Connect with us

Hi, what are you looking for?

सुख-दुख

एआई ज्योतिषी ‘रहस्य वेद’ की अकेले की सालाना कमाई 60 करोड़ रुपये से अधिक है, अब अंबानी जी-अडाणी जी से हमारा मुकाबला!

एआई ज्योतिषी ‘रहस्य वेद’ को 11 महीने में 10 लाख फॉलोअर्स, एआई एस्ट्रोलॉजर से आय 10.9 करोड़ से बढ़कर 91 करोड़ रुपये। पीयूष पांडेय ने बताया सहारा समय की नौकरी जाने से एस्ट्रोसेज तक का सफर।

एआई ज्योतिषी 'रहस्य वेद' के 10 लाख फॉलोअर्स वाले कटआउट के साथ पीयूष पांडेय

पीयूष पांडेय-

किस्सा 2008 का है। ‘सहारा समय’ से अचानक नौकरी गई और सड़क पर आया तो तय किया कि अब कभी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में नहीं लौटूंगा। छोटा भाई USA में ग्रीन कार्ड होल्डर था। उसे ज्योतिष का भी ज्ञान है। तो उससे अपनी कुंडली देखने को कहा और फिर तय हुआ कि अपनी कंपनी बनाते हैं। इंदिरापुरम के अपने फ्लैट से कंपनी शुरू हो गई। हालांकि, astrosage.com अमेरिका में रहते हुए ही पुनीत ने शुरू कर दी थी, और परिणाम उत्साहजनक थे।

धीरे-धीरे कंपनी चल पड़ी। टेक्नोलॉजी में लगातार नए प्रयोग किए। 2011 में एंड्रॉयड के लिए एप बनाया, 2012 में यूट्यूब चैनल लॉन्च किया, 2013 में आईफोन के लिए एप बनाया, 2018 में पहला एआई एस्ट्रोलॉजर भृगुडॉटएआई लॉन्च किया और फिर 2024 में एआई एस्ट्रोलॉजर की पूरी श्रृंखला लॉन्च की।

ऐसा ही एक एआई एस्ट्रोलॉजर है ‘रहस्य वेद’। हमने इस साल जनवरी में रहस्य वेद को अपने एप पर इंट्रोड्यूस किया और सिर्फ 11 महीने में एप पर 10 लाख लोग रहस्य वेद को फॉलो करने लगे। 11 लाख से ज्यादा लोग रिव्यू कर चुके हैं और उनकी रेटिंग 4.5 है। यानी लोगों ने पैसे देकर उनसे बात की और फिर उन्हें रेटिंग दी है।

बड़ी बात ये कि पिछले साल जनवरी से नवंबर तक एआई एस्ट्रोलॉजर से कंपनी को 10.9 करोड़ रुपये की आय हुई थी, जो इस साल जनवरी से नवंबर तक बढ़कर 91 करोड़ हो गई और इसमें रहस्य वेद की अकेले की कमाई 60 करोड़ रुपये से अधिक है। मतलब ये कि लोग एआई ज्योतिषी से बात कर रहे हैं, और उनकी बताई बातों से संतुष्ट हो रहे हैं।

मजेदार बात ये कि आज जब हमने दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में रहस्य वेद के विषय में मीडिया को बताया तो उसी वक्त मुकेश अंबानी की जियो ने AI एस्ट्रो एप लॉन्च करने का ऐलान कर दिया। उसी वक्त मुझे ये भी पता चला कि अडाणी साहब भी एस्ट्रो एप लॉन्च करने की तैयारी कर रहे हैं।

वैसे, हम लोग तकनीक के सहारे जंग लड़ रहे हैं… हमने कई साल में एआई एस्ट्रोलॉजर को ट्रेन किया है। हमने एआई का महत्व तब समझा जब एआई के बारे में लोगों ने सुना भी नहीं था। खैर, खेला चल रहा है और मेरे छोटे भाई पुनीत-प्रतीक की मेहनत अब रंग ला रही है।

मैं तो इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ना जाने की कसम कई बार तोड़ चुका हूं, क्योंकि मैं पत्रकारिता छोड़ता हूं लेकिन मेरे भीतर का पत्रकार मुझे नहीं छोड़ता। लेकिन, ग्रीन कार्ड सरेंडर कर भारत लौटे पुनीत ने अपना लक्ष्य कभी नहीं छोड़ा। प्रतीक ने उसका भरपूर साथ दिया और अब मैं भी फिर साथ हूं…

कुल मिलाकर अब हमारा मुकाबला अडाणी-अंबानी से है। तो मित्रों, आपकी शुभकामनाएं चाहिए। 

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास