मित्रों, आपको पुनः बताना चाहूंगा… मैंने सेवानिवृत्ति के बाद फिलहाल ब्लॉग (Vijaypathak.com) लिखना शुरू किया है। अपने ब्लॉग में मैंने प्रभात खबर के साथ अपनी यात्रा को भी कलमबद्ध करने की कोशिश की है। ब्लॉग पर अपनी यात्रा की तीन किश्तें प्रकाशित हो चुकी हैं। उसकी पहली कड़ी आपके अवलोकनार्थ। आपकी टिप्पणी, सुझाव मेरा मार्गदर्शन करेंगे।
-विजय पाठक
पार्ट-1 : प्रभात खबर के साथ….
मेरी पत्रकारिता की शुरुआत किसी बड़े शहर से नहीं, बल्कि झारखंड के सुदूरवर्ती जिले गुमला से हुई थी। पिता श्री सुरेंद्र पाठक शिक्षा सेवा में थे। उनके ट्रांसफर की वजह से झारखंड के जिलों से घूमता हुआ गुमला पहुंचा था। साल था 1987। तब मैं पूरी तरह शौकिया तौर पर इस दुनिया में कदम रख रहा था। न कोई औपचारिक प्रशिक्षण था और न ही पत्रकारिता की कोई बड़ी समझ या डिग्री, लेकिन कुछ नया करने की चाह और खबरों के प्रति एक आकर्षण जरूर था।
इस राह पर चलने की प्रेरणा मुझे अपने बड़े भाई स्व. शशिकांत पाठक से मिली, जो प्रभात खबर में खेल संवाददाता थे। वही थे, जिन्होंने मुझे पहली बार यह एहसास कराया कि खबरें सिर्फ पढ़ी नहीं जातीं, बल्कि उन्हें जीया भी जाता है। हालांकि तब गुमला में प्रभात खबर की मौजूदगी बेहद सीमित थी। अखबार की केवल पांच कॉपियां ही वहां पहुंचती थीं, और वह भी बिना किसी मूल्य के यानी मुफ्त वितरण के लिए। सुबह पांच बजे तब रांची से मूनलाइट बस खुला करती थी रातू रोड से। उसी बस से करीब नौ बजे अखबार पहुंचता था। प्रभात खबर की जो फ्री कॉपी आती थी, उसमें एक मेरे लिए थी, एक उपायुक्त, एक आरक्षी अधीक्षक, एक सूचना जनसंपर्क विभाग और एक डीएसपी के लिए हुआ करती थी। यह प्रभात खबर के विस्तार का एक बहुत प्रारंभिक दौर था, जहां पहुंच और प्रभाव दोनों ही सीमित थे। मेरे लिए यही पांच कॉपियां एक बड़ी दुनिया का दरवाजा थीं। मैंने धीरे-धीरे इस काम को गंभीरता से लेना शुरू किया।
स्ट्रिंगर के रूप में मेरा काम केवल खबर भेजना नहीं था, बल्कि यह समझना भी था कि कौन-सी घटना खबर बनने योग्य है और उसे किस तरह प्रस्तुत किया जाए। शुरुआत में अनुभव की कमी थी, लेकिन जिज्ञासा और सीखने की इच्छा अधिक थी। स्थानीय घटनाएं, छोटी-छोटी बैठकें, सामाजिक गतिविधियां, सड़क हादसे, प्रशासनिक हलचल और राजनीतिक गतिविधियां, यही मेरे अभ्यास का माध्यम थीं। हर खबर के साथ मैं यह सीख रहा था कि पत्रकारिता केवल लिखने की कला नहीं, बल्कि समझने और देखने की क्षमता भी है। धीरे-धीरे मैंने यह महसूस किया कि एक पत्रकार का सबसे बड़ा संसाधन उसका ग्राउंड कनेक्शन होता है। लोगों के बीच रहना, उनकी समस्याओं को सुनना और घटनाओं को उनकी नजर से देखना। इन सब चीजों से मुझे काफी मदद मिली। धीरे-धीरे रिपोर्टिंग सीखी, लोगों से संपर्क बढ़ाया। गुमला और झारखंड को समझा… बाद में ये सब मेरी दिनचर्या का हिस्सा बनते चले गए।
इस काम में गुमला के एक पत्रकार गणपत लाल चौरसिया से मुझे काफी सहयोग मिला। तब वह उस समय के सबसे बड़े अखबार रांची एक्सप्रेस में हुआ करते थे। मुझे याद है, तब कभी रिपोर्टिंग के सिलसिले में कहीं जाता था, तो प्रभात खबर के रिपोर्टर को कोई पूछता ही नहीं था… जब तक रांची एक्सप्रेस का संवाददाता नहीं आता था, कार्यक्रम शुरू ही नहीं होता था… मुझे लगा, यह स्थिति बदलनी चाहिए। जब मैंने गुमला से रांची की ओर रुख किया, तब तक स्थिति बदल चुकी थी।
