Connect with us

Hi, what are you looking for?

सुख-दुख

‘ट्राई सिटी टुडे’ फिर शुरू करने का एलान, पंकज पाराशर दहाड़े- “मेरा पानी उतरता देख, मेरे किनारे पर घर मत बसा लेना… मैं समंदर हूँ, लौटकर वापस आऊंगा!”

प्रतापगढ़ जेल से 659 दिन बाद लौटे पत्रकार पंकज पाराशर ने यशवंत सिंह की शुभकामनाओं के जवाब में पत्र लिखकर “ट्राई सिटी टुडे” को फिर शुरू करने का एलान किया है।

पत्रकार पंकज पाराशर

पंकज पाराशर-

आदरणीय यशवंत जी नमस्कार!

सोशल मीडिया के माध्यम से आपका सन्देश मुझ तक आया है।

पंकज पाराशर की रिहाई पर यशवंत सिंह की फेसबुक पोस्ट का स्क्रीनशॉट
पंकज पाराशर की रिहाई पर भड़ास4मीडिया के संपादक यशवंत सिंह की फेसबुक पोस्ट

यह एक झंझावात था, जिसका मुझे पूर्वाभास ही नहीं पूर्ण ज्ञान था। मेरे परिवार ने बुरा दौर झेला। सबसे ज्यादा कष्ट मेरी पत्नी और बेटी-बेटे ने उठाया है। उनके लिए 659 दिन यातना से कम नहीं थे। मेरे खिलाफ दर्ज किए गए कई मुकदमे अदालतों ने ख़त्म कर दिए हैं। अभी जो 16 बाकी हैं, उनके परिणामों पर कोई पूर्वानुमान व्यक्त नहीं करना चाहूंगा। बस मुण्डकोपनिषद के इस श्लोक पर मुझे पूर्ण विश्वास है। बस इतना कहूंगा कि ईश्वर और सत्य से बढ़कर कुछ नहीं है।

सत्यमेव जयते नानृतं सत्येन पन्था विततो देवयानः।
येनाक्रम्य ह्यप्तकामा यत्र तत् सत्यस्य परमं निधानम्॥

आपके सन्देश पर मेरी प्रतिक्रिया लियो टॉलस्टॉय की मशहूर किताब ‘The Kingdom of God Is Within You’ से है, जो मैंने जेल में ही पढ़ी है, उसमें लिखा है, “Responding to negativity, hatred, or injustice with more anger only perpetuates suffering. True moral strength and positivity come from active love, forgiveness, and the refusal to participate in malice. To forgive is to dissolve the illusion of separation between people.” हां, मुझे दुःख बहुत है, वह अपने परिवार को हुए कष्ट का। कई बार आंखों में आंसू भी आए।

इस दौरान मैंने कुछ खोया है। लेकिन, कहीं ज्यादा हासिल किया है। मसलन, जेलों में रहकर 207 किताबें पढ़ी हैं और 6 लिखी हैं, जो जल्दी आपके हाथों में होंगी। मैं इनमें से तीन किताबें तो करीब 10 वर्षों से लिखना चाहता था, लेकिन पेशेवर व्यस्तताओं के चलते नहीं लिख पाया था। पत्रकारों को सूर्य दर्शन मुश्किल होते हैं, प्रतापगढ़ जेल में सूर्योपासना का अवसर मिला। अवध क्षेत्र होने के कारण भगवान् श्रीराम पर विशद अध्ययन सामग्री मिली। श्रीरामचरितमानस में है,

धीरज धर्म मित्र अरु नारी। आपद काल परिखिअहिं चारी॥
बृद्ध रोग बस जड़ धन हीना। अंध बधिर क्रोधी अति दीना॥

मेरे यह चारों संबंधी इस कसौटी पर खरे उतरे। हालांकि, कई ‘मित्र’ और ‘शुभचिंतक’ फूले नहीं समाए। रामप्रसाद बिस्मिल जी ने अपनी आत्मकथा ‘क्रांति पथ’ में लिखा है, “लोग हमें कुमार्ग पर या डाकू की श्रेणी में देखते हैं।” हमपेशा लोगों को सम्मान देने और संस्था को खड़ा करने के लिए मेरा संघर्ष ही मेरा शत्रु बन गया। मैंने नौकरी छोड़कर आत्मनिर्भर बनने की कोशिश की और अपेक्षित कामयाबी मिली।

विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म ‘थ्री इडियट्स’ के किरदार राजू का डायलॉग, “यार! जब खुद फेल हो जाओ तो दुःख होता है… लेकिन जब दोस्त टॉप कर जाए, तो ज़्यादा दुःख होता है!” यह डायलॉग हम पत्रकारों की भी लाइफ की कड़वी सच्चाई को बयां करता है, जहां ईर्ष्या भाव दिलों में भरा है। ‘थ्री इडियट्स’ के दोस्त तो रेंचो को ढूंढने लद्दाख पहुंच गए, मेरे मित्रों ने मुझे रसातल में खोने के लिए पुरजोर कोशिश की।

आचार्य चाणक्य ने लिखा है,

अश्वं नैव गजं नैव व्याघ्रं नैव च नैव च।
अजापुत्रं बलिं दद्याद् देवो दुर्बलघातकः॥

“देवता (या शक्तिशाली लोग) कभी भी यज्ञ या बलि के लिए घोड़े, हाथी या बाघ जैसे शक्तिशाली पशुओं को नहीं चुनते; बल्कि वे हमेशा एक बेसहारा या कमजोर बकरे के बच्चे (अजापुत्र) को ही बलि के रूप में चुनते हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि इस दुनिया में ताकतवर हमेशा कमजोर का ही शोषण या वध करता है।” (अर्थात, न्याय और शक्ति हमेशा कमजोरों पर ही प्रहार करती है।)

हमारे लोकतंत्र के तीन ही स्तंभ हैं। चौथा स्तंभ तो स्वयंभू है। चौथे स्तंभ के लोग घोड़े, हाथी या बाघ नहीं हैं। पत्रकार तो अजापुत्र ही हैं, बलि चढ़ते रहेंगे।

लेकिन मैं खुद को कमजोर नहीं मानता। आपकी शुभकामनाओं के अनुसार Tricity Today निःसंदेह पुनः प्रारम्भ होगा। और, और मजबूती से खड़ा होगा। बस आखिर में कहूंगा,

“मेरा पानी उतरता देख, मेरे किनारे पर घर मत बसा लेना…
मैं समंदर हूँ, लौटकर वापस आऊंगा!”

-सादर
पंकज पाराशर

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास