नई दिल्ली। न्यू दिल्ली टेलीविजन लिमिटेड (NDTV) ने वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून 2025) में कंसॉलिडेटेड आधार पर 70.65 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा दर्ज किया है। यह नुकसान पिछले वर्ष की समान तिमाही में हुए 47.02 करोड़ रुपये के घाटे से लगभग 50% अधिक है।
कंपनी द्वारा जारी स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग के अनुसार, NDTV की ऑपरेशंस से कुल राजस्व जून 2025 तिमाही में 107.65 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 12.75% की वृद्धि है। पिछले साल इसी तिमाही में यह राजस्व 93.92 करोड़ रुपये था। हालांकि, तिमाही-दर-तिमाही आधार पर राजस्व 15.26% गिरा, जो मार्च 2025 तिमाही में 127.05 करोड़ रुपये था।
स्टैंडअलोन आधार पर 65.55 करोड़ का घाटा
NDTV ने स्टैंडअलोन आधार पर जून 2025 तिमाही में 65.55 करोड़ रुपये का घाटा दर्ज किया है, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही में 44.15 करोड़ रुपये के मुकाबले 48.4% अधिक है। कंपनी का ऑपरेशंस से राजस्व स्टैंडअलोन आधार पर 50.40 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 48.67 करोड़ रुपये से बढ़ा, लेकिन मार्च 2025 तिमाही में दर्ज 80.95 करोड़ रुपये की तुलना में यह गिरावट दर्शाता है।
मार्केटिंग और प्रमोशन खर्च में उछाल
मार्केटिंग, डिस्ट्रीब्यूशन और प्रमोशनल गतिविधियों पर खर्च में NDTV ने तगड़ी बढ़ोतरी की है। कंसॉलिडेटेड आधार पर, यह खर्च जून 2025 तिमाही में 57.25 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही के 42.18 करोड़ रुपये से 26.3% ज्यादा है। मार्च 2025 तिमाही की तुलना में भी इसमें 3.8% की वृद्धि दर्ज हुई। स्टैंडअलोन आधार पर, यह खर्च पिछले वर्ष की तुलना में 9 करोड़ बढ़कर 40.71 करोड़ रुपये हो गया।
NDTV की सब्सिडियरी कंपनियां और जॉइंट वेंचर्स
कंसॉलिडेटेड परिणामों में NDTV की सहायक कंपनियों जैसे NDTV Convergence Limited, NDTV Worldwide Limited, NDTV Networks Limited, NDTV Labs Limited और NDTV Media Limited के वित्तीय परिणाम शामिल हैं। साथ ही, OnArt Quest Limited, Lifestyle & Media Holdings Limited और Lifestyle & Media Broadcasting Limited जैसी जॉइंट वेंचर्स और Red-Pixels Ventures Limited को सहयोगी कंपनी के रूप में जोड़ा गया है।
टीवी टुडे नेटवर्क प्रॉफिट में रहा- पढ़ें…


