इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की लंबाई का मजाक उड़ाना एक महिला पत्रकार को भारी पड़ गया. सोशल मीडिया पोस्ट पर मजाक उड़ाने को लेकर पत्रकार को स्थानीय अदालत ने 5465 डॉलर (4.57 लाख) का जुर्माना लगाया है.
पत्रकार गिउलिया कॉर्टेस ने इटली की पीएम मेलोनी की लंबाई को लेकर कमेंट किया था. मामला अक्तूबर 2021 का है. पीएम पर कमेंट करने के बाद पत्रकार की मुश्किलें लगातार बढ़ती गईं. मेलोनी ने पत्रकार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी.
दरअसल कॉर्टेस ने पीएम मेलोनी की एक तस्वीर को लेकर आपत्ति जताई थी. कॉर्टेस ने अपने ट्वीट में लिखा था कि, “मैं आपसे डरती नहीं हूं. आप तो मुझे नजर भी नहीं आतीं, क्योंकि आपकी लंबाई महज 1.2 मीटर (4 फुट) ही है.” आपको बता दें कि मेलोनी की लंबाई वेबसाइटों ने अलग-अलग यानी 1.58 से लेकर 1.63 मीटर तक बताई है.
कॉर्टेस को अदालत ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का मजाक उड़ाने के लिए 5,000 यूरो (5,465 डॉलर) का हर्जाना देने का आदेश दिया है. यही नहीं 2021 में पत्रकार गिउलिया कॉर्टिस को अक्तूबर 2021 में ट्विटर पर मेलोनी की उंचाई को लेकर कटाक्ष के लिए बॉडी शेमिंग के नाम पर 1,200 यूरो का निलंबित जुर्माना लगाया गया था.
इस फैसले को लेकर गुरुवार को कॉर्टेस ने एक्स पर लिखा था कि, “इटली में स्वतंत्र पत्रकारों के लिए यह कठिन समय है. उन्होंने कहा कि, आशा करते हैं आगे अच्छे दिन आएंगे. हम हार नहीं मानेंगे.” हालांकि, पीएम मेलोनी के वकील ने कहा कि प्रधानमंत्री मिलने वाली जुर्माना राशि को दान करेंगी.
इटली में पत्रकारों के खिलाफ मुकदमों में इजाफा
रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स द्वारा इस वर्ष पत्रकारों पर दर्ज किए गए मुकदमों की संख्या में बढ़त का हवाला दिया गया. जिसके कारण 2024 के विश्व प्रेस स्वतंत्रता सूचकांक में इटली को पांच पायदान नीचे खिसकाकर 46वें स्थान पर ला दिया गया. वहीं मेलोनी पत्रकारों को अदालत में घसीटने से पीछे नहीं हटतीं. पिछले साल रोम की एक अदालत ने बेस्ट-सेलिंग लेखक रॉबर्टो सविआनो पर 1,000 यूरो और कानूनी खर्च का जुर्माना लगाया था, क्योंकि उन्होंने 2021 में टेलीविजन पर अवैध आव्रजन को लेकर उनका विरोध किया था.


