Connect with us

Hi, what are you looking for?

झारखंड

रांची के पत्रकार राजीव कुकरेजा नहीं रहे, आनंद कुमार ने यूं किया याद

रांची के पत्रकार राजीव कुकरेजा का निधन हो गया। पत्रकार आनंद कुमार ने बचपन से लेकर एक ही दफ्तर में साथ काम करने तक की यादों के सहारे उन्हें श्रद्धांजलि दी है।

राजीव भैया चले गए। रांची के पत्रकार उन्हें कुकरेजा जी के नाम से जानते थे पर मैं उन्हें राजीव भैया कहता। जब मैं स्कूल में था और वे युवा थे, न शादी हुई थी न पत्रकार बने थे। तब बरियातू हाउसिंग कालोनी में मेरे घर के सामने राजीव भैया भाई-बहनों संग सपरिवार रहते।

बाद में वे 100 मीटर दूर यूनिवर्सिटी कालोनी के उसी ब्लॉक के निचले तल्ले में रहने लगे, जिसकी उपरली मंजिल पर तारा शाहदेव कांड से चर्चित रंजीत कोहली उर्फ रकीबुल हसन रहा करता था। फिर उन्होंने रानी बागान की तरफ नया फ्लैट ले लिया और वहां रहने चले गए।

राजीव भैया भाई-बहनों में शायद सबसे बड़े थे। उनका बचपन महाराष्ट्र के औरंगाबाद में बीता था और माता-पिता बाद में शिमला रहने लगे थे। उनके पास एक मिनी बस हुआ करती जिसका नाम चेतक बस था। गर्मियों में जब स्कूल मॉर्निंग हुआ करते तो हम अपने घर से उसी बस में बैठ सीधा शहीद चौक स्कूल के सामने उतरते। चवन्नी किराया था, पर हम तो घर के बच्चे थे। हक से जाते थे।

बाद में वे पत्रकार बने और कई साल बाद मैं भी। चार साल हम लोग एक ही दफ्तर में बैठते रहे।

सम्पर्क बनाने और रिश्ते निभाने में राजीव भैया जैसे लोग बहुत कम होते हैं। चाहे दुकान में डिस्काउंट दिलाना हो या डॉक्टर से दिखाना हो, बहुतों को राजीव भैया ही याद आते। कोई भी काम हो राजीव भैया मदद करने में सबसे आगे रहते। अपना मज़ाक उड़ाने पर बुरा नहीं मानने वाले राजीव भैया को बनावट छू भी नहीं गयी थी।

जब 26 साल पहले मेरे पापा को हार्ट अटैक आया था तो राजीव भैया ही अपनी मारुति वैन में उन्हें अस्पताल लेकर गए थे।

रांची के पत्रकार राजीव कुकरेजा
राजीव कुकरेजा

छठ के मौके पर हर साल राजीव भैया खरना का प्रसाद खाने आते, इस बार नहीं आये। उनके साले रमेश सतीजा भी हमारे पड़ोसी हैं। अर्घ्य के समय उन्होंने बताया कि राजीव भैया बहुत बीमार हैं।

आज मां से बात कर रहा था तो छोटे भाई मनीष ने राजीव भैया के जाने की सूचना दी।

राजीव भैया भाजपा के कट्टर समर्थक थे। मैंने अस्सी के दशक में उन्हें चुनावों में घर-घर पर्ची पहुंचाते भी देखा है और पत्रकार के रूप में भी। मरते दम तक उन्होंने भाजपा की विचारधारा को अपनाए रखा और सक्रिय पत्रकार के रूप में इस दुनिया को अलविदा कहा।

एक बेहद अच्छे, सरल और सहृदय इंसान थे राजीव भैया।

आप हमेशा स्मृतियों में रहेंगे।

ईश्वर आपको अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

नमन। ॐ शांति।

-आनंद कुमार

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास