Connect with us

Hi, what are you looking for?

साहित्य

राजेंद्र यादव जी, आप इस वक्त कहां होंगे? नरक की लिफ्ट में या अपने गंतव्य पर!

किताबों की रैक में राजेंद्र यादव की किताब ‘नरक ले जाने वाली लिफ्ट’ दिखी तो दया शंकर शुक्ल सागर के मन में सवाल कौंधा— इस वक्त राजेंद्र जी कहां होंगे? पढ़िए मौत, गरुड़ पुराण और एक दोस्त की याद पर उनका यह लेख।

लेखक दया शंकर शुक्ल सागर

-दया शंकर शुक्ल सागर-

कल रात मेरी किताबों की रैक में अचानक राजेंद्र यादव की किताब ‘नरक ले जाने वाली लिफ्ट’ दिख गई। दिमाग में अचानक एक बेतुका ख़याल कौंधा— इस वक्त राजेंद्र यादव कहां होंगे? क्या इसी लिफ्ट में होंगे? या अपने गंतव्य तक पहुंच गए होंगे?

मैं गहरी सोच में पड़ गया। मौत के बाद इंसान कहां जाता है, ये कोई नहीं जानता। साइंस भी इस सवाल पर खामोश है। हम मौत से शायद इसीलिए डरते हैं, क्योंकि हम इस रहस्य से अनजान हैं कि मौत के बाद इंसान कहां जाता है। जन्नत और जहन्नुम जैसी जगहें मज़हबी मुनाफाखोरों ने अपने मतलब के लिए ईजाद की हैं।

मज़हबी किताबों में वो स्वर्ग की हसीन तस्वीर दिखाकर भरमाते हैं और नरक का खौफ़नाक मंज़र दिखाकर डराते हैं। करीब दो साल पहले मेरी मां इस दुनिया से विदा हुईं। तेरह दिन के उन तकलीफ़देह शोक के दिनों में मैं पूरा गरुड़ पुराण पढ़ गया। सिर्फ ये जानने के लिए कि मां इस समय कहां होंगी? कैसी होंगी? शायद इस किताब से कोई सुराग मिले।

गरुड़ पुराण में कोई उन्नीस हज़ार श्लोक हैं। बाद के आधे हिस्से में सारे श्लोक मौत के बाद के जीवन से जुड़े हैं। इस किताब में न जाने कितने तरह के नरक का ब्योरा है। हर अपराध के लिए अलग दंड है और हर दंड के लिए अलग नरक। दो नरकों के बीच में भी एक नरक है। मैंने थककर किताब बंद कर दी।

अच्छे लोग मरकर कहां जाते हैं, इस बारे में ये किताब कुछ नहीं बताती। अगर मैं गरुड़ पुराण को ठीक समझा हूं तो आज की दुनिया का एक आदमी भी स्वर्ग के सफ़र पर जाने के लिए एलिजिबल नहीं है। महात्मा गांधी से लेकर अन्ना तक कोई नहीं। मैं तो कतई नहीं।

दिलचस्प है कि इस किताब में सारे वर्जित गुनाह करने के बावजूद नरक से बचने के तमाम उपाय दिए गए हैं। लेकिन हर उपाय की अनिवार्य शर्त ये है कि आप पंडितों और पुरोहितों की जेबें गर्म करें। मूर्ख से मूर्ख इंसान भी गरुड़ पुराण पढ़कर समझ जाएगा कि ये किताब इस देश की गरीब, अनपढ़ और अनगढ़ जनता को ठगने का षड्यंत्र है। और ये साज़िश ज़ाहिरा तौर पर ब्राह्मणों ने रची है, क्योंकि अपने फायदे के लिए पुराण-वुराण लिखना उन्हीं का काम था।

