दैनिक भास्कर समूह ने वरिष्ठ पत्रकार पवन कुमार शर्मा को प्रमोशन देते हुए एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें अब अंबाला यूनिट का संपादकीय प्रभारी नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह दिल्ली में बतौर न्यूज़ एडिटर कार्यरत थे, जहां उन्होंने सुप्रीम कोर्ट, सीबीआई, एनआईए और गृह मंत्रालय जैसी संवेदनशील और महत्वपूर्ण बीट्स को प्रभावशाली ढंग से कवर किया।
हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले पवन कुमार शर्मा को पत्रकारिता में करीब 25 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 2000 में सोनीपत से प्रकाशित होने वाले ‘पंजाब केसरी’ से की थी। इसके बाद उन्होंने ‘हरिभूमि’ में कुछ समय काम किया और फिर ‘दैनिक जागरण’ का हिस्सा बने। जागरण में रहते हुए उन्होंने ‘रात का रिपोर्टर’ नाम से एक खास कॉलम शुरू किया, जो इतनी लोकप्रिय हुई कि इसे अखबार के कई संस्करणों ने अपनाया।
वर्ष 2005 में पवन शर्मा ने ‘अमर उजाला’ पंचकूला जॉइन किया, जहां उन्होंने क्राइम रिपोर्टिंग की और बाद में चंडीगढ़ में भी सेवाएं दीं। दो वर्षों बाद वह फिर से दैनिक जागरण से जुड़ गए, जहां उन्होंने लुधियाना, पटियाला और दिल्ली में कोर्ट और अन्य बीट्स कवर कीं। वर्ष 2009 में उन्हें जागरण के स्टेट ब्यूरो में जगह मिली, जहां उन्होंने लगभग पांच साल काम किया।
इसके बाद उन्होंने ‘इनाडु’ समूह की वेबसाइट लॉन्चिंग टीम के साथ दिल्ली में नई पारी शुरू की। वहां हिंदी संस्करण की जिम्मेदारी संभाली, लेकिन जब उनका ट्रांसफर तेलंगाना किया गया, तो उन्होंने इस्तीफा दे दिया। वर्ष 2016 में उन्होंने ‘दैनिक भास्कर’ के नेशनल ब्यूरो में बतौर सुप्रीम कोर्ट रिपोर्टर नई शुरुआत की और कई बड़ी स्टोरीज कीं, जो राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित रहीं।
लगभग दो साल पहले पवन शर्मा को स्पेशल करेस्पॉन्डेंट से प्रमोट कर न्यूज एडिटर बनाया गया था। अब उन्हें एक बार फिर प्रमोशन देते हुए अंबाला यूनिट का संपादकीय प्रमुख नियुक्त किया गया है। पवन कुमार शर्मा की यह नई भूमिका उनके बहुआयामी अनुभव और मेहनत का प्रमाण है।
अंबाला जाने की जानकारी साझा करते हुए पवन शर्मा ने लिखा है-
“अलविदा दिल्ली और दिल्ली के सभी मित्रों और वरिष्ठजन। दिल्ली से अब दूर जा रहा हूं, पर आपके दिल से नहीं। आप सभी के प्रेम, स्नेह और सहयोग के लिए सदा आभारी रहूंगा। अब दिल्ली में मेरा 18 वर्ष का समय अब समाप्त हुआ।
दोस्तों, अब मेरा नया ठिकाना अम्बाला रहेगा। यहां पर मुझे दैनिक भास्कर समूह की ओर से पदोन्नति देकर बतौर संपादक नई जिम्मेदारी दी है। आप सभी से फोन व सोशल मीडिया माध्यम से हमेशा जुड़ा रहूंगा।”


