गुना। गुना पत्रिका के ब्यूरो चीफ और पत्रकारों के बीच बेहद लोकप्रिय प्रवीण मिश्रा को बीती रात सीवियर हार्ट अटैक आने के बाद भोपाल एम्स में भर्ती कराया गया, जहां काबिल डॉक्टरों की टीम ने समय रहते उनकी एंजियोप्लास्टी कर जान बचा ली। मेडिकल जांच में उनके हृदय में तीन गंभीर ब्लॉकेज पाए गए, जिसके बाद तीन स्टेंट डाले गए। ऑपरेशन सफल रहा है और फिलहाल उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया है।
बताया गया कि शुक्रवार शाम प्रवीण मिश्रा कुछ पत्रकार साथियों के साथ उज्जैन के लिए निकले थे। रास्ते में ब्यावरा के पास उन्हें बेचैनी महसूस हुई, जिसके बाद उन्हें तुरंत ब्यावरा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां ईसीजी कराई गई, जिसमें उनकी स्थिति चिंताजनक पाई गई। उनका ब्लड प्रेशर और शुगर दोनों बढ़े हुए थे। डायबिटीज से पीड़ित होने के कारण उन्हें हार्ट अटैक के लक्षणों का स्पष्ट एहसास नहीं हो पाया।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पत्रकार साथियों ने बिना समय गंवाए उन्हें भोपाल एम्स ले जाने का फैसला किया। एम्स पहुंचने पर डॉक्टरों ने विस्तृत जांच के बाद एंजियोग्राफी की, जिसमें हृदय की धमनियों में तीन ब्लॉकेज सामने आए। इसके बाद तत्काल एंजियोप्लास्टी का निर्णय लिया गया।
डॉक्टरों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचने और सही इलाज की वजह से बड़ा खतरा टल गया। एंजियोप्लास्टी के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, हालांकि एहतियातन उन्हें आईसीयू में निगरानी में रखा गया है।
मस्तमौला और अल्हड़ स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले प्रवीण मिश्रा पत्रकारिता में इस कदर डूबे रहते हैं कि अक्सर अपनी सेहत की अनदेखी कर बैठते हैं। बीपी और शुगर की दवाएं समय पर न लेना भी उनकी आदत में शामिल रहा है, जो अब एक बड़ी चेतावनी बनकर सामने आया है।
गुना और आसपास के पत्रकार साथियों, शुभचिंतकों और मित्रों में इस खबर के बाद चिंता की लहर है। सभी बाबा महाकाल, बगलामुखी माई और टेकरी सरकार से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और दीर्घायु की कामना कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि आने वाले कुछ दिन बेहद महत्वपूर्ण हैं और पूरी सावधानी बरती जा रही है।


