उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शनिवार को पुलिस की एक बड़ी चूक सामने आई। सर्किट हाउस में सुप्रीम कोर्ट के एक न्यायाधीश के स्वागत के लिए तैनात पुलिस गार्ड ने गफलत में एआईएमआईएम प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी को ही गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया।
पत्रकार राजेश साहू ने इस वाकये पर लिखा है—
“सहारनपुर में सुप्रीम कोर्ट के जज की जगह ओवैसी को पुलिस वालों ने गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। सर्किट हाउस में AIMIM चीफ ने खड़े होकर सलामी ली। फिर वहां से निकल गए। दरअसल, सर्किट हाउस में शनिवार को सुप्रीम कोर्ट के किसी जज को पहुंचना था लेकिन इससे पहले ओवैसी पहुंच गए। पुलिस वालों ने गफलत में ओवैसी को ही गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया।”
— राजेश साहू
जानकारी के मुताबिक ओवैसी शनिवार सुबह लगभग साढ़े ग्यारह बजे अपने काफिले के साथ सर्किट हाउस पहुंचे। गाड़ी से उतरते ही वहां मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने उन्हें सलामी दे दी। सलामी लेने के बाद ओवैसी आजाद समाज पार्टी प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर आजाद के साथ भीतर चले गए। मामला सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और प्रोटोकॉल को लेकर सवाल उठने लगे।

सोशल मीडिया पर यह वाकया खूब चर्चा में है। पत्रकार जैकी यादव ने चुटकी लेते हुए लिखा—
“असदुद्दीन ओवैसी ने तो मौके पर चौका मार दिया😂 सहारनपुर में चंद्रशेखर आजाद रावण की सभा में शामिल होने पहुंचे AIMIM के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने फालतू का ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ ले लिया। दरअसल, सर्किट हाउस में कोई बड़ा जज आने वाला था और उन्हीं के इंतजार में पुलिस वाले बाहर खड़े थे। जज साहब तो नहीं आए लेकिन ओवैसी आ गए और पुलिस वालों ने उन्हें ही जज समझकर ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दे दिया। मजे की बात है कि ओवैसी ने मना भी नहीं किया। ओवैसी चाहते तो मना कर सकते थे लेकिन उन्हें भी लगा होगा कि ये लोग B टीम समझकर मेरा सम्मान कर रहे हैं।”
— जैकी यादव
पत्रकार आसमोहम्मद कैफ़ ने इसे अलग नजरिए से देखा—
“सांसद असदुद्दीन ओवैसी को सहारनपुर आमद के दौरान गार्ड ऑफ ऑनर का सम्मान मिला! बाद में कहा गया कि यह भूलवश हुआ, यह सम्मान किसी बड़ी अदालत वाले जज साहब के लिए था। बैरिस्टर तो ओवैसी भी हैं और सांसद भी। सम्मान तो उनका भी पूरा है, राजनीतिक विचारधारा अपनी जगह है! आजकल इनकी किस्मत घोड़े से भी तेज दौड़ रही है। अब वक़्त की बात देखिए! इनको सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने जिन तीन नेताओं को ‘रिसीव’ करने भेजा, वो पिछले साल इनके नाम से ही जल भुन जाते थे मगर अब इनसे गठबंधन कराने के लिए सबसे ज्यादा प्रयास में यही 3 नेता शामिल थे। वक़्त आदत से मजबूर है, बदलता रहता है, फिर बदलेगा!”
— आसमोहम्मद कैफ़
पत्रकार सचिन गुप्ता ने लिखा—
“सर्किट हाउस में एक बड़े जज साहब आने वाले थे। उसी वक्त ओवैसी भी पहुंच गए। पुलिस ने जज समझकर ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। ओवैसी आज चंद्रशेखर आजाद के गृह जनपद यूपी के सहारनपुर में हैं।”
— सचिन गुप्ता
गौरतलब है कि दोनों दलों के गठबंधन के ऐलान के बाद ओवैसी पहली बार सहारनपुर आए थे। सर्किट हाउस में चंद्रशेखर ने उनका स्वागत किया। इसके बाद दोनों सांसदों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को ज्ञापन सौंपा और कलक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद के ध्वस्तीकरण पर सवाल उठाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की। बाद में दोनों नेता छुटमलपुर स्थित चंद्रशेखर के आवास पर लंच के लिए पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में समर्थक जुटे रहे।
देखें वीडियो—


