Connect with us

Hi, what are you looking for?

प्रिंट

आज के अखबार : प्रदूषण कम कैसे हुआ, ज्यादातर को कोई चिन्ता नहीं है और यह खबर भी नहीं है! 

Hindustan Times headline: 'Shah accuses Rahul of defaming India abroad' with byline Ranjan Dasgupta and the start of the article.

अगर कांग्रेस का उद्देश्य सत्ता में आना हो ही नहीं और भाजपा, संघ परिवार की पोल पट्टी खोलना ही हो तो? गैर कानूनी है? आप झूठा प्रचार करेंगे? जरूरी है कि कांग्रेस सत्ता में आने के लिए आपके ही तरीके अपनाए? अगर उसने यही किया होता तो भाजपा सत्ता में आती?

संजय कुमार सिंह

आज अमर उजाला और दैनिक भास्कर की लीड एक है। अमर उजाला का शीर्षक है, आईएसआई के चंगुल में फंसी युवती ने उड़ाई थी रेल पटरी… दो गिरफ्तार। उपशीर्षक है – श्रीगंगानगर धमाका : पाकिस्तानी हैंडलर ने दोस्ती बढ़ाई, फिर साजिश का हिस्सा बनाया। खबर पढ़कर मुझे याद नहीं आया कि हाल-फिलहाल कौन सा धमाका हुआ है। कितने लोग मरे थे आदि। पूरी खबर पढ़ने से पता नहीं चला कि धमाका कब हुआ था और उससे क्या नुकसान हुआ था। मेरा मतलब यह है कि धमाका अगर बड़ा नहीं था तो करने वाले का पता चलना भी बड़ी खबर नहीं है। खासकर तब जब उसके खिलाफ किसी कार्रवाई की सूचना नहीं है। अगर पाकिस्तानी हैंडलर के कारण इस खबर को लीड बनाया गया है तो खबर यानी शीर्षक यह होना चाहिए था कि पाकिस्तानी हैंडलर ने कराया था धमाका। फलां धमाका जिसमें ये नुकसान हुए थे। अभी की खबर और शीर्षक से लग रहा है कि मामला खुल जाने का प्रचार किया जा रहा है। ठीक है कि यह भी खबर है लेकिन प्रचारकों की सरकार के इस समय में सरकार का प्रचार चौंकाता है। पूरी खबर पढ़ने से पता चला कि धमाका 3 नवंबर की रात हुआ था। ठीक है कि बहुत पुराना नहीं है और मामला सुलझ गया है तो खबर है। लेकिन खबर यह नहीं बताती है कि धमाका कितना बड़ा था पर यह जरूर बताती है कि जांच कितना बड़ा था। जांच बड़ा, अच्छा हो तो भी खबर है लेकिन यह खबर सरकारी प्रचार की ही तरह है।

जब डिजिटल अरेस्ट से ठगी, लूट के मामले नहीं रुक रहे हैं, साइबर अपराध पर नियंत्रण नहीं हो रहा है। आज भी इसकी खबरें हैं तो विस्फोट का मामला सुलझा लिया और वह भी धुर विरोधी या घोषित  दुश्मन ही कर रहा था तो खबर क्या है? खबर थी नवाज शरीफ को शपथग्रहण में बुलाना – कैसे संभव हुआ, कौन था उसके पीछे? जानते हैं? फिर भी भारत में जो कुछ भी बुरा हो रहा है वह पाकिस्तान से हो रहा है और उसके खिलाफ हम अभियान चलाते हैं, उसका नाम ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ होता है और वह अचानक बंद हो जाता है। अमेरिकी राष्ट्रपति उसका श्रेय लेता है। सरकार उसपर कोई टिप्पणी नहीं करती है। विपक्ष के नेता पर प्रधानमंत्री विदेशी सहायता लेने का आरोप लगाते हैं और वे प्रधानमंत्री पर ऐसे ही आरोप लगाते हैं। बैठ कर आमने-सामने बात करने की चुनौती देते हैं और सरकार को सांप सूंघ जाता है। तब विदेशी या पाकिस्तानी साजिश की खबर सामान्य नहीं है। यह सूचना ऑपरेशन सिन्दूर जैसी कार्रवाई की जरूरत बताती है लेकिन सरकार की उपलब्धि की तरह छपी है जबकि ऑपरेशन सिन्दूर के राजनीतिक उद्देश्य समझना मुश्किल नहीं है।

