कानपुर में सड़कों की बदहाली पर फेसबुक पर लिखी गई एक व्यंग्यात्मक पोस्ट मुकदमे तक पहुंच गई है। फेसबुक पेज ‘कानपुर नीड्स’ (Kanpur Needs) के संपादक के खिलाफ थाना पनकी, कानपुर नगर में रंगदारी की FIR दर्ज की गई है। FIR बिठूर के विधायक अभिजीत सिंह सांगा के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) अमन सिंह ने दर्ज कराई है। FIR में आरोपी के तौर पर ‘कानपुर नीड्स के संपादक, नाम पता अज्ञात’ लिखा गया है।
शिकायत में अमन सिंह ने आरोप लगाया है कि कानपुर नीड्स के संपादक उनसे लगातार 1,00,000 रुपये की रंगदारी मांग रहे थे और इसी के चलते उन्होंने अक्टूबर 2026 में संपादक को एक लाख रुपये दे दिए थे। शिकायत के मुताबिक, पैसे लेते समय संपादक ने भरोसा दिलाया था कि आगे बिठूर विधानसभा क्षेत्र और विधायक के बारे में बिना तथ्यों की पुष्टि के कोई भ्रामक खबर नहीं चलाई जाएगी, लेकिन इसके बाद फिर से पैसों की मांग की जाने लगी और मना करने पर सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरें चलाई जाने लगीं।
शिकायत में कानपुर नीड्स के जिस वीडियो का जिक्र है, उसमें लिखा गया था कि बिठूर विधानसभा में मून रोवर की टेस्टिंग के लिए ट्रैक बनाया गया है, साथ ही ‘इंटरप्लेनेटरी विकास’ को लेकर व्यंग्यात्मक टिप्पणी की गई थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि वीडियो में दिखाई गई सड़क और स्थान का बिठूर विधानसभा क्षेत्र से संबंधित होना भी स्पष्ट नहीं है। शिकायत में संबंधित फेसबुक पोस्ट, वीडियो और पैसों के लेन-देन से जुड़े साक्ष्य सुरक्षित कराने तथा कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है।

इस मुकदमे पर ‘कानपुर पल्स’ (Kanpur Pulse) नाम के फेसबुक पेज ने यह टिप्पणी जारी की है-
Kanpur Needs के संपादक के खिलाफ एक व्यंग्यात्मक पोस्ट में सड़कों की दुर्दशा दिखाने के लिए मुकदमा!!
युवा बेरोजगार चापलूस दिलों की धड़कन तो एक व्यंग्यात्मक पोस्ट से डर गए और दिल्ली की तानाशाही अब कानपुर में प्रवेश कर चुकी है।
नेता जी को चाहिए था कि अपने क्षेत्र की तमाम सड़कों को, जो सिंगापुर की तरह बना दी हैं, उसका वीडियो बनवाकर पूरे कानपुर को दिखाते, लेकिन उन्होंने अपने प्रभाव का इस्तेमाल करके अपनी जनता के खिलाफ मुकदमा करवाना आसान समझा।
मतलब अब डराकर, धमकाकर, मुंह बंद कराकर राजनीति करने की नौबत आ गई। क्या पिछले 10 सालों का अपना काम बताने के लिए नहीं है? इसलिए जो आलोचना करे, उसका मुंह बंद कराने का असफल प्रयास किया जा रहा है।
लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता का अधिकार है आलोचना करना और राजनेताओं की चमड़ी मोटी होनी चाहिए। अटल बिहारी वाजपेयी की भाजपा अब डराकर, धमकाकर, लाठी-पैलेट गन चलाकर जनता की आवाज बंद कर रही है। बहुत ही निंदनीय है ये।
और रही बात FIR की, तो कोई 10वीं का छात्र देखकर भी समझ जाएगा कि बचकानी हरकत करवा रहे हैं नेता जी। रंगदारी मांगने का कोई साक्ष्य, गवाह, कुछ तो सामने लाइए। आपके पास न तो संपादक का नाम-पता है और न ही मोबाइल नंबर, तो रंगदारी मांगने का माध्यम क्या था? और अगर आपने 1 लाख दिए तो उसका क्या सबूत है आपके पास?
अगर आप ये सब सबूत, कॉल रिकॉर्डिंग या वीडियो रिकॉर्डिंग सामने रखते तो कानपुर की बाकी जनता को भी पता चलता इस फेसबुक पेज की असलियत, लेकिन आप तो सरकारी तंत्र का दुरुपयोग करके जनता की ही आवाज दबाने में लगे हैं।
कुल मिलाकर अपने खिलाफ उठने वाली हर लोकतांत्रिक आवाज को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है ताकि सच को दबाया जा सके और केवल अपनी चमकती रील के माध्यम से जनता को धोखा दिया जाए। लेकिन ये समझना चाहिए कि 2026 है और ये GEN Z और GEN अल्फ़ा के भविष्य की बात है, और अपने बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ के लिए कानपुर की जनता दमनकारी प्रयासों का कभी साथ नहीं देगी।
कानपुर नीड्स: विधायक जी से हमारे कुछ सवाल
उधर, फेसबुक पेज Kanpur Needs ने विधायक अभिजीत सिंह सांगा (Abhijeet Singh Sanga) को संबोधित करते हुए ये सवाल जारी किए हैं-
आपको धनराशि देने की क्या आवश्यकता थी, अगर आपके कार्य इतने उत्तम हैं तो?
कानपुर नीड्स की तरफ से वो किसके संपर्क में थे, कृपया नाम सार्वजनिक करें।
किससे उनकी बातचीत हुई और किसे उन्होंने पैसा दिया?
उगाही के लिए फोन कॉल आया था या कोई और माध्यम इस्तेमाल हुआ?
धनराशि जो कि विधायक PRO द्वारा अज्ञात को दी गई (FIR के अनुसार), वो किस माध्यम से दी?
अगर ऑनलाइन दी तो सबको अभी दिखाकर साबित कर दें। अगर कैश दिया तो स्थान, समय और अक्टूबर का दिन कौन सा था!
जिस पुलिसकर्मी ने शिकायत दर्ज की, उसने ये क्यों नहीं पूछा कि धनराशि किसी अज्ञात को कैसे दी गई?
दबाव बनाने के लिए पुलिसकर्मी ने अगर फर्जी FIR की है तो उन पर क्या कार्यवाही होगी? (Police Commissionerate Kanpur Nagar)
अगर पोस्ट पर कोई भ्रामक जानकारी थी तो उसके लिए पेज पर संपर्क करके आपत्ति क्यों नहीं दर्ज कराई गई?
क्या पोस्ट के कमेंट में पड़ा हुआ त्रुटि-सुधार माननीय विधायक को नहीं दिखा?
हम गलत होते तो पोस्ट पर सार्वजनिक माफी भी न मांगते और न ही पूरा मुद्दा सार्वजनिक रखते। अब आपकी बारी है, साक्ष्य दिखाने की, विधायक PRO। (DM Kanpur Nagar)
FIR की कॉपी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस पर और टिप्पणियां भी आ रही हैं। विनीत कुमार साहू ने फेसबुक पर लिखा है-
“हंसी की बात ये है कि सांगा जी के जनसंपर्क अधिकारी अमन सिंह द्वारा Kanpur Needs के संपादक को पूर्व में 1 लाख दे दिया गया बगैर उनका नाम-पता जाने, और फिर दोबारा उन्हीं संपादक के द्वारा 1 लाख मांगने पर उनका नाम और पते की जानकारी यहां FIR में नहीं दे सके।
मतलब कुल मिलाकर बिठूर विधानसभा का अधूरा विकास दिखाने पर मुकदमा दिया जाएगा लोगों को।”
वहीं पत्रकार सौरभसिंह देवेन्द्र (PNI News) ने इस FIR पर यह टिप्पणी की है-
विधायक Abhijeet Singh Sanga से एक लाख रुपये की रंगदारी वसूलने व एक लाख के और प्रयास का आरोप, PRO ठाकुर अमन सिंह ने दर्ज कराई पनकी थाने में FIR…???
विधायक का आरोप है कि कानपुर नगर के एक पत्रकार, जो Kanpur Needs के संपादक हैं, उन्होंने अक्टूबर में विधायक सांगा से एक लाख रुपये की रंगदारी वसूली है। बड़ी बात ये कि जिस विधायक से अच्छे-अच्छे अधिकारी डरते हैं, उन्होंने डरकर चुपचाप एक लाख रुपये अक्टूबर में पत्रकार को रंगदारी दे दी। सबसे बड़ी बात ये कि संपादक का नाम, पता कुछ भी नहीं पता, बस संपादक पता है।
ये आरोप कितना सच है, कितना झूठ, अब न्यायालय तय करेगा। जांच में आईओ कितना सच निकाल पाते हैं, ये उनकी पारदर्शिता, साहस और सत्य के प्रति निष्ठा पर ही निर्भर कर पाएगा, मगर कोई भी आरोप लगाना, फिर उसे न्यायालय में तथ्यों के साथ उपलब्ध कराना अलग बात है।
अब मेरी बात ध्यान से सुनिये। कोई भी पत्रकार यदि ईमानदारी और पारदर्शिता से चलना चाहता है तो अवरोध बहुत आते हैं। सरकार (सत्ता) के ख़िलाफ़ यदि ख़बर जाती है तो FIR, विपक्ष के ख़िलाफ़ अगर ख़बर जाती है तो दलाल, भांड, बिकाऊ, गोदी मीडिया आदि-आदि। एक बात और कि सत्य को दबाया नहीं जा सकता। आप कितने भी बड़े नेता हों या ताक़तवर, जिस दिन सत्य को दबाने का प्रयास करने लगेंगे, आपकी उल्टी गिनती शुरू हो जाती है। अन्यथा लोग इतना डरते तो न देश आज़ाद होता, न कांग्रेस कभी जाती। विधायक जी, ये मुक़दमे पत्रकार को दबा सकें, इतना पॉवर इनमें नहीं।
ये FIR एक पत्रकार पर नहीं, साहस, निडरता, पारदर्शिता, सत्य, कर्तव्यनिष्ठा के प्रति देश के सजग प्रहरी को दबाने का अधूरा प्रयास है। थाने में दिया गया प्रार्थना पत्र बहुत कुछ बयां कर रहा है, जिस पर कुछ कहूंगा नहीं, परन्तु FIR का समर्थन नहीं कर सकता।
-सौरभसिंह देवेन्द्र
PNI News
