मुंबई। मुंबई प्रेस क्लब ने वर्ष 2026 के लिए अपने चुनाव कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। क्लब के उपनियमों के अनुसार अध्यक्ष, चेयरपर्सन, वाइस चेयरपर्सन, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष और प्रबंध समिति के 10 सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया 1 जुलाई से शुरू होकर 17 जुलाई 2026 तक चलेगी।
जारी अधिसूचना के अनुसार नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 1 जुलाई से 8 जुलाई 2026 तक शाम 7 बजे तक चलेगी। नामांकन पत्रों की जांच 8 जुलाई को शाम 7 बजे क्लब परिसर में की जाएगी। उम्मीदवार 9 जुलाई को शाम 7 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। यदि आवश्यक हुआ तो मतदान 17 जुलाई को दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक कराया जाएगा।
चुनाव के संचालन के लिए वरिष्ठ पत्रकार कीर्ति पराड़े को रिटर्निंग ऑफिसर तथा रोहन टिल्लू को डिप्टी रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
चुनाव नियमों के अनुसार 10 मई 2026 तक जिन सदस्यों पर क्लब की सदस्यता शुल्क या अन्य देनदारियां बकाया होंगी, वे न तो चुनाव लड़ सकेंगे, न किसी उम्मीदवार का प्रस्तावक या समर्थक बन सकेंगे और न ही मतदान कर पाएंगे।
उम्मीदवार, प्रस्तावक और समर्थक तीनों का मतदान के लिए पात्र होना अनिवार्य होगा। साथ ही चुनाव लड़ने अथवा किसी उम्मीदवार का प्रस्तावक या समर्थक बनने के लिए कम से कम एक वर्ष की निरंतर सदस्यता आवश्यक होगी।
नामांकन पत्र प्रेस क्लब कार्यालय से प्राप्त किए जा सकेंगे। भरे हुए नामांकन पत्र सीलबंद लिफाफे में क्लब परिसर में निर्धारित बॉक्स में जमा करने होंगे। यदि उम्मीदवारों की संख्या उपलब्ध पदों से अधिक होती है तो मतदान गुप्त मतपत्र के जरिए सिंगल नॉन-ट्रांसफरेबल वोट (SNTV) प्रणाली से कराया जाएगा।
मतपत्रों पर उम्मीदवारों के नाम वर्णक्रमानुसार दर्ज होंगे और मतदाता अपने पसंदीदा उम्मीदवार के नाम के सामने ‘X’ का निशान लगाकर मतदान करेंगे। निर्धारित संख्या से अधिक उम्मीदवारों को वोट देने या अस्पष्ट तरीके से मतदान करने पर मतपत्र अमान्य माना जाएगा।
मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू होगी और परिणाम तैयार कर रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा घोषित किए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया से संबंधित किसी भी प्रश्न के लिए सदस्य ईमेल के माध्यम से क्लब प्रबंधन से संपर्क कर सकते हैं।
क्लब ने यह भी स्पष्ट किया है कि नामांकन पत्र और मतदाता सूची की प्रति 100 रुपये प्रति कॉपी के शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएगी।