दूसरी ओर, एक आपराधिक, आतंकी कार्रवाई को पाकिस्तान की कार्रवाई कहकर उसपर हमला कर दिया गया। दूसरी ओर, पाकिस्तान के शामिल होने का साफ उदाहरण होने पर वैसी कार्रवाई नहीं की जा रही है या उसकी कोई खबर नहीं है तो यह सरकारी प्रचार ही है। अगर पाकिस्तानी हैंडलर देश में यह सब कर रहा है या कर पा रहा है तो सरकारी एजेंसियां क्या कर रही हैं? किसलिए हैं? सरकार क्या कर रही है? घुस कर मारूंगा, ऑपरेशन सिन्दूर का फायदा क्या हुआ? पाकिस्तान को चेतावनी क्यों नहीं दी गई? सूचना मिलने के बाद सरकार कुछ करेगी या कुछ करने की जरूरत ही नहीं है, इससे संबंधित खबरें क्या हैं या नहीं हैं – यह भी खबर है। अमर उजाला ने आज बताया है, 3 नवंबर की रात करीब 9.45 बजे टाइमर बम से अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर श्रीगंगानगर में धमाका हुआ था। 4 नवंबर के अमर उजाला में पहले पन्ने पर यह खबर नहीं दिखी। एआई से पता चला कि  धमाका इतना तेज था कि पटरियों के नीचे लगे सीमेंट के दो स्लीपर (सिल्लियां) टूट गए और ट्रैक के बीच करीब 2 फीट गहरा गड्ढा हो गया। गनीमत रही कि एक पैसेंजर ट्रेन इस धमाके से लगभग 30 से 45 मिनट पहले ही वहां से गुजरी थी, जिससे एक बड़ा रेल हादसा टल गया। यह कैसे हुआ? हमारी सतर्कता थी या उनकी लापरवाही या संयोग। कहीं प्रयोग तो नहीं है? खबर इस पर भी होनी चाहिए। लेकिन खबर यह है कि मुख्य आरोपी महिला महकदीप कौर पिछले 15 महीने से व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के संपर्क में थी। उन्हें यह धमाका करने के लिए 30,000 रुपये और विदेशी पिस्तौल व कारतूस मिले थे। पुलिस को समय पर सूचना नहीं मिली। विदेश से पैसे आ गए, आतंकी साजिश पूरी हो गई – खबर इसकी होनी चाहिए या सूचना मिलने की?

खबरों का सिर्फ सरकारी रूप पेश किया जाना सरकारी योजना और दबाव का हिस्सा हो सकता है और इसकी भी जांच होनी चाहिए। खासकर तब जब हैदराबाद के भारत समिट में आने वालों को रोकने के लिए जो सरकारी उपाय किए गए बेहद फूहड़ रहा और भारत के अपमान का कारण बना। वीजा नहीं देना एक बात है और देकर अंतिम समय में रद्द करना बिल्कुल अलग। हैदराबाद में आयोजित सम्मेलन में 70 देशों के 315 विदेशी अतिथियों में से 115 को भारत आने से रोक दिया गया। इससे भारत की प्रशंसा होगी या बदनामी – इसपर विवाद हो सकता है। लेकिन जो आया उसने अपने मन की बात की, भारत में भारत की आलोचना की यह सही है या गलत – इसपर विवाद हो सकता है। लेकिन गलत था तो कार्रवाई क्यों नहीं हुई और अगर भारत में बोलने के लिए बुलाए जाने वाले विदेशियों को सशर्त अनुमति देनी है तो यह वीजा या निमंत्रण की शर्त में क्यों नहीं है। विपक्षी दलों को ऐसा आयोजन करने ही क्यों दिया गया। जो विदेशी पसंद नहीं थे उन्हें रोक ही दिया गया तो जो आए उसने जो कुछ भी उसके लिए सरकार क्यों नहीं जिम्मेदार है? वीजा की शर्तों में यह क्यों नहीं था? जाहिर है चूक सरकार की तरफ से भी है। अगर मुझे या आयोजकों को लगता है कि विदेशी मेहमानों को यही बताने के लिए बुलाया गया था और यह ठीक है तभी तो सरकार ने अनुमति दी या नहीं दी तो गलत कौन है? फिर जिसे अनुमति मिली उसके व्यवहार के लिए आयोजक क्यों जिम्मेदार है और यह सब क्या भारत की छवि खराब नहीं करेगा?

आज हिन्दुस्तान टाइम्स में छपी इस खबर के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस द्वारा आयोजित ‘भारत शिखर सम्मेलन’ (भारत समिट) के दूसरे संस्करण में राहुल गांधी ने भारत, यहाँ के लोकतंत्र और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बदनाम किया है। शाह ने कहा, “अगर राहुल गांधी चाहते हैं कि उनकी पार्टी फिर से सत्ता में आए, तो उन्हें बार-बार विदेश जाना बंद करना होगा। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत विरोधी बयान देकर वे सत्ता में नहीं आ सकते।” लेकिन वे सत्ता में नहीं आना चाहते हो तो? या वैसे सत्ता में नहीं आना या रहना चाहते हों जैसे भाजपा आई और बनी हुई है तो? कहने की जरूरत नहीं है कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए जो कुछ कर रही है वही कांग्रेस ने किया होता तो भाजपा सत्ता में आती ही नहीं। इसके बावजूद अमित शाह से ज्ञान लेने की जरूरत कांग्रेस में शायद ही किसी को होगी फिर भी अमित शाह ऐसा बोल रहे हैं तो कांग्रेस को बदनाम करने के लिए और यही उनकी राजनीति है। मीडिया इसी का प्रचार कर रहा है।  (जारी)

अगले अंक में पढ़िए – आज के अखबार (दो) : आदिवासियों को उनके हाल पर छोड़ देने वाली और ये साइबर लुटेरों के आगे लाचार?

लिंक यह रहा – https://www.bhadas4media.com/adivasiyon-ko-unke-haal-par-chhod-dene-wali/

लेखक से [email protected] संपर्क पर कर सकते हैं।

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास