-शम्भू दयाल बाजपेयी-
तीन दिन से अपने गांव-गलियों में हूं- असोथर, फतेहपुर। यह 36-37 साल बाद अपनी जड़ों की ओर लौटना और उसका एहसास करना भी है। अखबारी नौकरियों में रहते यहां से प्रायः पूरी तरह कटा ही रहा।
अखबार आता है। सुबह देखने की आदत है। नौकरियों में रहते चार अखबार और अपने अखबार के डाक एडिशन भी देखता था। निवृत्त होने के बाद घर में कम करते-करते दो पर आ गया।
यहां एक आता है, बड़े अखबारी समूह का। कल-परसों 14 पेज का था, आज 12 का। परसों वाले का न्यूज़प्रिंट (कागज) बहुत घटिया था, छपाई भी। कीमत 7 रुपये। फ्रंट पेज रोज़ पूरा बहुराष्ट्रीय कमर्शियल विज्ञापन। अंदर भी 50-60 जगह विज्ञापनों से भरी। राष्ट्रीय और राज्य के समाचारों के नाम पर सरकार और सत्ता दल का मुखपत्र होने जैसा, जिले की खबरों में सरकारी व निजी संगठनों की अनावश्यक विस्तारित विज्ञप्तियां, और फीचर पेज पर भरताऊ लेख व फिल्मी सामग्री की खिचड़ी।
मुझे तो आद्योपांत देखने में दो मिनट से अधिक नहीं लगे। पता नहीं पाठक को पढ़ने को क्या मिलता होगा। युवा और छात्र तो देखते भी नहीं होंगे, पढ़ना दूर की बात। उनके लिए पढ़ने लायक कुछ होता ही नहीं।
सबसे हतप्रभ करने वाली खबर रही सर्कुलेशन बढ़ाने के दबाव के नाम पर अखबार के जिला कार्यालय द्वारा पैसे मांगने की। अभी तक बड़े अखबारों में जिला प्रभारियों को विज्ञापन बढ़ाने में सहयोग करने और इसके लिए टार्गेट आदि दिए जाने की ही परंपरा रही है। राजस्व बढ़ाने को जिला ब्यूरो प्रभारी बीच-बीच में तरह-तरह के इवेंट भी करते-करवाते हैं।
पहली बार सुना कि उन्हें प्रबंधन की ओर से प्रसार बढ़ाने को भी कहा गया है। गिरते प्रसार से चिंतित अखबार के मालिकों ने जिला कार्यालयों को प्रसार बढ़ाने का लक्ष्य दिया है। कार्यालय वालों ने व्यवसायियों-ठेकेदारों वगैरह की एक सूची बनाकर उनसे प्रसार में सहयोग के नाम पर रुपये लेना शुरू किया है।
ऐसे एक व्यवसायी ने बताया कि उनके पास सहायक रिपोर्टर का फोन आया कि आप ऑफिस आकर भैया (प्रभारी) से मिल लीजिएगा, आपसे बीस हजार रुपये का सहयोग चाहिए। उक्त सज्जन ‘ठीक है’ कहकर भूल गए। कुछ दिनों बाद सहायक का फिर फोन आया- आप आए नहीं।
उक्त व्यवसायी सज्जन गए। ब्यूरो इंचार्ज ने कहा कि अखबार का सर्कुलेशन बढ़ाने को ऊपर से बहुत दबाव है। आप अपने हैं, बीस हजार रुपये का सहयोग कर दीजिए। आपके नाम का अखबार का बंडल आता रहेगा। उसकी रद्दी आधी कीमत पर बिक जाएगी। इस तरह दस हजार रुपये आपको वापस मिल जाएंगे।
उक्त व्यवसायी ने दस हजार वापस पाने के लिए नहीं, रिश्ते सामान्य बनाए रखने के लिए तुरंत पूरे रुपये दे दिए। अखबार नहीं मिला। उनके नाम आया अखबार रद्दी में बिककर ब्यूरो वालों के काम आया होगा।
