Connect with us

Hi, what are you looking for?

आवाजाही

रवि श्रीवास्तव बने एनडीटीवी के चीफ लीगल एंड रेगुलेटरी ऑफिसर

ब्रॉडकास्टिंग, मीडिया, टेलीकॉम और अन्य रेगुलेटेड इंडस्ट्री में लीगल, रेगुलेटरी और गवर्नेंस विभागों का 20 साल से ज्यादा का अनुभव रखने वाले रवि श्रीवास्तव ने एनडीटीवी में चीफ लीगल एंड रेगुलेटरी ऑफिसर के रूप में ज्वाइन किया है।

एनडीटीवी के नए चीफ लीगल एंड रेगुलेटरी ऑफिसर रवि श्रीवास्तव

एनडीटीवी ने रवि श्रीवास्तव को चीफ लीगल एंड रेगुलेटरी ऑफिसर नियुक्त किया है। ब्रॉडकास्टिंग, मीडिया, टेलीकॉम और अन्य रेगुलेटेड इंडस्ट्री में लीगल, रेगुलेटरी और गवर्नेंस विभागों की कमान संभालने का उन्हें 20 साल से ज्यादा का अनुभव है। नेटवर्क का कहना है कि यह नियुक्ति मजबूत गवर्नेंस, बेहतर रेगुलेटरी व्यवस्था और ऐसे कानूनी ढांचे के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को और पुख्ता करती है, जो उसके विस्तार में मददगार हो।

रवि श्रीवास्तव अनुभवी लीगल लीडर हैं। रेगुलेटरी कंप्लायंस, कमर्शियल कॉन्ट्रैक्टिंग, कॉरपोरेट गवर्नेंस, मुकदमेबाजी और बोर्ड स्तर की सलाह में उनकी गहरी पकड़ है। अपने करियर में उन्होंने कई प्रमुख भारतीय और वैश्विक संस्थानों में लीगल विभाग खड़े किए और उनका नेतृत्व किया। उनके कई अहम फैसलों और नतीजों ने इंडस्ट्री के कामकाज के तौर-तरीकों को दिशा दी है।

एनडीटीवी से पहले वे शिक्षा और सर्विसेज से जुड़े एम्परसैंड ग्रुप में ग्रुप जनरल काउंसल थे, जहां पूरा लीगल विभाग उन्हीं के जिम्मे था। इससे पहले वे इनटेक ऑर्गेनिक्स में लीगल और रेगुलेटरी विभाग के प्रमुख रहे, हैथवे डिजिटल में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (लीगल एंड रेगुलेटरी) रहे और सारेगामा इंडिया में हेड ऑफ लीगल की जिम्मेदारी संभाली।

उन्होंने करीब नौ साल स्टार इंडिया (21st सेंचुरी फॉक्स) में वाइस प्रेसिडेंट (लीगल एंड रेगुलेटरी) के रूप में काम किया। वहां वे ट्राई (TRAI) के इंटरकनेक्ट रेगुलेशंस के लिए नामित कंप्लायंस ऑफिसर थे और उन्होंने एक बड़े डीटीएच ऑपरेटर के साथ 300 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक डिस्ट्रीब्यूशन डील को अंजाम तक पहुंचाया। ब्रॉडकास्टिंग कंटेंट कंप्लेंट्स काउंसिल (BCCC) की स्थापना में भी उनकी भूमिका रही और केबल टेलीविजन एक्ट में उन संशोधनों में उन्होंने योगदान दिया, जिनसे डिजिटाइजेशन अनिवार्य हुआ। हॉटस्टार की लॉन्चिंग से जुड़े कमर्शियल कॉन्ट्रैक्ट्स की निगरानी भी उन्होंने की और लगातार दो साल स्टार इंडिया का ‘गेम चेंजर्स’ अवॉर्ड हासिल किया।

रवि श्रीवास्तव ने दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी और दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पोस्टग्रेजुएट डिग्री हासिल की है।

एनडीटीवी के सीईओ और एडिटर-इन-चीफ राहुल कंवल ने कहा, “एनडीटीवी टेलीविजन, डिजिटल और नए प्लेटफॉर्म्स पर लगातार आगे बढ़ रहा है, ऐसे में मजबूत कानूनी और रेगुलेटरी आधार बेहद जरूरी है। रवि के पास ब्रॉडकास्टिंग रेगुलेशन और गवर्नेंस की दुर्लभ गहराई है। भारत के कुछ सबसे जटिल रेगुलेटरी माहौल में कारोबार को सुरक्षित रखने और आगे बढ़ाने का उनका साबित रिकॉर्ड है। एनडीटीवी परिवार में उनका स्वागत करते हुए मुझे बेहद खुशी है।”

अपनी नियुक्ति पर रवि श्रीवास्तव ने कहा, “एनडीटीवी भारत के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में से एक है। तेजी से बदलते मीडिया और रेगुलेटरी परिदृश्य में लीगल विभाग को कारोबार का रणनीतिक साझेदार होना चाहिए, जो संस्थान की सुरक्षा भी करे और उसके विकास का रास्ता भी खोले। मैं लीडरशिप और टीमों के साथ मिलकर एनडीटीवी की यात्रा के अगले पड़ाव के लिए उसके गवर्नेंस और कानूनी ढांचे को मजबूत करने के लिए उत्सुक हूं।”

नई भूमिका में रवि श्रीवास्तव एनडीटीवी के लीगल, रेगुलेटरी और कंप्लायंस विभागों का नेतृत्व करेंगे। वे गवर्नेंस, कमर्शियल साझेदारियों, कंटेंट और डिस्ट्रीब्यूशन से जुड़े मामलों और रेगुलेटरी मामलों पर लीडरशिप को सलाह देंगे।

यह नियुक्ति दिखाती है कि एनडीटीवी अपने प्लेटफॉर्म्स, ब्रांड्स और साझेदारियों का दायरा बढ़ाते हुए एक मजबूत संस्थागत नींव तैयार करने पर लगातार ध्यान दे रहा है।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास