। अंकित के मुताबिक समझौते के बाद 2023 में दिया गया पांच लाख रुपये का चेक पहले से होल्ड करा दिया गया था, और 2024 में रकम मांगने पर टंडन ने जान से मारने व एससी-एसटी एक्ट के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।

इनमें से पांच एफआईआर अकेले रायपुर जिले में दर्ज हैं, जबकि बिलासपुर, सक्ती और कोरबा में एक-एक। इसके अलावा पुलिस 11 पुरानी शिकायतों की भी जांच कर रही है।

इन दर्ज मामलों के अलावा मीडिया रिपोर्ट्स में टंडन दंपती को लेकर कुछ और गंभीर आरोप भी सामने आए हैं। इनमें से किसी पर अलग एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है:

होटल के कमरों के जरिए ब्लैकमेलिंग: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक (पत्रिका, 13 नवंबर), आरोप है कि टंडन अपने होटल में जोड़ों को दो-दो घंटे के लिए करीब 1500 रुपये में कमरा देता था और बाद में युवतियों को ब्लैकमेल करता था। रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस को होटल के सीसीटीवी कैमरों से फोटो-वीडियो बनाए जाने की जानकारी मिली है, और दीपक के तीन मोबाइल व बरखा के मोबाइल में इससे जुड़ी चैट और फोटो-वीडियो होने का पता चला है। बिलासपुर पुलिस ने मोबाइल फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे हैं और रायपुर पुलिस ने बरखा का मोबाइल जब्त किया है। ब्लैकमेलिंग में कुछ और लोगों की भूमिका की भी पड़ताल हो रही है।

नेताओं और अफसरों से पैसे ऐंठने का आरोप: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टंडन ने एक भाजपा नेत्री से भी लाखों रुपये ठगे। वह बड़े नेताओं के साथ खिंचवाई तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालता था। होटल में आने-जाने वाले कुछ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से तबादले और पोस्टिंग के नाम पर लाखों रुपये लेने का भी आरोप है।

होटल में अवैध स्पा: मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक (हरिभूमि, 14 नवंबर), वीआईपी रोड के होटल वेलकम श्री की ऊपरी मंजिल पर गुफानुमा ढांचे में अलग-अलग केबिन बनाकर अवैध रूप से स्पा चलाया जा रहा था, जिसका बाकायदा रेट चार्ट भी था। यह वही परिसर है जिस पर कब्जे को लेकर सरिता बाजपेयी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बरखा टंडन को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, और रायपुर पुलिस को अदालत से दीपक टंडन को रायपुर के मामलों में गिरफ्तार करने और पूछताछ के लिए रिमांड मांगने की अनुमति मिल गई है।

दीपक और बरखा टंडन पर लगे सभी आरोप फिलहाल पुलिस जांच के दायरे में हैं और इनका अदालत में साबित होना बाकी है।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास