Connect with us

Hi, what are you looking for?

Local News Community

सुख-दुख

जनसत्ता के जरिए प्रभाषजी ने हिंदी पत्रकारिता की रूढ़ि तोड़ी थी!

छाया की तरह साथ रहने वाले अपने सचिव महादेव देसाई की मृत्यु पर गाँधीजी ने उनकी पत्नी को आगा ख़ाँ पैलेस से चिट्ठी लिखी थी- “शोक की इजाज़त नहीं, मैं तुमसे ज्यादा विधवा हो गया हूं…”

मनोहर नायक-

वह प्राणवान भावावेश…

रात दो बजे मोबाइल की घंटी बजी तो एक बार तो बंद कर दी। पर वह फिर बजी। दूसरी तरफ रवीन्द्र त्रिपाठी थे। एक दुखद खबर, इससे शुरू कर खबर दी की प्रभाषजी का निधन हो गया। अरे! कहकर मोबाइल काट दिया। मेरा अरे सुनकर पत्नी रंजना ने पूछा क्या हुआ, तो बताया। फिर नींद कहाँ थी! आकर बाहर हॉल में बैठ गए और मैंने त्रिपाठीजी को फिर फ़ोन लगाया और पूछा, क्या क्रिकेट के भावावेश ने उनका समापन कर दिया। उत्तर मिला, हाँ।

यादों में भाई साहब छाते चले गए। उनके बारे में अंतिम खबर क्रिकेट से जुड़ी थी तो याद आई छब्बीस नवम्बर 1976 में उनसे पहली मुलाक़ात, पटना में जेपी के घर में। कोलकाता से जबलपुर लौटते हुए पटना पड़ा तो मैं उतर पड़ा और कदमकुआँ के उस प्रसिद्ध घर में पहुँच गया। नौ-दस का समय होगा। भीड़ थी। प्रभाषजी ने नाम पूछा और फिर जेपी से परिचय कराया। वे मेरे परिवार से परिचित थे। उसके बाद वे कुछ देर को गायब हो गए।

थोड़ी देर बाद बचे जेपी और मैं। उनसे क़ाफी बातें हुईं, खाना खाया। इस बीच मेरी नज़र उस हाल के बाएँ सिरे के कमरे में गई और मैंने देखा कि प्रभाषजी ट्राँजिस्टर सामने रखे कामेंट्री सुन रहे थे। वे उसी में रमे रहे। उनसे पहली मुलाक़ात और उनके बारे में अंतिम ख़बर विचित्र रूप से क्रिकेट से जुड़ी थी जिसके वे दीवानावार आशिक थे। सचिन उनके लिए बड़ी हद तक आलोचना से परे थे और खेल के मामले में वे अतिशय देशप्रेमी थे। इन दोनों की भूमिका उनके उस भावावेश में थी जो दरअसल उनकी शायद सबसे बड़ी पूँजी भी था।

कहीं पढ़ा था, शायद बच्चनजी की ‘मेरे विदेश प्रवास की डायरी’ में जहाँ वे गाँधी की मृत्यु के संबंध में कहते हैं कि कई बार मृत्यु बताती है कि जीवन कैसा जिया। जिस भावावेश ने प्रभाषजी के प्राण हर लिए वही उन्हें प्राणवान और जीवंत रखे रहता था। वे एक विकल भारतीय आत्मा थे। एक ज़िद्दी धुन उनके अंदर हमेशा बजती रहती थी। बीमारी हो या और भी कोई विकट समस्या उसका जुनून उन्हें बेचैन और सक्रिय रखता था।

प्रसंगवश ‘प्रभाष जोशी-60 ‘ नामक जो पुस्तक उनकी षष्ठपूर्ति पर आई उसमें ‘जी’ यानि उनकी माँ लीलाबाई जोशी का मालवी में लेख था। शुरू में ही वे कहती हैं, “जसो छुटपन में थी असो को असो है अब भी। जरा सी भी फरक नी आयो। बस! जिना काम की धुन लगी, उसके पूरो करके छोड़ तो, भोत जिद्दी थे। म्हारे लगे है कि हना जिद्दीपन कई कारण आज इत्तो बड़ो आदमी बन्यो है।” भावना और उससे विभोर होकर ही वे जिये। अखबार का काम हो, लिखना, बोलना, सुनना, देखना उनका सब बहुत उत्कंठित होता था।

‘जनसत्ता’ जब थोड़ा शिथिल हुआ तो एक मीटिंग ली और बोले, भाई अब वो मज़ा नहीं आ रहा। दफ़्तर आना-जाना जिस हुमकते हुए होता था अब ऐसा नहीं हो रहा।… ग़रज़ यह कि वे सब में वही उछाल और वही लय चाहते थे।

