Connect with us

Hi, what are you looking for?

सुख-दुख

‘खबर लहरिया’ की मीरा देवी TIME100 Next India 2026 की सूची में शामिल

महिलाओं द्वारा चलाए जाने वाले ग्रामीण समाचार नेटवर्क ‘खबर लहरिया’ की प्रबंध संपादक मीरा देवी को TIME ने अपनी पहली TIME100 Next India 2026 सूची में जगह दी है।

खबर लहरिया की प्रबंध संपादक मीरा देवी नदी किनारे माइक के साथ रिपोर्टिंग करती हुईं

ग्रामीण भारत की आवाज़ बन चुके महिलाओं के स्वतंत्र समाचार नेटवर्क ‘खबर लहरिया’ के लिए यह गर्व का मौका है। संस्था की प्रबंध संपादक मीरा देवी को अंतरराष्ट्रीय पत्रिका TIME ने अपनी पहली ‘TIME100 Next India 2026’ सूची में जगह दी है। TIME ने 19 नवंबर 2026 को यह सूची जारी की, जिसमें देश का भविष्य गढ़ रहे 100 उभरते चेहरों को शामिल किया गया है।

TIME की वेबसाइट पर मीरा देवी का परिचय नेहा थिरानी बागरी ने लिखा है। इसमें बताया गया है कि पूरी तरह महिलाओं द्वारा चलाए जाने वाले इस ग्रामीण समाचार नेटवर्क की रिपोर्टिंग ने कई बार ज़मीन पर बदलाव कराया है। सरकारी सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने से लेकर महिलाओं के खिलाफ अपराधों में पुलिस को कार्रवाई के लिए मजबूर करने तक, खबर लहरिया की खबरों का असर दिखा है। मीरा देवी 2006 में बतौर रिपोर्टर इससे जुड़ी थीं और संस्था के लंबे असर के पीछे उनकी भूमिका अहम मानी गई है।

प्रोफाइल के मुताबिक, खबर लहरिया की कई साथियों की तरह मीरा देवी भी दलित समुदाय से आती हैं। महज़ 14 साल की उम्र में उनकी शादी कर दी गई थी। जिस भेदभाव को वे आज अपनी खबरों में दर्ज करती हैं, उसे उन्होंने खुद झेला है। उनकी रिपोर्टिंग ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की खामियों, आदिवासी समुदायों के विस्थापन और सरकारी तंत्र की नाकामियों जैसे मुद्दों पर केंद्रित रही है।

TIME के अनुसार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में करीब 30 लोगों की टीम वाला खबर लहरिया लगभग 50 लाख लोगों तक पहुंचता है। ये वे इलाके हैं, जिन पर मुख्यधारा मीडिया की नज़र कम ही जाती है।

खबर लहरिया की कहानी पर बनी डॉक्यूमेंट्री ‘राइटिंग विद फायर’ 2021 में आई थी और ऑस्कर के लिए नामांकित हुई थी। इस साल मीरा देवी और उनकी साथियों ने अपनी कहानी खुद कहने के लिए ‘द गुड रिपोर्टर’ नाम से एक सामूहिक आत्मकथा भी प्रकाशित की है। मीरा देवी युवा पत्रकारों को प्रशिक्षण भी देती हैं, ताकि बदलाव लाने वाली पत्रकारिता की यह परंपरा नई पीढ़ी तक पहुंचे।

गौरतलब है कि TIME ने इस साल पहली बार भारत के लिए अलग से TIME100 Next सूची निकाली है। अब तक यह एक वैश्विक सूची हुआ करती थी। इस भारतीय संस्करण की घोषणा अप्रैल 2026 में रिलायंस के साथ साझेदारी में की गई थी। सूची में कला, विज्ञान, कारोबार, खेल और सामाजिक सरोकार जैसे क्षेत्रों के लोग शामिल हैं। आलिया भट्ट इस सूची के कवर पर हैं, जबकि दुलकर सलमान, नयनतारा, मीराबाई चानू, लवलीना बोरगोहेन, डी गुकेश और निखिल कामथ जैसे नाम भी इसमें हैं। सूची में शामिल हस्तियों के सम्मान में दिसंबर 2026 में मुंबई के नीता मुकेश अंबानी कल्चरल सेंटर में गाला आयोजित किया जाना है।

फिल्मी सितारों, खिलाड़ियों और कारोबारियों के बीच गांव-कस्बों से रिपोर्टिंग करने वाली एक महिला पत्रकार का नाम आना ग्रामीण और ज़मीनी पत्रकारिता के लिए बड़ी अंतरराष्ट्रीय पहचान है। भड़ास4मीडिया की ओर से मीरा देवी और खबर लहरिया की पूरी टीम को बधाई!


पिछली/संबंधित खबरें:

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास