रसूलाबाद, कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस की टक्कर से टीवी चैनल प्राइम न्यूज के पत्रकार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पहुंच शव का पंचायतनामा भरकर शव को पीएम हेतु मुख्यालय भेज दिया। इस घटना से क्षेत्रीय जनता व पत्रकार साथी स्तब्ध हैं तो वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल देखा गया।
घटना बुधवार सुबह लगभग 10 बजे की है। प्राइम न्यूज के संवाददाता रजनेश कुमार मोटर साइकिल से बेला रोड की तरफ जा रहे थे तभी बाला जी गेस्ट हाउस के पास सामने से आ रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस ने जोरदार टक्कर मार दी और बस का अगला पहिया उनके सर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। कोतवाल मुकेश कुमार सोलंकी पुलिस बल सहित मौके पर पहुंच पत्रकार को सामुदायिक स्वास्थ केंद्र लेकर पहुंचे जहां चिकित्साधिकारी ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर परिवारीजन सहित सैकड़ों गांव वाले व पत्रकार साथी अस्पताल पहुंचे। पत्रकार के वृद्ध पिता रामसेवक तथा माता कुसमा देवी व पत्नी पत्नी सोनम और 7 वर्षीय बेटा ऋषभ, भाई राघवेंद्र नजारा देख बेहोशी की हालत में पहुंच गए। घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शी भी असहज दिखे।
पुलिस ने बमुश्किल परिवारीजनों को समझा बुझाकर शव का पंचायत नामा भरकर शव को पीएम के लिए जिला मुख्यालय माती भेज दिया। कोतवाल मुकेश कुमार सोलंकी ने बताया कि दुर्घटना करने वाली बस का पता चल गया है।
पत्रकारों ने जताया दु:ख
पत्रकार रजनेश की मार्ग दुर्घटना पर हुई मौत पर पत्रकार कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष सन्तोष गुप्ता की अध्यक्षता में हुई शोक सभा में पत्रकार साथियों ने दो मिनट का मौन रख ईश्वर से दुख की इस घड़ी में उनके स्वजनों को सहनशक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। सन्तोष गुप्ता ने प्रदेश सरकार से मृतक पत्रकार के परिजनों को पचास लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने के साथ पत्नी को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की है। भाजपा विधायक पूनम संखवार ने पत्रकार की मार्ग दुर्घटना में हुई मौत पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकार रजनेश एक निर्भीक व निडर पत्रकार थे उनके निधन का समाचार सुन बहुत कष्ट हुआ।
इस मौके पर प्रताप नारायण दीक्षित, मशरूफ नवाज, रवि गुप्ता, राहुल राजपूत, एसपी द्विवेदी, अमित पांडेय, आरिफ मोहम्मद, रजनीश बाजपेई, हरिकृष्ण कश्यप, विशाल सिंह, शैलेन्द्र कश्यप, अनुराग बाजपेई, लल्ला राठौर, अमित चौरसिया समेत दर्जनों की तादाद में पत्रकार मौजूद रहे।