तब ‘जनसत्ता’ काम करने की अद्भुत जगह हुआ करती थी। ग़ज़ब का दोस्ताना और खिलंदड़ापन। अनंत बहसें। और डेडलाइन आते-आते चुस्त मुस्तैदी। डेडलाइन गड़बड़ाने वाले व्यक्ति वैसे प्रभाषजी ही हुआ करते थे। जब-जब पहले पन्ने पर उनका लेख जाने वाला होता अख़बार आमूमन देर से छूटता। लेकिन जो खुलापन और अनौपचारिक माहौल वहाँ था वह उन्हीं की देन था। आप डेढ़-दो महीने छुट्टी मनाकर आइए। जहाँ जाइये ‘जनसत्ता’ के यश के चैन से मज़े लूटिये और आकर मेज़ की गर्द झाड़कर काम में लग जाइए। कोई लॉबिंग, उठा-पटक, जोड़-तोड़ नहीं।

शुरू में उन्होंने कई महीने सबके साथ बैठकर ख़ूब मेहनत की कि कैसा अख़बार निकालना है, फिर जब निकला तो कहीं कोई हस्तक्षेप नहीं। मैगज़ीन की मंगलेशजी जाने, न्यूजरूम की न्यूज एडीटर और चीफ़सब। लेकिन अपने लिखने-पढ़ने-करने से उनकी उपस्थिति हमेशा बनी रहती थी। शाम या कभी देर रात डेस्क पर एक राउंड। सबसे चुहल। हँसी-मजाक। वहाँ भी उनका मुख्य डेस्टीनेशन खेल डेस्क होती जहाँ कुछ ज़्यादा रुकते। काली स्याही से लिखी उनकी कापी बेहद साफ़-सुथरी होती, बिना काटकूट की, जिसके अंत में हमेशा शीर्षक रहता था।

वे एक बैठक और एक उत्तेजना में लिखते थे। वे आगे होकर नेतृत्व करने वाले सम्पादक थे। टोंकटाकी वाले नहीं। ख़ुद करके सिखाने वाले। बजट के दिन अचानक आएँगे और कहेंगे, क्यों पंडित ‘गरीबों को झुनझुना, अमीरों को पालना’ हैडिंग कैसी रहेगी!

उनके सिखाने का तरीक़ा यही था। वैसे ‘जनसत्ता’ एक ऐसा अखबार भी रहा है जिसमें जितनी तरह की ग़लतियाँ हो सकतीं थीं, वे होती रहती थीं कुछेक तो शायद उसी मैं हुईं। कम ही नहीं बार उनका धीरज टूटा। काम करते हुए ख़ुद सीखो वाली बात ही क़ायम रखी।

एक बार लोग कम थे या कुछ काम ज़्यादा था तो मैंने कहा कि भाई साहब कैसे होगा! उन्होंने कहा, “नायक साब, क्राइसिस में ही मेटल का पता चलता है।” ‘जनसत्ता’ के लोगों के मन में ये सब बातें शायद घर कर चुकीं थीं तभी संकटों में ‘जनसत्ता’ हमेशा ज़्यादा निखरकर आता। एक बार मैं एडिट पेज देख रहा था। प्रभाषजी का मुख्य लेख था। उसमें दसेक लाइन ज़्यादा थीं। उनका अता-पता नहीं। मोबाइल का ज़माना आने में अभी काफ़ी वक़्त था। वे घर में भी नहीं थे। अंतत: मैंने दस लाइनें काट दीं।

दूसरे दिन दफ़्तर में घुसते ही टकरा गए। दूर से ही हाथ के इशारे से कहा-काट दीं। मैंने कहा और क्या करता। बोले ठीक जगह से काटीं। यही चलन था, बेवजह का रौब नहीं…दफ़्तर को उन्होंने अत्यंत लोकतांत्रिक रखा। इसका कुछ ग़लत असर भी पड़ा। सब बड़े वहाँ भाई साहब थे इसलिए एक अजब भाईसाहबवाद आ गया था। ग़लती हुई तो, अरे भाई साहब! उन्होंने खूब स्वायत्तता दी जो कहीं-कहीं स्वेच्छाचार में बदल गई।

‘जनसत्ता’ के जरिए उन्होंने हिंदी पत्रकारिता की रूढ़ि तोड़ी। उसे औपचारिक और सरकारी विज्ञप्ति की भाषा के खाँचे से निकाला और कलेवर बदला, उसमें गहरे सरोकार जोड़े। उस सबका बखान बहुत और सही होता है, लेकिन जिन लोगों को ‘प्रजानीति’ की याद है वे जानते होंगे कि वहाँ भी अलग पत्रकारिता थी और मुहावरा सबसे अलग था। ‘ख़बर-दार’, ‘बेख़बर’ जैसे अद्भुत कॉलम और सधी रिपोर्टें। उम्दा टीम। प्रभाषजी ही उसके कर्ताधर्ता थे, वैसे सम्पादक प्रफुल्लचंद्र ओझा ‘मुक्त’ थे. ‘जनसत्ता’ में भी उन्होंने बिलकुल यही किया।

‘प्रजानीति’ जनसत्ता का प्रस्थान बिंदु था। इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप अब भाजपा और तब जनसंघ के प्रभाव में रहा है। जेपी के आंदोलन में जनसंघ का वर्चस्व था। तब ‘प्रजानीति’ में खुद प्रभाषजी की एक दो रिपोर्टे लम्बे समय तक खटकती रहीं। लेकिन प्रभाषजी इस मायने में विलक्षण थे कि उन्हें समझ में आ जाए कि मामला अब ठीक नहीं तो उसके विरोध में खड़े होने में देर नहीं लगाते थे। बाबरी ध्वंस के बाद उन्होंने संघ परिवार की जैसी ख़बर ली और जैसी लेते रहे वैसा तो पहले कभी किसी ने किया ही नहीं था।

प्रभाषजी जिस तरह अख़बार के कामकाज से धीरे-धीरे दूर होते गए उससे कोफ़्त होती थी। उसका असर ‘जनसत्ता’ पर भी पड़ा ही। पर दूसरी दृष्टि से देखें तो उन्होंने अख़बार को जमाया और दूसरे ऐसे कार्यो में लगे जो बेहद ज़रूरी थे। हर तरह के सामाजिक सवाल उन्हें मथते थे। इसलिए ऐसे हर मंच पर वे खड़े दिखते। घूमते-फिरते अपने सरोकारों की अलख जगाते।

प्रभाषजी आज़ादी के बाद युवा हुए और सक्रिय हुए पर जैसे उनकी जड़ें आज़ादी के पूर्व के समय में थी। वही सरोकार, वही निष्ठा। उनके लिये पत्रकारिता और आंदोलन में कोई फ़र्क़ नहीं था। इस सबके बीच संगीत, क्रिकेट और आत्मीयों के लिए भी उनके पास पर्याप्त समय रहता। गुणाकर मुले की शोकसभा में वे देर से पहुँचे। हिंदी भवन में उस दिन उनकी मृत्यु से एक हफ़्ते पहले आख़िरी मुलाक़ात थी। पीछे पड़े कि एक गाना सुनाना है। मंगलेशजी, जोसफ़ गाथिया और मैं और वे उनकी वहीं बाहर खड़ी गाड़ी में बैठे और पंद्रह मिनट तक संगीत सुनते रहे।

उनकी पत्रकारिता और विचारों पर कई जगह एतराज़ हो सकता है… कई चीज़ें ऐसी थीं भी, मार्मिकता पर बेहद ज़ोर था…. कई खटके तो रामनाथजी और एक्सप्रेस से बेखटके चले आये थे। ‘जनसत्ता’ ने विरोध भी झेला पर उन्हें विरोध की कोई परवाह भी नहीं थी। जो सही लगता उसे बेलाग, दो-टूक कहते। उन्होंने बेहद सक्रिय और सार्थक समय जिया। सचिन मैच जिता नहीं पाए तो यह भी क्रिकेट की भव्य अनिश्चितता का ही कमाल है। और जीवन तो सब खेलों से बड़ा खेल है उसकी अनिश्चितताएँ भी भव्यतर हैं।

प्रभाषजी का एकाएक जाना भी इसी में शुमार है। ऐसे संजीदा, सजग, संवेदनशील, अतिसक्रिय और आत्मीय व्यक्ति के जाने पर मन दुख से कातर होता ही है पर उनके काम, उनके संगसाथ की यादें सम्पन्न करती हैं… उषा भाभी, संदीप, सोनल और सोपान ने जो अमूल्य खो दिया वैसा ही बहुमूल्य हिंदी समाज, पत्रकारिता, जनांदोलनों और उनके असंख्य प्रशंसकों ने भी खोया है।

छाया की तरह साथ रहने वाले अपने सचिव महादेव देसाई की मृत्यु पर गाँधीजी ने उनकी पत्नी को आगा ख़ाँ पैलेस से चिट्ठी लिखी थी- “शोक की इजाज़त नहीं। मैं तुमसे ज्यादा विधवा हो गया हूं।”

CosmoQuick: AI Recruitment For Media Jobs
Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

भड़ास लीगल टीम : Bhadas Legal Team

भड़ास मेल: [email protected]

Latest 100 भड़ास

विज्ञापन