पार्थ अस्पताल जौनपुर में पत्रकार खुर्शीद के दोनों पैर का हुआ सफ़ल ऑपरेशन
जौनपुर l सोमवार को शहर के पार्थ अस्पताल के प्रख्यात आर्थोपेडिक सर्जन डॉ सुभाष सिंह ने पत्रकार खुर्शीद अनवर खान के दोनों पैर का लगभग तीन घंटे में सफल ऑपरेशन किया l अब दोनों हाथ का ऑपरेशन 27 नवम्बर को होगाl
खुर्शीद ने भडास4 मीडिया से बातचीत में कहा कि घटना के आरोपी ने जिले की पुलिस को मैनेज कर लिया है। इसीलिए तीन माह पूर्व से दर्ज मुकदमे में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई तो 22 नवम्बर को मुझपर हुए जानलेवा हमले में किसी अपराधी के गिरफ्तारी की उम्मीद कैसे की जा सकती है!
विदित हो कि 22 नवम्बर 2024 की शाम करीब पांच बजे खेतासराय थाना क्षेत्र के पारा कमाल गांव निवासी पत्रकार खुर्शीद अनवर खान पर उन्हीं के गांव के निकट रेलवे क्रासिंग के पास आधा दर्जन असलहाधारी बदमाशों ने हमला करके मरा समझकर नाले में फेंक दिया थाl
जिला अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद हायर सेंटर को रेफर कर दिया तो परिजनों ने शहर के पालीटेक्निक चौराहा स्थित पार्थ अस्पताल में भर्ती करायाl यहां उनके बेहतर ईलाज में सहयोग के लिए पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने अपने सहयोगी नवीन सिंह को लगा दिया हैl
खुर्शीद के सहयोग में जिले के पत्रकार, समाजसेवी व गणमान्य भी लगे हैंl उनके पैर का आज सफ़ल ऑपरेशन होने के बाद लोगों में खुशी और परिजनों को राहत मिली हैl डॉ सुभाष सिंह के मुताबिक इनके दोनों हाथ का ऑपरेशन 27 नवम्बर को होगाl
ऑपरेशन के बाद शाम को भडास 4 मीडिया संवाददाता से बातचीत में पत्रकार खुर्शीद अनवर खान ने जिले के पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया कि पहले हमले के बाद करीब दो महीने से उनके पीछे एक दर्जन भाड़े के अपराधियों को लगाया गया हैl ऐसा इसलिए क्योंकि 85 लाख की बड़ी ठगी का खुलासा 26 नवम्बर को करने वाला था। मुझसे वह लोग भी मिले जो सरकारी नौकरी के लिए लाखों रुपये देकर फँस चुके हैंl
कुल सात लोगों से हरियाणा में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 85 लाख लिया गया है लेकिन वहां कांग्रेस की सरकार ही नहीं बनी तो पैसे देने वालों से संपर्क काट लिया गया। इसी खुलासे के डर से भाड़े के अपराधियों से हमला कराया और पुलिस प्रशासन पर लाखों खर्च करके उन्हें अपने पक्ष में मैनेज कर लिया।


