
नई दिल्ली। प्रसार भारती ने दूरदर्शन इंडिया (DD India) में वीडियो पोस्ट प्रोडक्शन असिस्टेंट/वीडियो एडिटर के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं। इन पदों पर नियुक्ति एक वर्ष के पूर्णकालिक अनुबंध (फुल-टाइम कॉन्ट्रैक्ट) के आधार पर की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार प्रसार भारती के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
28 जुलाई 2026 को जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक कुल 7 पद भरे जाएंगे। चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती दूरदर्शन भवन, नई दिल्ली स्थित DD इंडिया में होगी। चयनित उम्मीदवारों को अधिकतम 50 हजार रुपये प्रतिमाह तक का समेकित मानदेय दिया जाएगा, जिसे अनुभव और योग्यता के आधार पर तय किया जाएगा।
ये है योग्यता
आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से स्नातक होना आवश्यक है। इसके साथ ही फिल्म एवं वीडियो एडिटिंग में प्रोफेशनल डिप्लोमा और अंग्रेजी भाषा पर अच्छी पकड़ अनिवार्य रखी गई है। उम्मीदवार के पास संबंधित क्षेत्र में कम से कम तीन वर्ष का अनुभव होना चाहिए। आवेदन की अंतिम तिथि तक अभ्यर्थी की आयु 45 वर्ष से कम होनी चाहिए।
क्या होगी जिम्मेदारी?
चयनित उम्मीदवारों को टेलीविजन कार्यक्रमों की वीडियो एडिटिंग और पोस्ट प्रोडक्शन का कार्य करना होगा। इसके अलावा पर्यवेक्षक अधिकारी द्वारा सौंपे गए अन्य कार्य भी करने होंगे।
अनुबंध की प्रमुख शर्तें
प्रसार भारती ने स्पष्ट किया है कि यह नियुक्ति पूरी तरह संविदा आधारित होगी और इससे नियमित नियुक्ति या स्थायीकरण का कोई दावा नहीं बनता। अनुबंध की अवधि एक वर्ष होगी, जिसे प्रदर्शन और संगठन की आवश्यकता के आधार पर बढ़ाया जा सकता है।
किसी भी पक्ष की ओर से एक माह का नोटिस या एक माह का वेतन देकर अनुबंध समाप्त किया जा सकेगा। संविदा कर्मचारियों को पेंशन का लाभ नहीं मिलेगा। चयनित उम्मीदवारों को पूर्णकालिक आधार पर कार्य करना होगा और अनुबंध अवधि में कोई अन्य असाइनमेंट लेने की अनुमति नहीं होगी।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक उम्मीदवार प्रसार भारती के आवेदन पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन नोटिफिकेशन प्रकाशित होने की तारीख से 15 दिनों के भीतर जमा करना होगा। ऑफलाइन या किसी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। केवल शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को ही टेस्ट या इंटरव्यू के लिए ई-मेल के माध्यम से सूचना दी जाएगी।


