मोदी राज में पाकिस्तानी बहनों और जीजाओं का दिल्ली में खूब सरकारी आवभगत कराया जा रहा है। मोदी के केंद्रीय मंत्री इन्हें सरेआम बिरियानी खिला रहे हैं। दमा दम मस्त कलंदर सुनते हुए मोदी जी घुटने पर थपकी देकर ताल में ताल मिला रहे हैं। अंधभक्तों को पाकिस्तान हुआ है, इनको बधाई!
वैसे किसी चैनल में पाकिस्तान पर बरस रहे मोदी प्रेम को लेकर चर्चा डिबेट नहीं होगी। भड़ास सच बताता दिखाता रहेगा। -यशवंत सिंह
नई दिल्ली। जिस सरकार ने पहलगाम के बाद देश से कहा था कि आतंक और बातचीत साथ नहीं चल सकते, उसी सरकार की मेज़बानी में पाकिस्तान का एक संघीय मंत्री दिल्ली में तीन दिन घूम रहा है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुराना क़िला में पहले SCO सिविलाइज़ेशनल डायलॉग फ़ोरम का उद्घाटन किया। मई 2023 के बाद यह किसी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की पहली भारत यात्रा है।
कागज़ पर यह एक बहुपक्षीय मंच है। लेकिन तस्वीरें कुछ और ही कहानी कह रही हैं।
मोदी से तीन सीट दूर बैठे मलिक
कांग्रेस ने उद्घाटन समारोह की एक तस्वीर जारी की है, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी और मुसादिक मलिक एक ही दर्शक-दीर्घा में बैठे दिख रहे हैं। पार्टी का आरोप है कि यह वही मंत्री हैं जिन्होंने भारत का “हाथ काटने” और “खून बहाने” की धमकी दी थी। कांग्रेस ने तंज़ कसा कि अब इन्हें बिरयानी भी खिलाई जाएगी और ताजमहल भी घुमाया जाएगा।

कांग्रेस की सोशल मीडिया प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने भी यही तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री से महज़ तीन सीट दूर बैठे इस मंत्री ने हिंदुस्तान का हाथ काटने की बात कही थी। उन्होंने प्रधानमंत्री पर “compromised” होने का आरोप लगाया।

एक ही टेबल पर शेखावत और मलिक
दूसरी तस्वीर ने विवाद और बढ़ा दिया। इसमें केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भोजन की एक ही मेज़ पर मुसादिक मलिक के साथ बैठे दिख रहे हैं। सुप्रिया श्रीनेत ने लिखा कि मलिक का न सिर्फ़ भरपूर स्वागत किया गया, बल्कि मोदी के मंत्री उन्हीं की टेबल पर जा बैठे, जबकि चाहते तो कहीं और भी बैठ सकते थे।

टिप्पणीकार तहसीन पूनावाला ने इसी तस्वीर पर लिखा कि पहलगाम में आतंकियों ने पहचान पूछकर निर्दोष लोगों को मारा और आज हमारे केंद्रीय मंत्री दिल्ली में पाकिस्तान के साथ आराम से भोजन कर रहे हैं। उनके शब्दों में, साफ़ है कि हमारा खून सस्ता है और सत्ता ही सब कुछ है।

दिल्ली हाट में शॉपिंग, ताजमहल की तैयारी
PTI और ANI के वीडियो में मलिक की पत्नी आईएनए स्थित दिल्ली हाट में ख़रीदारी करती दिख रही हैं। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़ मंत्री के ताजमहल दौरे की भी योजना है। पत्रकार रणविजय सिंह ने लिखा कि मोदी सरकार अपने पाकिस्तानी दोस्तों को ख़ुश रखने के लिए बहुत कुछ कर रही है, खाना, पीना, घूमना, सबका ध्यान रखा जा रहा है।

सोशल मीडिया पर लोग पूछ रहे हैं कि जिन क्रिकेटरों को पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ न मिलाने को कहा गया, उसी देश के मंत्री के परिवार को पूरे प्रोटोकॉल के साथ सैर क्यों कराई जा रही है। मुकेश माथुर ने लिखा कि “पानी रोकने की कोशिश करने वाले हाथों को काट दिया जाएगा” कहने वाला आज हमारा मेहमान है।

रणविजय सिंह ने एक और ट्वीट में तंज़ कसा कि बिरयानी, कबाब, खीर और घूमना, पाकिस्तानियों के लिए यह दौरा यादगार रहेगा, पूरी सरकार सेवा में लगी है, और यह दरअसल ऐसा “मास्टरस्ट्रोक” है जिसके बारे में “धुरंधर 3” में बताया जाएगा।

आतंक के सवाल पर चुप्पी
सबसे चुभने वाली बात यह है कि दिल्ली में खड़े होकर भी मलिक आतंकवाद पर सीधा जवाब देने से बचे। उन्होंने रिश्ते सुधारने की बात तो की, लेकिन सीमा-पार आतंकवाद से जुड़े सवालों को टालते हुए बहुपक्षीय संवाद पर ज़ोर दिया। सोशल मीडिया पर विनय महाबल मिश्रा ने आरोप लगाया कि पहलगाम हमले के समय इसी मंत्री ने उल्टा भारत पर ही हमला कराने का आरोप लगाकर भारत के ख़िलाफ़ जांच की मांग की थी, और आज उसी मंत्री को परिवार समेत सम्मान दिया जा रहा है।

“बेहद शर्मनाक और दुखद”
शिवसेना (UBT) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने इसे बेहद शर्मनाक और दुखद बताया। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री ने देश से वादा किया था कि आतंक के साथ ज़ीरो टॉक होगी, लोगों को भरोसा था कि जब तक पाकिस्तान आतंक नहीं रोकता, उससे कोई बातचीत नहीं होगी। लेकिन आज भारत-विरोधी बातें कहने वाले मंत्री का स्वागत करने को मजबूर होना पड़ रहा है।

“बिरयानी पॉलिटिक्स” वाले अब क्या कहेंगे?
याद कीजिए, UPA के दौर में पाकिस्तान के साथ हर कूटनीतिक मुलाक़ात को भाजपा “बिरयानी पॉलिटिक्स” कहकर कोसती थी। आज पहलगाम और मई 2025 के सैन्य टकराव के बाद वही मेहमाननवाज़ी “सिविलाइज़ेशनल डायलॉग” कहलाने लगी है। सोशल मीडिया पर लोग पूछ रहे हैं कि अगर यही काम किसी और सरकार ने किया होता तो क्या भाजपा और उसके समर्थक चैनल चुप रहते?

स्टूडियो मीडिया की खामोशी
वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र नाथ मिश्रा ने एक और गंभीर सवाल उठाया है। उनका आरोप है कि पाकिस्तानी मंत्री जिन कार्यक्रमों में शामिल हुए, वहां भारतीय मीडिया की एंट्री बंद कर दी गई, जबकि पाकिस्तानी मीडिया को अंदर जाने दिया गया। मिश्रा के मुताबिक़ जो टीवी स्टूडियो पाकिस्तानी सीरियल देखने वालों तक की देशभक्ति पर सवाल उठाते रहते हैं, वे इस पूरे दौरे को जानबूझकर लो-प्रोफ़ाइल रख रहे हैं। उनका तंज़ है कि जब पाकिस्तान के साथ क्रिकेट भी खेलना है और उसके मंत्रियों का स्वागत भी करना है, तो पाकिस्तानी सीरियलों के टेलीकास्ट की भी अनुमति दे दीजिए।

सरकार की सफ़ाई
विदेश मंत्रालय ने इस बीच दोहराया है कि सिंधु जल संधि पर भारत का रुख़ नहीं बदला है। सरकार समर्थकों का तर्क है कि यह भारत की मेज़बानी वाला बहुपक्षीय SCO आयोजन है, जिसमें सदस्य देशों को बुलाना मेज़बान की ज़िम्मेदारी है, यह कोई द्विपक्षीय बातचीत नहीं। ख़ुद मलिक ने भी कहा कि वे “बहुपक्षीय संदर्भ” में दिल्ली आए हैं।
लेकिन विपक्ष का सवाल नीति के कागज़ी रुख़ पर नहीं, उस दोहरे मापदंड पर है जिसमें घरेलू मंच पर पाकिस्तान के ख़िलाफ़ ललकार और दिल्ली में उसी पाकिस्तान के मंत्री के लिए रेड कार्पेट, दोनों एक साथ चल रहे हैं।
संबंधित खबर: SCO इवेंट में भारतीय मीडिया की नो एंट्री, पाकिस्तानी पत्रकार अंदर बनाते रहे वीडियो!


