पुष्प रंजन-
ट्रम्प की हरकतें अब एक उन्मत हाथी की तरह हो चुकी हैं, जो संयुक्त राष्ट्र की प्रस्तावना को रौंदते हुए आगे बढ़ रहा है. संयुक्त राष्ट्र चार्टर की ट्रम्प ने चिंदी -चिंदी कर दी, जो विश्व शांति, सुरक्षा, सम्प्रभुता, मानवाधिकारों की रक्षा करने, और अंतर्राष्ट्रीय कानून को सम्मान देने का संकल्प करता है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि आज एक बड़े मिलिट्री ऑपरेशन में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़ने के बाद, अमेरिका अनिश्चित काल के लिए वेनेजुएला का “शासन चलाएगा”। ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका तब तक ऐसा करेगा, जब तक “सही और समझदारी से सत्ता का हस्तांतरण” नहीं हो जाता।
ट्रंप ने ‘USS इवो जिमा’ पर मादुरो की एक फोटो पोस्ट की, और यह ऐलान किया कि न्यूयॉर्क स्थित मैनहट्टन फेडरल कोर्ट में उनपर ड्रग्स व हथियारों की तस्करी के आरोप लगेंगे, और मुक़द्दमा चलेगा।

ऑपरेशन के बारे में सूत्रों ने बताया कि छापे के दौरान मादुरो और उनकी पत्नी, सीलिया फ्लोरेस को अमेरिकी स्पेशल फोर्सेज ने उनके बेडरूम से घसीटकर बाहर निकाला।
ट्रंप ने कहा कि कोई भी अमेरिकी सैनिक मारा नहीं गया, हालांकि, हमले के दौरान एक हेलीकॉप्टर पर गोली लगने से कुछ लोग घायल हुए. यह पूरा ऑपरेशन अंधेरे का फायदा उठाकर किया गया था।
वेनेजुएला के विपक्षी नेता ने देश के विपक्षी उम्मीदवार को सत्ता में लाने की मांग की है, जबकि वेनेजुएला के विदेश मंत्री का कहना है, कि मादुरो ही देश के नेता बने रहेंगे।
आरके जैन-
वेनेजुएला के राष्ट्रपति, मादुरो और उनकी पत्नी को बेडरूम से अमेरिकी कमांडो ने घसीटकर निकाला ।
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को अमेरिकी सेना ने गिरफ्तार किया है। अमेरिकी सेना की एक टुकड़ी ने शनिवार को उनके घर पर अटैक करते हुए दोनों को पकड़ा है।
इस घटनाक्रम के बारे में अब सामने आया है कि अमेरिकी सेना मादुरो और उनकी पत्नी के बेडरूम तक पहुंच गई थी। ये पूरा ऑपरेशन रात के समय किया गया। अमेरिकी कमांडो धावा बोलते हुए दोनों को घसीटते हुए बाहर लाए और हेलीकॉप्टर में लेकर चले गए। इस दौरान राजधानी में कई जगहों पर अमेरिका ने बमबारी की।
यह बताया गया है कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को रेड के दौरान अमेरिकी सेना ने उनके बेडरूम से घसीटकर निकाला, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। दोनों को रात में उस समय पकड़ा गया, जब वे सो रहे थे। ट्रंप प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि अमेरिकी सेना की डेल्टा फोर्स ने इसे अंजाम दिया, जिसमें कोई अमेरिकी सैनिक हताहत नहीं हुआ।
इस ऑपरेशन को अमेरिकी सेना की डेल्टा फोर्स और एफबीआई एजेंटों ने मिलकर किया। यह ऑपरेशन 30 मिनट से भी कम समय में पूरा हो गया।
वेनेजुएला की सत्तारूढ़ पार्टी के एक नेता नहम फर्नांडीज ने बताया कि मादुरो और उनकी पत्नी को सैन्य परिसर के अंदर उनके आवास से पकड़ा गया था। यह वही जगह है, जहां वे रहते थे और यह एक बहुत सुरक्षित इलाका है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मादुरो को एक किले से निकाला गया है। ट्रंप ने यह भी बताया कि मादुरो और उनकी पत्नी एक अमेरिकी युद्धपोत पर हैं। वे सोमवार को न्यूयॉर्क पहुंचेंगे, जहां उन पर मुकदमा चलेगा। अमेरिकी अटॉर्नी जनरल पाम बोंडी ने कहा कि मादुरो और फ्लोरेस पर न्यूयॉर्क में आरोप तय किए गए हैं। उन पर ड्रग्स तस्करी से जुड़े आरोप लगाए गए हैं।
मादुरो की गिरफ्तारी वेनेजुएला पर अमेरिका के बढ़ते दबाव का नतीजा है। पिछले कुछ महीनों से अमेरिका ने वेनेजुएला के खिलाफ नौसैनिक तैनाती और कथित नशीले पदार्थों की तस्करी के रास्तों पर हमले किए हैं। पिछले हफ्ते ही सीआईए ने एक ड्रोन हमले में वेनेजुएला के एक डॉकिंग साइट को निशाना बनाया था, जो कार्टेल से जुड़ा हुआ था।


