संभल जिले के चंदौसी थाना क्षेत्र में एक मेंथा व्यापारी के परिवार ने पांच पत्रकारों पर ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप लगाया है। व्यापारी का कहना है कि ये पत्रकार अश्लील वीडियो और अन्य फुटेज का सहारा लेकर कई बार मोटी रकम वसूल चुके हैं।
पहली बार ब्लैकमेलिंग: अश्लील वीडियो के जरिए
अक्रूरजी पुरम निवासी मेंथा व्यापारी टनाटन का आरोप है कि कुछ रिश्तेदारों ने उनकी परिवार की एक महिला का अश्लील वीडियो छुपकर बना लिया और रंजिश के चलते उसे वायरल कर दिया। यह वीडियो पांच पत्रकारों के हाथ लग गई, जिन्होंने इसे प्रकाशित करने की धमकी देकर मोटी रकम मांगी।
13 नवंबर 2024 को लगभग 11 बजे, नेशनल एक्सप्रेस के पत्रकार राहुल सक्सेना और मनीष शर्मा, अमृत विचार के गौरव शर्मा और श्याम मिश्रा, तथा पूर्व में दैनिक जागरण के विज्ञापन विभाग में काम कर चुके अभिषेक गौड़ व्यापारी के घर पहुंचे। उन्होंने पीड़िता के देवर को वीडियो दिखाकर धमकी दी कि अगर रकम नहीं दी गई तो इसे अखबारों में प्रकाशित कर दिया जाएगा। परिवार की इज्जत बचाने के लिए व्यापारी ने मांग के अनुसार रकम दे दी।
इस दौरान व्यापारी के घर में लगे सीसीटीवी कैमरों ने 52 सेकंड की वीडियो रिकॉर्ड कर ली। वीडियो में 42वें सेकंड पर अभिषेक गौड़ कैमरे को नोटिस करता है और उसे बंद कराने का इशारा करता है। श्याम मिश्रा टेबल पर रखी चीजों में कैमरे की तलाश करता है। पैसे का लेन-देन तब हुआ जब सभी कैमरे बंद कर दिए गए।
दूसरी बार ब्लैकमेलिंग: बर्थडे पार्टी की फायरिंग का वीडियो
16 जनवरी 2025 को व्यापारी टनाटन ने अपनी बेटी का जन्मदिन एक निजी पैलेस में धूमधाम से मनाया। पार्टी के दौरान कुछ मेहमानों ने स्टेज पर आकर हर्ष फायरिंग कर दी, जिसकी वीडियो नेशनल एक्सप्रेस के पत्रकार मनीष शर्मा ने बना ली।
इसके बाद पत्रकारों की गैंग ने व्यापारी से संपर्क किया और धमकी दी कि अगर रकम नहीं दी गई तो इस वीडियो को पुलिस को सौंप दिया जाएगा, जिससे उन पर केस दर्ज हो सकता है। परिवार ने फिर ब्लैकमेलिंग का शिकार होकर मोटी रकम दे दी।
तीसरी बार ब्लैकमेलिंग: पुराने फायरिंग वीडियो का इस्तेमाल
ब्लैकमेलिंग का सिलसिला यहीं नहीं रुका। पत्रकार गौरव शर्मा ने तीसरी बार फिर से 3 लाख रुपये की डिमांड रखी। यह रकम चंदौसी के एक वरिष्ठ पत्रकार और मनीष शर्मा को देने के नाम पर मांगी गई। इस बार व्यापारी ने बातचीत की ऑडियो रिकॉर्ड कर ली।
व्यापारी के अनुसार, दो साल पहले दशहरे के अवसर पर उनके बेटे ने रायफल से फायरिंग की थी, जिसका वीडियो उनके फोन में था। यह फोन कुछ समय बाद गुम हो गया, जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस को भी दी थी। लेकिन बाद में वही वीडियो पत्रकारों के हाथ लग गई। पत्रकारों ने इस वीडियो को बर्थडे पार्टी की फायरिंग वीडियो के साथ मिलाकर तीसरी बार ब्लैकमेल किया।
व्यापारी ने जुटाए सबूत, पुलिस में शिकायत
व्यापारी टनाटन पत्रकारों की लगातार ब्लैकमेलिंग से तंग आ चुका था। उसने अपने घर में लगे सीसीटीवी फुटेज और फोन पर हुई बातचीत के रिकॉर्ड मीडिया के अन्य सदस्यों को दे दिए।
फिलहाल, पुलिस ने व्यापारी टनाटन के बेटे पर दो साल पहले हुए दशहरे फायरिंग मामले में केस दर्ज कर लिया है। वहीं, व्यापारी परिवार अब इन पत्रकारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।
देखें वीडियो, सुने ऑडियो-
https://x.com/yashbhadas/status/1884847788749734122?s=48


