भीलवाड़ा। शहर का एक व्यापारी सट्टेबाजों और सूदखोरों के जाल में ऐसा फंसा कि उसने राज्यपाल से न सिर्फ इच्छा मृत्यु की मांग की बल्कि अपना धर्म परिवर्तन करने तक की धमकी दे डाली।
पीड़ित व्यापारी रजत राका ने प्रेस वार्ता कर सट्टेबाजों के इस पूरे गिरोह का खुलासा किया। प्रेस वार्ता के दौरान चौंकाने वाली बात यह थी कि उसने प्रेस वार्ता में ही मौजूद न्यूज़ 18 के रिपोर्टर राहुल कौशिक पर मामले में सेटलमेंट करने का दबाव बनाने और धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगाए, इसके बाद संवाददाता कौशिक बौखला गए और उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस के बीच ही पीड़ित रजत से बहस बाजी करना शुरू कर दिया, लेकिन रजत डरा नहीं और उसने हर व्यक्ति का नाम उजागर करने की बात कही।
न्यूज़ 18 जैसे राष्ट्रीय चैनल के संवाददाता पर पीड़ित रजत ने कई गंभीर आरोप लगाते हुए एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल किया, जो अब तेजी से चर्चा का विषय बन रहा है। यही नहीं इस मामले में न्यूज़ 18 के एडिटर अमित भट्ट को भी शिकायत की गई, लेकिन उन्होंने इस पर कोई गंभीरता नहीं दिखाई।
वहीं सट्टेबाजों और सूदखोरों से परेशान पीड़ित ने राज्यपाल से मुलाकात कर न्यूज़ 18 के रिपोर्टर राहुल कौशिक के साथ ही इस पूरे गैंग में शामिल हर एक व्यक्ति के खिलाफ नामजद शिकायत दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अब दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है।
सट्टेबाजों के साथ मीडिया संस्थान से जुड़े संवाददाताओं का यह गठजोड़ सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
दरअसल न्यूज़ 18 के रिपोर्टर कौशिक के खिलाफ चौथ वसूली और डराने धमकाने जैसी कई शिकायत पूर्व में भी सामने आ चुकी है, एमजी हॉस्पिटल में भी एक डॉक्टर को ऐसे ही धमकाए जाने का मामला भीमगंज थाने तक पहुंचा तो वहीं गत दिनों कोतवाली और प्रताप नगर थाना क्षेत्र में सामने आए हनी ट्रैप के मामले में भी उक्त संवाददाता की भूमिका संदेह के घेरे में रही, जिसकी जांच जिला पुलिस अधीक्षक की एक टीम द्वारा की जा रही है जो भी अब सोशल मीडिया पर आम हो रही है।


