Connect with us

Hi, what are you looking for?

health

ब्रश के बाद गिलास भर पानी से कुल्ला करते हैं? कम हो सकता है टूथपेस्ट के फ्लोराइड का फायदा

ब्रश के बाद गिलास भर पानी से कुल्ला करने से लार में फ्लोराइड जल्दी कम हो जाता है। डॉ. रोहित रमन पांडेय बता रहे हैं टूथपेस्ट का पूरा फायदा लेने का सही तरीका।

डॉ. रोहित रमन पांडेय

डॉ रोहित रमन पांडेय-

OPD में एक मरीज बोला — “डॉक्टर साहब, दिन में दो बार ब्रश करता हूँ, फिर भी हर साल नया कीड़ा निकल आता है।”

मैंने पूछा — ब्रश करके क्या करते हो?

बोला — “खूब पानी से मुँह धो लेता हूँ। एकदम साफ।”

मैं मुस्कुराया — यहीं से फर्क पड़ सकता है।

हम ब्रश तो सही करते हैं, लेकिन टूथपेस्ट का पूरा फायदा तभी मिलता है, जब फ्लोराइड दांतों पर थोड़ी देर और रुके।

टूथपेस्ट में फ्लोराइड होता है। यह दांत को दोबारा मजबूत बनाने (remineralization) में मदद करता है — कैल्शियम और फॉस्फेट को वापस खींचता है, और सतह को एसिड से ज्यादा लड़ने लायक बनाता है।

ब्रश के बाद अगर भर गिलास पानी से कुल्ला कर लिया, तो लार में फ्लोराइड की मात्रा जल्दी कम हो जाती है। फायदा पूरी तरह खत्म नहीं होता, लेकिन कम हो जाता है।

बड़ी डेंटल संस्थाएं, जैसे American Dental Association, यही कहती हैं — ज्यादा पानी से कुल्ला मत कीजिए। थूक दीजिए, और फ्लोराइड को काम करने दीजिए।

रिसर्च में देखा गया है कि बिना ज्यादा कुल्ले के थूकने वालों की लार में 15–30 मिनट तक फ्लोराइड ज्यादा रहता है। स्कॉटलैंड में स्कूली बच्चों पर हुई बड़ी स्टडीज (1990s) में जो बच्चे बीकर/गिलास से खूब पानी से कुल्ला करते थे, उनमें सड़न का बढ़ाव (caries increment) ज्यादा मिला; जो हल्का कुल्ला करते थे या ज्यादा पानी इस्तेमाल नहीं करते थे, उनमें कम। ये अवलोकन संबंधी आंकड़े हैं, लेकिन पैटर्न साफ रहा।

सही तरीका

  • 2 मिनट फ्लोराइड टूथपेस्ट से ब्रश करें, फिर अच्छी तरह थूक दें।
  • तुरंत गिलास भर पानी से कुल्ला न करें।
  • करना ही हो तो हथेली से एक छोटा घूंट, एक-दो बार। या 15–20 मिनट रुकें।
  • संभव हो तो 10–30 मिनट तक कुछ न खाएं-पिएं, ताकि फ्लोराइड काम करे।
  • जिनको कैविटी ज्यादा होती है (मीठा ज्यादा, मुँह सूखता है, ब्रेसेस लगे हैं, पहले सड़न रही हो) — उनके लिए ये और ज्यादा फायदेमंद है। कम जोखिम वाले लोगों में फर्क छोटा हो सकता है, लेकिन नुकसान नहीं।

थूकें जोर से, पतली परत रहने दें, उसे काम करने दें।

आप ब्रश के बाद कुल्ला करते हैं या सिर्फ थूकते हैं?


ये जागरूकता के लिए है, व्यक्तिगत सलाह नहीं। बच्चों के लिए डेंटिस्ट से मात्रा और तरीका पूछ लें।

बाकी सब प्रभु की माया है। 🙏

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास