भारतीय मीडिया कारोबार में एक अजीब विरोधाभास इस समय शेयर बाजार में दिखाई दे रहा है। एक तरफ नए मीडिया वेंचर और नए बिजनेस अखबार लॉन्च करने की तैयारियां चल रही हैं, दूसरी तरफ सूचीबद्ध मीडिया कंपनियों के शेयरों पर लगातार दबाव बना हुआ है।
1 अक्टूबर को मीडिया सेक्टर के लिए दिन भारी रहा। Nifty Media इंडेक्स 36.90 अंक यानी 2.33 प्रतिशत गिरकर 1,546.30 पर बंद हुआ। इंडेक्स की गिरावट ऐसे दिन आई जब व्यापक बाजार में भी दबाव था। Reuters के मुताबिक उस सप्ताह Nifty 50 लगातार आठवीं साप्ताहिक गिरावट की ओर बढ़ रहा था और विदेशी निवेशकों की बिकवाली तथा कच्चे तेल की ऊंची कीमतें बाजार sentiment पर असर डाल रही थीं।
मीडिया सेक्टर के बड़े नामों में Zee Entertainment Enterprises यानी ZEEL 71.92 रुपये पर बंद हुआ और एक ही दिन में 3.42 प्रतिशत टूट गया। खास बात यह है कि 1 सितंबर को ZEEL का बंद भाव 93.41 रुपये था। यानी सितंबर की शुरुआत से 1 अक्टूबर तक शेयर करीब 23 प्रतिशत नीचे आ चुका है।
ZEEL की मौजूदा स्थिति को 52-week हाई के मुकाबले देखें तो तस्वीर और साफ होती है। 23 जून को इसका 52-week हाई 118.35 रुपये दर्ज हुआ था, जबकि 1 अक्टूबर को यह 71.92 रुपये पर था—यानी हाई से करीब 39 प्रतिशत नीचे।
Network18 की कहानी और ज्यादा तीखी है। 1 अक्टूबर को शेयर 25.43 रुपये पर बंद हुआ, 1.70 प्रतिशत की गिरावट के साथ। इसका 52-week हाई 53.24 रुपये दर्ज है। यानी मौजूदा भाव उस स्तर से करीब 52 प्रतिशत नीचे है।
प्रिंट मीडिया की सूचीबद्ध कंपनियां भी इस दबाव से अछूती नहीं रहीं।
DB Corp 172.52 रुपये पर बंद हुआ और दिन में 1.63 प्रतिशत टूटा। इसका 52-week हाई 280.55 रुपये है। यानी मौजूदा भाव उस हाई से लगभग 38.5 प्रतिशत नीचे है।
HT Media 22.38 रुपये पर बंद हुआ, दिन की गिरावट 2.79 प्रतिशत रही। इसका 52-week हाई 31.30 रुपये है। यानी यह शेयर भी अपने सालाना उच्च स्तर से करीब 29 प्रतिशत नीचे है।
Jagran Prakashan भी 1 अक्टूबर को 1.20 प्रतिशत गिरकर 61.55 रुपये पर बंद हुआ। इसका 52-week हाई अलग-अलग बाजार स्रोतों में करीब 76-79 रुपये के बीच दर्ज है और शेयर अपने 52-week लो के भी काफी करीब है।
यानी तस्वीर सिर्फ किसी एक कंपनी की नहीं है। टीवी, डिजिटल और प्रिंट—मीडिया कारोबार के अलग-अलग हिस्सों से जुड़ी सूचीबद्ध कंपनियों में कमजोरी दिखाई दे रही है। Business Standard के उपलब्ध आंकड़ों में भी Network18 के एक साल के प्रदर्शन में करीब 51 प्रतिशत की गिरावट और DB Corp में करीब 36 प्रतिशत की गिरावट दर्ज है। Jagran Prakashan का एक साल का प्रदर्शन भी करीब 15 प्रतिशत नीचे है।
यहां एक दिलचस्प विरोधाभास है।
मीडिया शेयर बाजार में दबाव में हैं और दूसरी तरफ मीडिया कंपनियां विस्तार की तैयारी कर रही हैं।
हाल में खबर आई है कि करीब 18 साल बाद भारत में नए बिजनेस डेली के क्षेत्र में हलचल शुरू हुई है। Express Publications कोच्चि से राष्ट्रीय बिजनेस डेली लाने की तैयारी में है। Kumudam चेन्नई से तमिल-अंग्रेजी बिजनेस डेली ला रहा है और Dinamalar की ओर से भी तमिल बिजनेस डेली की तैयारी की खबर है।
यानी एक तरफ बाजार मौजूदा मीडिया कारोबार के valuation और कमाई को लेकर सतर्क दिखाई दे रहा है, दूसरी तरफ कुछ मीडिया समूह नए पाठक वर्ग और नए कारोबारी बाजार की संभावनाओं पर दांव लगा रहे हैं।
सवाल यही है कि क्या भारतीय मीडिया बाजार में समस्या मीडिया की मांग की है या पुराने मीडिया बिजनेस मॉडल की?
क्योंकि पाठक मौजूद हैं, समाचार की खपत बढ़ी है और डिजिटल पर audience लगातार विशाल है। फिर भी शेयर बाजार में मीडिया कंपनियों के भाव कमजोर हैं। इसका मतलब यह भी हो सकता है कि बाजार केवल audience नहीं, बल्कि उस audience को टिकाऊ राजस्व और मुनाफे में बदल पाने की क्षमता को ज्यादा महत्व दे रहा है।
और यही वह जगह है जहां नए बिजनेस अखबारों की असली परीक्षा होगी।
नया अखबार लॉन्च करना आसान हो सकता है, लेकिन ऐसे समय में विज्ञापन, सब्सक्रिप्शन और डिजिटल रेवेन्यू के जरिए टिकाऊ मीडिया कारोबार खड़ा करना असली चुनौती होगी।
1 अक्टूबर के मीडिया शेयरों का लाल निशान कम से कम इतना संकेत जरूर देता है कि मीडिया कारोबार में सिर्फ नई लॉन्चिंग की खबर काफी नहीं है—बाजार अब कमाई का मॉडल देख रहा है।
एक नजर में 1 अक्टूबर का मीडिया शेयर बाजार
ZEEL — ₹71.92 — -3.42%
Network18 — ₹25.43 — -1.70%
DB Corp — ₹172.52 — -1.63%
HT Media — ₹22.38 — -2.79%
Jagran Prakashan — ₹61.55 — -1.20%
Sun TV — करीब ₹599.90 — -0.84%
Nifty Media — 1,546.30 — -2.33%


