संजय कुमार सिंह
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चौथी बार सीधी बहस की चुनौती दी है। अब उन्होंने फोन टैप करवाने का आरोप भी लगाया है। आप जानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राहुल गांधी पर विदेशी सहायता लेने का आरोप लगा रहे थे। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को सीधी बहस की चुनौती दी और कहा कि अपनी पसंद का जज चुन लें और कहीं भी आमने-सामने की बैठक तय कर लें। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर न सिर्फ विदेशी सहायता लेने का आरोप लगाया है बल्कि यह भी कहा है कि वे विदेश से नियंत्रित होते और दोनों के बीच सीधी बहस हो गई, तो नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे। वे बहस में साबित कर देंगे कि विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन काम कर रहा है और कौन देश विरोधी है। जाहिर है कि आरोप पर्याप्त गंभीर हैं और राहुल गांधी ने यह भी कहा है कि उनके खिलाफ मान हानि के करीब 45 मामले हैं लेकिन वोट चोरी और विदेशी सहायता के उनके आरोपों पर अब मान हानि के दावे नहीं हो रहे हैं।
सरकार ने प्रधानमंत्री राहुल गांधी के आरोपों का प्रत्यक्ष और अधिकृत जवाब नहीं दिया है। अमित शाह ने एसआईआर कराने के लिए प्रधानमंत्री को लिखने और संसद में इस पर चर्चा के लिए सरकार के तैयार होने की बात कही है। बता दूं कि सीधी बात चीत का मुद्दा एसआईआर नहीं था। चुनाव आयोग और चुनाव आयुक्तों से संबंधित दि इंडियन एक्सप्रेस की खबर के बाद हैरान-परेशान सरकार एसआईआर पर संसद में बात चीत के लिए तैयार हो गई जबकि अमित शाह ने संसद में ही कहा था कि एसआईआर पर चर्चा संसद में नहीं हो सकती है। उनके दोनों वीडियो सोशल मीडिया पर घूमते रहे। राहुल गांधी ने सार्वजनिक तौर पर गिना दिया है कि किन विषयों पर उन्हें कब नहीं बोलने दिया गया है। माइक बंद कर दिया जाता है आदि। इतना ही नहीं प्रधानमंत्री ने भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों से दीपावली मिलन का आयोजन किया तो राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए तंज कसा कि प्रधानमंत्री को भाजपा मुख्यालय में अपने पत्रकारों के साथ बातचीत (दीपावली मिलन) के दौरान भी टेलीप्रॉम्पटर का सहारा लेना पड़ा। उन्होंने चुनौती दी कि वे बहस में चाहें तो टेलीप्रॉम्पटर लेकर आ सकते हैं।
इसके बावजूद सरकार ने आमने-सामने की बातचीत पर अधिकृत रूप से कुछ नहीं कहा है। देशबन्धु में तीन कॉलम की ठीक-ठाक खबर है। दि एशियन एज में यह सिंगल कॉलम की खबर है। द हिन्दू में खबर अंदर होने की सूचना है। द टेलीग्राफ में टॉप पर तीन कॉलम की खबर है। टेलीग्राफ का शीर्षक है, प्रधानमंत्री को चुनौती देन का कारण : सदन में बोलने नहीं दिया जाता है इसलिए सार्वजनिक चर्चा की चुनौती। इसके बावजूद आज यह खबर पहले पन्ने पर कायदे से तो नहीं ही है, अमर उजाला ने खबरों के दूसरे पहले पन्ने पर चार कॉलम की खबर लगाई है, राहुल का फिर आरोप – मेरा फोन टैप किया जा रहा है। भाजपा का पलटवार – अपने दिमाग की जांच कराएं। अमर उजाला ने इससे पहले के खबरों के पहले पन्ने पर चार कॉलम की खबर लगाई है – हिन्दू वोटरों के नाम जोड़ने के लिए योगी के नेतृत्व में 22 से अभियान। उत्तर प्रदेश में भाजपा का 22 से 24 नवंबर तक चलेगा अभियान।
आप जानते हैं कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार है और अभी हाल में एसआईआर पूरा हुआ है। खबरों के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि राज्य की मतदाता सूची से करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कट गए हैं या गायब हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि हटाए गए मतदाताओं में 85 से 90 प्रतिशत भाजपा के समर्थक हैं। मुख्यमंत्री ने सांसदों, विधायकों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि वे अगले एक महीने तक बूथ लेवल ऑफिसर के साथ समन्वय बनाकर घर-घर