‘नरक ले जाने वाली लिफ्ट’ में राजेंद्र जी ने दुनिया की बेहतरीन कहानियों का अनुवाद किया है। ‘नरक ले जाने वाली लिफ्ट’ इस किताब की अंतिम कहानी है, जिसके लेखक हैं पार लागरक्विस्ट। यह कहानी एक बेवफ़ा बीवी की है, जो अपने शौहर से लड़कर अपने प्रेमी मि. स्मिथ के साथ अच्छा वक्त बिताने एक होटल में जाती है। दोनों एक साथ लिफ्ट से नीचे कमरे में जाने के लिए उतरते हैं। लिफ्ट में ही उनका रोमांस शुरू हो जाता है।

तभी अचानक उन्हें महसूस होता है कि लिफ्ट तो रुक ही नहीं रही। वह नीचे और नीचे की तरफ दौड़ी चली जा रही है। दरअसल लिफ्ट ख़राब हो गई थी और वह सीधे नरक की ओर जा रही थी। दोनों सचमुच नरक पहुंच जाते हैं। वहां शैतान उन्हें रोमांस के लिए एक नारकीय कमरा मुहैया कराता है।

इससे पेश्तर कि वे रोमांस शुरू करें, कोई दरवाज़ा खटखटाता है। वह वेटर होता है, जो नीम अंधेरे कमरे में रखे गिलास में शराब डालता है। उसकी कनपटी पर गोली का एक ताज़ा निशान है। लैंप की रोशनी में वह औरत वेटर का चेहरा देखकर चीख उठती है— हे ईश्वर, आर्वेड तुम? वह कोई और नहीं, बल्कि उसका शौहर था!

नरक ले जाने वाली लिफ्ट और राजेंद्र यादव की याद

ख़ैर, इस कहानी का मेरी इस पोस्ट से कोई लेना-देना नहीं। मेरी दिलचस्पी राजेंद्र यादव में है। उम्र के लंबे फासले के बावजूद वो मेरे दोस्त थे। उम्र का लिहाज़ न करके मैं उनसे कोई भी अटपटा सवाल पूछ सकता था। लेकिन उनके प्रति एक अनोखे तरह के सम्मान का भाव हमेशा रहता।

अगर मैं उनसे संवाद कायम कर पाता तो ज़रूर पूछता कि आप कहां हैं? इस नामुराद दुनिया के उस पार का जहान कैसा है? क्या वहां आपको सिगार मिल जाता है? लिखने के लिए कागज़-कलम देते हैं वो लोग? क्या वहां शराब का इंतज़ाम है? क्या वहां भी कमीने ब्राह्मण दलितों और पिछड़ों को सताते हैं? क्या वहां भी रेप होते हैं? वहां किसी तरह का स्त्री विमर्श होता है? क्या आपको कहीं परमानंद श्रीवास्तव या ओम प्रकाश वाल्मीकि दिखे, जो आपके पीछे-पीछे ही गए हैं? हो सकता है वो अभी नरक की लिफ्ट में हों।

पर मुंशी प्रेमचंद तो वहां ज़रूर होंगे। उनको गए तो एक ज़माना हो गया। उन्होंने तो छूटते ही बनारसी अंदाज़ की भोजपुरी में आपसे पूछा होगा— “का हो राजेन्दर, हमार हंस के तू कउआ बना देहलअ?” इस पर राजेंद्र जी हंसकर कहते होंगे— घबराइए नहीं मुंशी जी, आपकी ख़बर लेने वाले दलित चिंतक पीछे आ रहे हैं।

ये मज़ाक नहीं, एक पीड़ा है जो मेरे अंदर घनीभूत हो रही है। ‘हंस’ शायद आगे भी छपे, पर अब उसमें कांटे की बात नहीं होगी। कहानियां होंगी, पर उनमें राजेंद्र यादव की छाया नहीं होगी। एक बात तो तय है कि राजेंद्र यादव जहां भी होंगे, मस्त होंगे। उन्हें दुनिया की हर ख़ूबसूरत चीज़ से मुहब्बत थी। मौत भी उनके लिए यक़ीनन ख़ूबसूरत रही होगी।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास