कानपुर के चर्चित अधिवक्ता प्रशांत द्विवेदी हत्याकांड में 13 साल बाद नया मोड़ आ गया है। फतेहपुर की फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वितीय ने इस मुकदमे में आरोपी पत्रकार हैदर नकवी के खिलाफ भी सुनवाई के आदेश दे दिए हैं। कोर्ट ने हैदर को सम्मन भेजकर तीन दिसंबर को हाजिर होने के लिए तलब किया है। हैदर नकवी को पुलिस ने जांच के दौरान सबूत न मिलने के आधार पर क्लीन चिट दे दी थी।
अधिवक्ता प्रशांत द्विवेदी की 23 अप्रैल 2013 को ग्वालटोली के मकरावटगंज स्थित एक मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रशांत द्विवेदी डीसी लॉ कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष और बार एसोसिएशन के कनिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य रह चुके थे।
वारदात के बाद इंस्टीट्यूट के निदेशक मजहर अब्बास नकवी उर्फ जामी नकवी, हैदर नकवी, गौरव जैन, मो. अयूब उर्फ राजू और मो. वसीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। सभी आरोपियों को जेल जाना पड़ा था। बाद में पुलिस ने हैदर नकवी के खिलाफ सबूत न मिलने की बात कहते हुए उन्हें क्लीन चिट दे दी, जबकि बाकी चार आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की गई।
हाईकोर्ट के आदेश पर जून 2014 में इस मुकदमे की सुनवाई कानपुर नगर से फतेहपुर स्थानांतरित कर दी गई। फतेहपुर की अदालत ने मजहर अब्बास नकवी, गौरव जैन, मो. अयूब और मो. वसीम पर गाली-गलौज, षड्यंत्र और हत्या के आरोप तय करते हुए मुकदमे की सुनवाई शुरू की।
इस बीच आरोपी मो. अयूब का निधन हो चुका है। अब मजहर, गौरव और वसीम के खिलाफ सुनवाई चल रही है। मुकदमे के वादी श्याम द्विवेदी ने 11 जुलाई 2016 को कोर्ट में अपने बयान दर्ज कराए थे, लेकिन उनकी जिरह पूरे 10 साल बाद 21 जुलाई 2026 को पूरी हो सकी।
इसके बाद दूसरे गवाह के रूप में राजकुमार मौर्या के बयान दर्ज किए गए। कई मौके दिए जाने के बावजूद अभियुक्तों की ओर से राजकुमार से जिरह नहीं की गई। इस पर कोर्ट ने जिरह का अवसर समाप्त कर दिया।
गवाहों ने अपने बयान में हैदर नकवी के भी हत्या में शामिल होने की बात कही। उन्होंने मजिस्ट्रेट के सामने दिए गए अपने बयानों की पुष्टि कोर्ट में दिए बयान में भी की। इसी आधार पर अभियोजन ने हैदर नकवी को कोर्ट में तलब करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने हैदर को तीन दिसंबर को तलब करने के आदेश दे दिए।