नहीं मिलता था पैसा
तब प्रभात खबर में स्ट्रिंगर्स को कोई पैसा नहीं मिलता था। समाचार लिखने के लिए कागज और कूरियर का पैसा घर से ही लगता था। तब एक रुपये में कूरियर के माध्यम से प्रभात खबर में समाचार भेजता था। न फोन, न फैक्स, न कंप्यूटर, न मॉडम, न इंटरनेट, न वाट्सएप… कुछ भी नहीं था। बड़ी से बड़ी घटना हो जाती थी, तब भी समाचार पहुंचने में तीन-चार दिन लग ही जाते थे। बहुत इमरजेंसी हुई, तो टेलीग्राम करना पड़ता था। प्रखंडों में भी रिपोर्टर नहीं होते थे, इसलिए वहां की खबरों की जिम्मेवारी भी मेरी ही होती थी। जानकारी जुटाने के लिए बस से लंबा-लंबा सफर तय करना पड़ता था।
पहली बार संपादक की चिट्ठी मिली
मुझे याद है, तब दिलीप दराद जी प्रभात खबर के संपादक हुआ करते थे। उनकी एक चिट्ठी मुझे मिली, जिसमें लिखा था… प्रिय विजय, इन दिनों आपकी खबरें थोड़ी कम आ रही हैं। इसे बढ़ाएं। अखबार को आप जैसे लोगों की जरूरत है। इस पत्र ने भी मेरा उत्साह बढ़ाया।
इधर समय के साथ मेरी कोशिश जारी रही, कई चर्चित खबरें कीं। खास कर गुमला नगरपालिका में घोटाले की। सत्यनारायण प्रसाद उस समय चेयरमैन हुआ करते थे। उसी कालखंड में गुमला में मेनिन्जाइटिस नामक बीमारी फैली थी, जिसने महामारी का रूप ले लिया था। काफी लोग इससे मरे। इसकी भी खबरें खूब छपीं। तब चूंकि अखबार की कॉपी नहीं थी, इसलिए लोगों को बताना पड़ता था कि आज यह खबर छपी है। फिर उसकी फोटोकॉपी लोगों के पास जाती थी। इसी बीच गोविंद नाम का एक हॉकर मुझे मिला। उससे बात की। उसने भी खूब मेहनत की। प्रभात खबर का प्रसार गुमला में विस्तार पाता गया। जब 1989 में मैंने गुमला छोड़ा, तब तक वही पांच कॉपियां बढ़ कर छह सौ से अधिक हो चुकी थीं। आज प्रतिद्वंद्वी अखबारों के कुल प्रसार को मिला दें, तब भी वह प्रभात खबर के बराबर नहीं है।
अखबार में नाम
पत्रकारिता में कई ऐसे पल होते हैं, जो केवल खबर नहीं होते, बल्कि जीवन भर की याद बन जाते हैं। मेरे लिए ऐसा ही एक क्षण वह था, जब पहली बार मेरी भेजी हुई खबर प्रकाशित हुई और उसके साथ मेरा नाम भी छपा। वह खबर थी गुमला नगरपालिका की। इस खबर ने मुझे गुमला में पहचान दिलाई। मेरी जिम्मेवारी थी खबरों को संग्रह करना, लिखना और फिर उन्हें प्रभात खबर कार्यालय भेजना। खबरें भेजना, घटनाओं को दर्ज करना और उन्हें डेस्क प्रभारी तक कूरियर से भेजना। पर इन सबके बीच एक खालीपन था, एक ऐसा एहसास कि मैं पर्दे के पीछे हूं। जब तक आपका नाम नहीं छपता, तब तक यह पूरा सफर अधूरा सा लगता है।
अगली कड़ी: प्रभात खबर के साथ मेरी यात्रा (पार्ट-2) : महज 900 रुपये से शुरू हुआ था कैरियर
विजय पाठक सर को बधाई। आपके कंटेंट से हर उस व्यक्ति को आनंद आया है जो रांची और झारखंड में रहा है और जिया है।
पर जिन लोगों का रांची-झारखंड से वास्ता नहीं भी है, और जो अपने क्षेत्र के सफल लोग हैं और अपनी सोशल आइडेंटिटी को एक अलग लेवल पर ले जाना चाहते हैं, वे पाठक सर के ब्लॉग को एक बार विजिट करें। बहुत नीट एंड क्लीन। सिंपल एंड स्ट्रेट टू द प्वाइंट।
-विकास कुमार


