हमीरपुर | यूपी के हमीरपुर जिले में दो पत्रकारों को घर में बंधक बनाकर जमकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. मामले में पुलिस ने नगर पंचायत के चैयरमैन समेत आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है. घटना में घायल पत्रकारों का मेडिकल कराने के बाद पुलिस आरोपियों तलाश कर रही है.
जानकारी के मुताबिक जिले के सरीला कस्बे में पत्रकार अमित द्विवेदी अपने साथी पत्रकार शैलेंद्र मिश्रा के साथ नगर पंचायत सरीला के चेयरमैन के बुलाने पर उसके घर गए थे. वहां दोनों को बंधक बना लिया गया. आरोप है कि इन दोनों पत्रकारों के साथ जमकर मारपीट की गई. दोनों को गंभीर चोटें आई हैं.
घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की. घायल पत्रकारों का मेडिकल करवाकर पुलिस ने नगर पंचायत चेयरमैन सहित आठ लोगों पर एफआईआर दर्ज की है.
नवभारत टाइम्स की वेबसाइट में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, पत्रकारों ने बताया कि नगर पंचायत के चेयरमैन पवन कुमार अनुरागी ने फोन कर अपने मित्र के घर दोनों को बुलाया था. घर पहुंचने पर बंदूक के दम पर बंधक बनाकर मारपीट की. आरोप है कि मारपीट के दौरान पत्रकारों का वीडियो भी बनाया गया.
थाना प्रभारी जरिया, भरत कुमार ने बताया कि, “तहरीर मिलने पर नगर पंचायत सरीला के चेयरमैन पवन कुमार अनुरागी, अखिलेश राजपूत, विक्रम यादव, नरेंद्र विश्वकर्मा, आरके सोनी, आकाश अनुरागी समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया है. मामले की जांच कराई जा रही है.”
घटना के पीछे पत्रकारों ने बताई यह वजह
घायल पत्रकारों ने बताया कि, “नगर पंचायत के चेयरमैन के खिलाफ तमाम सभासद लामबंद है. सभासदों ने नगर पंचायत की धांधली को लेकर खबर प्रकाशित की थी, जिसके बाद नगर पंचायत के चैयरमैन ने अपने समर्थकों के साथ उनसे मारपीट की है.”
वहीं, दूसरी तरफ सरीला कस्बा के रहने वाले आकाश अनुरागी ने दोनों पत्रकारों के खिलाफ जरिया थाने में लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि दोनों पत्रकार असलहा लेकर घर में घुसे और तोड़फोड़ की. बाद में पड़ोस के लोगों ने नशे में धुत्त दोनों पत्रकारों को पकड़कर पुलिस को सूचना दी.