जाएं। उन्होंने हर पात्र मतदाता का नाम दोबारा जुड़वाने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाने को कहा है। अमर उजाला की खबर के अनुसार उत्तराखंड में 1.25 लाख वोटर बढ़ गए हैं। महाराष्ट्र में एसआईआर के तहत जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया था उनमें से 99 प्रतिशत वापस मतदाता सूची में शामिल कर लिए गए हैं (हिन्दुस्तान टाइम्स)। मध्य प्रदेश में एसएसआर के बाद 8.9 लाख वोटर जोड़े गए। कुल 5.5 करोड़ वोटर हुए। (टाइम्स ऑफ इंडिया) यहां महाराष्ट्र की खबर भी है और दोनों एक साथ हैं। इंडियन एक्सप्रेस में महाराष्ट्र की मतदाता सूची पर विशेष खबर है। आप समझ सकते हैं कि एसआईआर पर बातचीत कहां कितनी जरूरी है और किसे-किससे करनी चाहिए। लेकिन अभी यह मुद्दा नहीं है।
आज की दूसरी महत्वपूर्ण खबर नॉर्वे की महिला पत्रकार हेली लिंग का वीजा अंतिम समय में रद्द किए जाने का कारण नहीं बताया जाना है। मेरे 10 अखबारों में द टेलीग्राफ और दि इंडियन एक्सप्रेस के पहले पन्ने पर कल की इस खबर का फॉलो अप है। खबर के अनुसार, हेली लिंग को हैदराबाद में तेलंगाना सरकार द्वारा आयोजित भारत समिट में बुलाया गया था। अंतिम समय पर वीजा रद्द किए जाने के बाद कांग्रेस ने कहा कि सरकार ने समिट में आने वालों या बुलाए गए लोगों को रोक दिया। खबर के अनुसार, भाजपा ने भारत विरोधी एजंडा की आलोचना की है। शशि थरूर के अनुसार, हैदराबाद में आयोजित भारत समिट में आने वाले 70 देशों के 315 विदेशी अतिथियों में से 115 का वीजा रद्द हुआ या उन्हें आने से रोक दिया गया। विदेश मंत्रालय ने पहले अनुमति दी थी तभी वीजा जारी हुआ होगा। अंतिम समय में रद्द होने का मतलब है गृह मंत्रालय ने ऐसा कहा होगा। खबर यह भी है कि नॉर्वेजियन एडिटर्स एसोसिएशन और नॉर्वेजियन प्रेस एसोसिएशन ने भारतीय दूतावास को खुला पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है, हम ‘डैगसाविसेन’ की पत्रकार हेले लिंग स्वेन्डसेन का वीज़ा 11 नवंबर को रद्द किए जाने के संबंध में दूतावास को लिख रहे हैं। यह वही दिन था जब उन्हें ‘भारत समिट’ के लिए जाना था, जहाँ उन्हें एक पैनल चर्चा में हिस्सा लेना था और प्रेस की स्वतंत्रता पर अपनी बात रखनी थी। मुद्दा यह है कि भाजपा सरकार भारत विरोधी एजंडा से इस तरह निपटेगी तो दुनिया भर में देश की बदनामी होगी।
द टेलीग्राफ ने आज इसे सात कॉलम में एंकर बनाया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की आज की लीड दिल्ली का प्रदूषण है। जाहिर है यह भी एक महत्वपूर्ण मुद्दा है। नवोदय टाइम्स की लीड के अनुसार एक्यूआई 400 पार चल रहा है। लेकिन इसे सिर्फ टीओआई ने लीड बनाया है। हिन्दुस्तान टाइम्स में यह सिंगल कॉलम में है। टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार दिल्ली की हवा 19 जनवरी के बाद सबसे खराब है। संभावना है कि बेहद खराब बनी रहेगी। अमर उजाला और दैनिक भास्कर में छात्रों से भरी ट्रैवलर और ट्रक की टक्कर में 26 लोगों को मौत की खबर लीड है। दैनिक भास्कर में दूसरे पहले पन्ने की लीड का शीर्षक है, पाक अधिकृत कश्मीर में 80 आतंकी लॉन्चपैड, यहां थर्मल सेंसर एंटी ड्रोन सिस्टम। आज एक महत्वपूर्ण खबर मणिपुर हिंसा की भी है। दैनिक भास्कर के पहले पन्ने की इस खबर का शीर्षक है, मणिपुर में दो कारों पर गोलीबारी, 4 नगा की हत्या। कुल मिलाकर, प्रदूषण का मामला कई साल से चल रहा है, मणिपुर में हिंसा तीन साल से ज्यादा से है।

मैं रोज चार हिन्दी और छह अंग्रेजी, कुल दस, कई बार इससे भी ज्यादा अख़बार देखकर उसकी खास बातें लिखता हूँ। अंग्रेजी की खबरों के खास अंशों का अनुवाद करता हूं। वह भी लिखता हूं जो अखबार नहीं लिखते या नहीं लिख सकते हैं। जो लिखता हूं उसमें बहुत कुछ याद से लिखा होता है। एआई का सहयोग होता है। कुछ अंग्रेजी अखबारों की खबरों का अनुवाद होता है। इसलिये भूल-चूक की आशंका है। कृपया कहीं उल्लेख करने या हवाला देने से पहले अपने स्तर पर पुष्टि कर लें।


