अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शुक्रवार को व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन (WHCA) के डिनर में एक असहज स्थिति में नजर आए। दरअसल, समारोह के दौरान द वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) के पत्रकारों को उसी रिपोर्टिंग के लिए सम्मानित किया गया, जिसके खिलाफ ट्रंप ने 10 अरब डॉलर का मानहानि मुकदमा दायर किया था। पुरस्कारों की घोषणा के दौरान ट्रंप मुस्कुराते, कंधे उचकाते और विजेता पत्रकारों से हाथ मिलाते नजर आए।
डिनर में WSJ की टीम को Katharine Graham Award for Courage and Accountability दिया गया। यह सम्मान जेफरी एपस्टीन के साथ ट्रंप के कथित संबंधों पर की गई खोजी रिपोर्टिंग के लिए दिया गया। इसके अलावा WSJ के पत्रकार जोश डॉसे को राष्ट्रपति संबंधी रिपोर्टिंग के लिए भी सम्मानित किया गया।
जब मंच से ट्रंप की बोलने की बारी आई तो उन्होंने पुरस्कारों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शाम उनके लिए आसान नहीं रही। इसके बाद उन्होंने मीडिया पर तीखा हमला बोला और WSJ के पत्रकार जोश डॉसे की आलोचना की।
क्या था एपस्टीन के जन्मदिन पत्र का विवाद?
पूरा विवाद जुलाई 2025 में प्रकाशित WSJ की एक रिपोर्ट से शुरू हुआ था। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि ट्रंप ने 2003 में जेफरी एपस्टीन के 50वें जन्मदिन के मौके पर एक संदेश लिखा था। रिपोर्ट के मुताबिक, इस संदेश में एपस्टीन को दोस्त के तौर पर संबोधित किया गया था और दोनों के बीच करीबी संबंधों की ओर इशारा किया गया था। इसमें एक आपत्तिजनक चित्र भी होने का दावा किया गया था।
ट्रंप ने इस पत्र को अपना मानने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा कोई पत्र नहीं लिखा और न ही उस पर उनके हस्ताक्षर हैं। ट्रंप का कहना है कि उन्होंने एपस्टीन से वर्षों पहले ही संबंध खत्म कर लिए थे। एपस्टीन की 2019 में यौन तस्करी के संघीय आरोपों के बीच जेल में मौत हो गई थी। ट्रंप पर एपस्टीन से जुड़े किसी आपराधिक कृत्य का आरोप नहीं है।
ट्रंप के मुकदमे का क्या हुआ?
रिपोर्ट प्रकाशित होने के बाद ट्रंप ने WSJ, उसकी मूल कंपनी डॉव जोन्स, रूपर्ट मर्डोक और रिपोर्ट से जुड़े पत्रकारों के खिलाफ 10 अरब डॉलर का मानहानि मुकदमा दायर किया था।
अप्रैल 2026 में अमेरिकी संघीय न्यायाधीश डैरिन पी. गेलेस ने मूल शिकायत को खारिज कर दिया। अदालत ने कहा कि ट्रंप यह दिखाने में नाकाम रहे कि रिपोर्ट को ‘वास्तविक दुर्भावना’ (actual malice) के साथ प्रकाशित किया गया था। हालांकि, अदालत ने उन्हें संशोधित शिकायत दाखिल करने की अनुमति दी।
इसके बाद ट्रंप ने 27 मई 2026 को संशोधित शिकायत दाखिल की। WSJ ने बाद में इस संशोधित मुकदमे को भी खारिज करने की मांग की है, इसलिए मामला अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
ऐसे में जिस रिपोर्ट को लेकर ट्रंप और WSJ के बीच कानूनी लड़ाई चल रही है, उसी रिपोर्टिंग के लिए पत्रकारों को उनके सामने पुरस्कार मिलना समारोह का सबसे चर्चित और असहज क्षण बन गया।

ट्रम्प के एपस्टीन से रिश्तों को लेकर वॉल स्ट्रीट जर्नल अख़बार में खबरें ब्रेक करने वाले पत्रकारों को सम्मान किया जा रहा है।
ट्रम्प ख़ुद कार्यक्रम में मौजूद हैं सभी खोजी पत्रकारों से हाथ भी मिला रहे हैं। इन पत्रकारों ने ट्रंप की धमकियों और मुक़दमे के बावजूद अपना काम जारी रखा।
मुस्कुराता अमेरिका राष्ट्रपति निर्लज्ज है लेकिन मुस्कुरा लोकतंत्र भी रहा है और पत्रकारिता भी।
-मुकेश माथुर, पत्रकार, दैनिक भास्कर


